खेल

FIFA World Cup: एक्स्ट्रा टाइम में अर्जेंटीना का कमाल, स्विट्जरलैंड को 3-1 से हराकर सेमीफाइनल में एंट्री; मेसी बने वर्ल्ड रिकॉर्ड होल्डर

Argentina vs Switzerland: फीफा वर्ल्ड कप 2026 (FIFA World Cup 2026) के क्वार्टर फाइनल में फुटबॉल प्रेमियों को रोमांच से भर देने वाला मुकाबला देखने को मिला. निर्धारित 90 मिनट तक मुकाबला 1-1 की बराबरी पर अटका रहा, लेकिन एक्स्ट्रा टाइम में अर्जेंटीना ने शानदार वापसी करते हुए स्विट्जरलैंड को 3-1 से हराकर सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली. इस जीत के साथ अर्जेंटीना छठी बार वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में पहुंचा है, जहां अब उसका सामना इंग्लैंड से होगा.

अर्जेंटीना ने बनाया दबाव

मैच की शुरुआत से ही अर्जेंटीना ने आक्रामक खेल दिखाया. 10वें मिनट में लियोनेल मेसी के बेहतरीन कॉर्नर पर एलेक्सिस मैक एलिस्टर ने शानदार हेडर लगाकर टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी। शुरुआती गोल के बाद अर्जेंटीना ने गेंद पर अच्छा नियंत्रण बनाए रखा और लगातार स्विस रक्षा पंक्ति पर दबाव बनाता रहा।

स्विट्जरलैंड ने दूसरे हाफ में की दमदार वापसी

पहले हाफ में पिछड़ने के बावजूद स्विट्जरलैंड ने हार नहीं मानी. दूसरे हाफ के 67वें मिनट में डैन एनडोये ने शानदार फिनिश करते हुए स्कोर 1-1 कर दिया. इस गोल के बाद मुकाबला पूरी तरह खुल गया और दोनों टीमों ने लगातार हमले किए. हालांकि कुछ ही मिनट बाद स्विट्जरलैंड को बड़ा झटका लगा, जब स्टार खिलाड़ी ब्रील एम्बोलो को VAR समीक्षा के बाद रेड कार्ड दिखाया गया. इसके बाद पूरी टीम को लगभग पूरे मैच का बाकी हिस्सा 10 खिलाड़ियों के साथ खेलना पड़ा.

एक्स्ट्रा टाइम में पलटा पूरा मैच

90 मिनट तक कोई भी टीम बढ़त नहीं बना सकी, इसलिए मुकाबला एक्स्ट्रा टाइम में पहुंचा. यहां से अर्जेंटीना ने अपने अनुभव का पूरा फायदा उठाया. 112वें मिनट में सब्स्टीट्यूट जूलियन अल्वारेज ने जोश लोपेज के सटीक पास को गोल में बदलकर अर्जेंटीना को 2-1 की बढ़त दिला दी. इस गोल ने मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया.

स्विट्जरलैंड बराबरी की कोशिश करता रहा, लेकिन इंजरी टाइम (120+1 मिनट) में लौटारो मार्टिनेज ने तीसरा गोल दागकर मुकाबले पर पूरी तरह मुहर लगा दी. इसके साथ ही अर्जेंटीना ने 3-1 से यादगार जीत दर्ज करते हुए अंतिम चार में अपनी जगह सुनिश्चित कर ली.

जीत के बाद मेसी का भावुक जश्न

अंतिम सीटी बजते ही अर्जेंटीना के खिलाड़ी खुशी से झूम उठे. कप्तान लियोनेल मेसी ने साथियों के साथ जोरदार जश्न मनाया. पूरे स्टेडियम में अर्जेंटीना के समर्थकों का उत्साह देखने लायक था. खिलाड़ी और प्रशंसक दोनों इस यादगार जीत का भरपूर आनंद लेते नजर आए.

मेसी ने बनाया ऐतिहासिक रिकॉर्ड

भले ही इस मुकाबले में मेसी गोल नहीं कर सके, लेकिन उन्होंने मैक एलिस्टर के गोल में अहम असिस्ट देकर इतिहास रच दिया. अब मेसी फीफा वर्ल्ड कप के इतिहास में 10 असिस्ट देने वाले पहले खिलाड़ी बन गए हैं. यह उपलब्धि उनके शानदार करियर में एक और सुनहरा अध्याय जोड़ती है.


ये भी पढ़ें: FIFA World Cup 2026: स्पेन ने बेल्जियम को हराकर 16 साल बाद सेमीफाइनल में बनाई जगह, अब फ्रांस से होगी टक्कर


गोल्डन बूट की दौड़ हुई और रोमांचक

इस मैच के बाद मेसी के नाम टूर्नामेंट में 8 गोल और 2 असिस्ट हो चुके हैं. वहीं फ्रांस के किलियन एमबाप्पे भी 8 गोल कर चुके हैं, लेकिन उनके खाते में 3 असिस्ट हैं. ऐसे में गोल्डन बूट की रेस अब बेहद दिलचस्प हो गई है और सेमीफाइनल मुकाबले इस प्रतिस्पर्धा का फैसला करने में अहम भूमिका निभाएंगे.

अब सभी की नजरें 16 जुलाई को होने वाले अर्जेंटीना और इंग्लैंड के सेमीफाइनल पर होंगी. दोनों टीमों के बीच मुकाबला सिर्फ फाइनल का टिकट ही नहीं, बल्कि इस वर्ल्ड कप के सबसे बड़े आकर्षणों में से एक माना जा रहा है.

-भारत एक्सप्रेस

Sahil Singh

पढ़ने-लिखने से शुरू हुआ सफर खबरों तक ले गया. पत्रकारिता को करियर बनाने का एक मात्र उद्देश्य—पढ़ना, साथ ही नई-नई चीज़ों को जानने की जिज्ञासा रखना था. आज से पहले ‘आज तक’ चैनल, उसके बाद दायित्व वेबसाइट, और अब भारत एक्सप्रेस में बतौर सब-एडिटर की भूमिका निभा रहा हूं.

Recent Posts

बेंगलुरु मेट्रो पिंक लाइन का PM मोदी ने किया उद्घाटन: QR टिकट किया सफर, भव्य स्वागत पर मैसूर को कहा- धन्यवाद

PM मोदी ने ₹3,470 करोड़ की बेंगलुरु मेट्रो पिंक लाइन और मैसूर के कॉस्मोस तारामंडल…

11 minutes ago

विधानसभा चुनाव 2027 से पहले वोटर लिस्ट में सुधार का बड़ा मौका, जानें नाम जुड़वाने की आखिरी तारीख

उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच 17 नवंबर को ड्राफ्ट मतदाता…

55 minutes ago

लंदन की लाइब्रेरी में कैद है 225 साल पुराना बिहार, इस दुर्लभ पेंटिंग में नजर आती है छठ जैसी लोक परंपरा

लंदन की ब्रिटिश लाइब्रेरी में सुरक्षित करीब 225 साल पुरानी पटना कलम शैली की एक…

2 hours ago

अयोध्या से सीधे जुड़ेगा माता सीता का मायका जनकपुर धाम, मोदी सरकार ने दी नई साप्ताहिक ट्रेन को मंजूरी

मोदी सरकार ने नेपाल के जनकपुर धाम और अयोध्या कैंट के बीच 604 किलोमीटर लंबी…

2 hours ago

495 रुपये महंगा हो सकता था रसोई गैस, दुनिया में सबसे सस्ता ईंधन दे रही मोदी सरकार: पेट्रोलियम मंत्री हरदीप पुरी

केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा है कि वैश्विक ऊर्जा संकट के बावजूद…

3 hours ago