पहलगाम आतंकी हमले के बाद 7 मई 2025 से बंद पड़े करतारपुर साहिब कॉरिडोर को फिर से खोलने की मांग वाली याचिका पर दिल्ली हाई कोर्ट ने सुनवाई करने से इनकार कर दिया है. कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश नितिन वासुदेव सांबरे और जस्टिस संजय शर्मा की खंडपीठ ने इस मामले पर विचार करने से मना करते हुए स्पष्ट किया कि कॉरिडोर को निलंबित रखने का निर्णय देश के नागरिकों के हित में लिया गया है.
सुनवाई के दौरान केंद्र सरकार की ओर से पेश हुए वकील ने पीठ को जानकारी दी कि याचिकाकर्ता संगठन ने इस विषय पर 5 नवंबर को ही सरकार को अपना ज्ञापन सौंपा है. केंद्र ने अदालत के समक्ष अपना पक्ष रखते हुए कहा कि करतारपुर साहिब कॉरिडोर को खोलने का फैसला पूरी तरह से एक नीतिगत विषय है.
सरकार ने यह भी कहा कि वह श्रद्धालुओं और आम लोगों की धार्मिक भावनाओं को बखूबी समझती है, लेकिन चूंकि आवेदन हाल ही में दिया गया है, इसलिए याचिकाकर्ता को सरकार द्वारा उस पर विचार किए जाने तक कुछ समय इंतजार करना चाहिए. केंद्र की इस दलील के बाद अदालत ने याचिका पर आगे सुनवाई करने से इनकार कर दिया.
गौरतलब है कि ‘पारदर्शिता पब्लिक वेलफेयर फाउंडेशन’ ने संविधान के अनुच्छेद 226 के तहत दिल्ली हाई कोर्ट में यह याचिका दायर की थी. याचिका में मांग की गई थी कि अदालत केंद्र सरकार को करतारपुर कॉरिडोर की सेवाएं जल्द बहाल करने का निर्देश दे.
फाउंडेशन की दलील थी कि कॉरिडोर बंद रहने की वजह से सिख समुदाय के श्रद्धालुओं को पाकिस्तान के करतारपुर स्थित ऐतिहासिक गुरुद्वारा दरबार साहिब के दर्शन करने जाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है.
बता दें कि करतारपुर कॉरिडोर पंजाब के गुरदासपुर जिले स्थित डेरा बाबा नानक गुरुद्वारे को पाकिस्तान स्थित गुरुद्वारा दरबार साहिब से जोड़ता है. पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद सुरक्षा और रणनीतिक कारणों को देखते हुए भारत सरकार ने 7 मई 2025 से इस कॉरिडोर की सेवाओं को अस्थायी रूप से निलंबित करने का नीतिगत फैसला लिया था, जिस पर अब हाई कोर्ट ने भी हस्तक्षेप करने से इनकार कर दिया है.
यह भी पढ़ें: सुप्रीम कोर्ट के आदेश की अनदेखी! दीपथुन पर नहीं जला दीप, कलेक्टर और अधिकारियों पर अवमानना की तलवार
-भारत एक्सप्रेस
कोलकाता नगर निगम चुनाव और वार्ड परिसीमन विवाद पर सुप्रीम कोर्ट ने अहम प्रस्ताव रखते…
UP Election 2027 Analysis: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनावों से पहले न केवल…
Jaipur Tourism: राजस्थान का जयपुर शहर अपने ऐतिहासिक किलों, शाही महलों और खूबसूरत झीलों के…
Tamil Nadu paternity leave: तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय ने पुरुष सरकारी कर्मचारियों के लिए 15…
अमेरिका द्वारा भारतीय सामानों पर टैरिफ लगाने के प्रस्ताव के बीच चैंबर ऑफ ट्रेड एंड…
Garuda Purana: गरुड़ पुराण के प्रेत कल्प में मृत्यु के बाद आत्मा की स्थिति और…