खेल

Champions Trophy: पाकिस्तान बनाम बांग्लादेश मैच बारिश की भेंट चढ़ा, दोनों टीमें बिना जीत के टूर्नामेंट से बाहर

Pakistan vs Bangladesh Match Abandoned: चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में पाकिस्तान और बांग्लादेश के बीच मुकाबला बारिश के कारण रद्द कर दिया गया. गुरुवार को रावलपिंडी क्रिकेट स्टेडियम में खेले जाने वाले इस मैच में टॉस तक नहीं हो सका. लगातार बारिश के कारण एक भी गेंद फेंके बिना ही मुकाबले को रद्द करना पड़ा. यह लगातार दूसरा मैच है जो रावलपिंडी में बारिश की वजह से बिना किसी गेंदबाजी के समाप्त हुआ.

अंक तालिका में आखिरी पायदान पर पाकिस्तान

इस मुकाबले का अंक तालिका पर कोई असर नहीं पड़ा, लेकिन दोनों टीमें जीत के साथ अपने अभियान का समापन करना चाहती थीं. हालांकि, खराब मौसम ने उनकी उम्मीदों पर पानी फेर दिया. मैच रद्द होने के बाद पाकिस्तान और बांग्लादेश को एक-एक अंक मिला, लेकिन दोनों ही टीमें टूर्नामेंट में एक भी मैच जीतने में नाकाम रहीं.

इस नतीजे के साथ बांग्लादेश अंक तालिका में तीसरे स्थान पर रहा, जबकि मेजबान पाकिस्तान खराब नेट रन रेट के कारण आखिरी पायदान पर रहा. वहीं, ग्रुप ए से भारत और न्यूजीलैंड ने सेमीफाइनल में जगह बना ली है. रविवार को दोनों टीमें आमने-सामने होंगी और इस मुकाबले से तय होगा कि ग्रुप में शीर्ष पर कौन रहेगा.

दोनों टीमों का टूर्नामेंट में प्रदर्शन

मेजबान पाकिस्तान के लिए चैंपियंस ट्रॉफी 2025 बेहद खराब रहा है. पहले मुकाबले में कराची में न्यूजीलैंड से 60 रनों से हार मिली. इसके बाद दुबई में भारत के खिलाफ छह विकेट से हार ने उन्हें सेमीफाइनल की दौड़ से लगभग बाहर कर दिया.

बांग्लादेश ने भी अपने पहले मैच में भारत के खिलाफ हार का सामना किया. हालांकि, उन्होंने 6 विकेट से लक्ष्य हासिल कर लिया था, लेकिन न्यूजीलैंड ने उन्हें 5 विकेट से हराकर भारत और न्यूजीलैंड का अंतिम चार में स्थान पक्का कर दिया.

रावलपिंडी में होने वाला मैच दोनों टीमों के लिए सिर्फ औपचारिकता रह गया था, क्योंकि सेमीफाइनल की उम्मीदें पहले ही खत्म हो चुकी थीं.

-भारत एक्सप्रेस

Prashant Rai

Recent Posts

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे सहित कई नेताओं ने दीं धनतेरस की शुभकामनाएं

धनतेरस के पावन अवसर पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे समेत कई नेताओं की ओर से…

42 minutes ago