India vs Ireland: टी20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद भारतीय टीम से हर मुकाबले में शानदार प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही थी. लेकिन बेलफास्ट में खेले गए पहले टी20 मैच में ऐसा नतीजा देखने को मिला, जिसकी शायद ही किसी भारतीय क्रिकेट प्रेमी ने कल्पना की होगी. भारतीय टीम के मुकाबले कमजोर मानी जाने वाली आयरलैंड ने भारत को हराकर इतिहास रच दिया.
भारत और आयरलैंड के बीच खेले गए मुकाबलों की बात करें तो शुक्रवार (26 जून) को खेले गए मैच में आयरलैंड ने लगभग 17 साल बाद भारत के खिलाफ अपनी पहली जीत दर्ज की. यह पहली बार है जब आयरलैंड ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भारत को हराया है. इस मुकाबले में आयरलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 182 रन का मुश्किल स्कोर खड़ा किया. जवाब में भारतीय टीम 148 रन पर ही सिमट गई और 34 रन से मुकाबला गंवा बैठी. इस हार के साथ भारत के हाथ से दो मैचों की टी20 सीरीज जीतने का मौका भी निकल गया. अब अगर टीम इंडिया दूसरा मैच जीत भी लेती है तो सीरीज 1-1 की बराबरी पर खत्म होगी.
भारत की हार का सबसे बड़ा कारण बेलफास्ट की पिच रही. पहली पारी में बल्लेबाजी के लिए अच्छी दिख रही विकेट दूसरी पारी में पूरी तरह बदल गई. गेंद पिच पर पड़ने के बाद रुककर आने लगी और बल्ले तक आसानी से नहीं पहुंच रही थी. ऐसे में भारतीय बल्लेबाज खुलकर शॉट नहीं खेल सके और लगातार दबाव में आते गए.
भारतीय बल्लेबाजी भी इस मैच में पूरी तरह बिखरी हुई नजर आई. अभिषेक शर्मा ने जरूर सकारात्मक अंदाज में रन बनाने की कोशिश की लेकिन बाकी बल्लेबाज लय हासिल नहीं कर सके. संजू सैमसन, ईशान किशन और श्रेयस अय्यर बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे. वहीं तिलक वर्मा भी गैर-जिम्मेदाराना शॉट खेलकर अपना विकेट गंवा बैठे. लगातार विकेट गिरने से टीम कभी लक्ष्य की ओर मजबूती से बढ़ ही नहीं सकी.
आयरलैंड के गेंदबाजों ने परिस्थितियों का बेहतरीन फायदा उठाया. डेब्यू मैच खेल रहे मैथ्यू हॉलार्ड और जय मूंदड़ा ने शानदार गेंदबाजी करते हुए भारतीय बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी. दोनों गेंदबाजों ने दो-दो विकेट हासिल किए. इसके अलावा बाएं हाथ के स्पिनर हमफ्रीस ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए 38 रन देकर तीन महत्वपूर्ण विकेट अपने नाम किए. उनकी सटीक लाइन और लेंथ ने भारतीय बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका ही नहीं दिया.
ये भी पढ़ें- ‘हमसे यहां चूक हुई…’ आयरलैंड के खिलाफ हार के बाद श्रेयस अय्यर ने खोली टीम की पोल, इस खिलाड़ी पर फोड़ा ठीकरा!
सिर्फ बल्लेबाजी ही नहीं, भारत की गेंदबाजी भी उम्मीद के मुताबिक नहीं रही. प्रसिद्ध कृष्णा सबसे महंगे साबित हुए और उन्होंने अपने चार ओवर में 57 रन खर्च कर दिए. उनकी ढीली गेंदों का आयरलैंड के बल्लेबाजों ने पूरा फायदा उठाया. वहीं वॉशिंगटन सुंदर ने भी एक ओवर में 19 रन लुटाए, जिससे आयरलैंड को बड़ा स्कोर बनाने में काफी मदद मिली.
मैच के दौरान भारतीय टीम की फील्डिंग भी सवालों के घेरे में रही. खिलाड़ियों ने कुल तीन कैच छोड़े, जिसका खामियाजा टीम को भुगतना पड़ा. सबसे अहम मौका तब आया जब अभिषेक शर्मा ने गैरेथ डेलानी का आसान कैच छोड़ दिया. उस समय डेलानी सिर्फ एक रन पर थे, लेकिन जीवनदान मिलने के बाद उन्होंने 32 गेंदों में 49 रन की उपयोगी पारी खेली और आयरलैंड के स्कोर को मजबूत आधार दिया.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
सीजेआई सूर्यकांत पर टिप्पणी मामले में सुप्रीम कोर्ट ने पत्रकार निखिल वागले को वर्चुअल और…
Darjeeling Toy Train: दार्जिलिंग की खूबसूरत वादियों में चलने वाली छोटी सी टॉय ट्रेन ने…
सुप्रीम कोर्ट ने मनी लॉन्ड्रिंग मामले में ईडी की कार्यवाही जारी रखने और संपत्ति अटैच…
Jio Listing: स्टॉक मार्केट में जियो प्लेटफॉर्म्स की धमाकेदार एंट्री ने देश के सबसे मूल्यवान…
KN Nehru Supreme Court Plea: कैश फॉर जॉब मामले में आरोपी और तमिलनाडु के पूर्व…
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय प्रवक्ता आरपी सिंह ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह…