सीएम नायब सिंह सैनी ने सपरिवार किया संगम स्नान.
महाकुंभनगर: सनातन संस्कृति के महापर्व महाकुंभ-2025 के अंतर्गत हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गुरुवार को सपरिवार आस्था, भक्ति व अध्यात्म के संगम में पुण्य स्नान किया. त्रिवेणी संगम में डुबकी लगाकर उन्होंने प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और कल्याण की प्रार्थना की. योगी सरकार द्वारा महाकुंभ को दिव्य व भव्य बनाने के प्रयासों को लेकर पूरी तरह संतुष्ट दिखे सैनी ने इस महाआयोजन का विरोध करने वालों तथा इसके खिलाफ नकारात्मकता फैलाने वालों को आड़े हाथ लेते हुए उन्हें नसीहत भी दे डाली.
साथ ही, यह भी कहा कि प्रायोजित एजेंडे के तहत इस प्रकार के कृत्यों को बर्दाश्त नहीं किया जाना चाहिए. सैनी के सपरिवार महाकुंभनगर आगमन पर उत्तर प्रदेश सरकार के औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी ने कुंभ कलश भेंट कर भव्य स्वागत किया तथा उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से उनका अभिनंदन किया.
इसके साथ ही, भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद ने भी अपने अनुभव साझा करते हुए योगी सरकार की तहेदिल से तारीफ की और दुनिया के बड़े विश्वविद्यालयों को महाकुंभ के दौरान 40-50 करोड़ की भीड़ प्रबंधन को समझने के लिए केस स्टडी करने का सुझाव भी दिया.
मुख्यमंत्री सैनी ने अपना अनुभव साझा करते हुए कहा कि महाकुंभ केवल आस्था का संगम नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति की जीवंत धरोहर है. यह आयोजन भारत की आध्यात्मिक शक्ति और सांस्कृतिक विरासत का भव्य प्रतीक है, जिसे आज पूरा विश्व देख रहा है और गौरव की अनुभूति कर रहा है. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में इस विराट आयोजन की भव्यता की सराहना करते हुए कहा कि महाकुंभ 2025 सनातन धर्म की दिव्यता और गौरवशाली परंपराओं का प्रतीक बनेगा.
नायब सिंह सैनी ने कहा कि यह सनातन का वह केन्द्र है जहां पीढ़ियों से लोग मां गंगा की त्रिवेणी में आकर डुबकी लगाते हैं और अपने जन्म को धन्य करते हैं. न केवल देश बल्कि सकल विश्व से लोग इस महासमागम का हिस्सा बनने आ रहे हैं. ऐसे में, जब भी कोई अच्छा काम होता है तो कुछ लोगों का ध्येय उसमें विघ्न डालने का बन जाता है. कुछ लोग प्रायोजित एजेंडे के तहत या जानबूझकर नकारात्मकता के प्रसार को ही अपना लक्ष्य बनाकर इस पवित्र समागम में आ रहे हैं जो कि गलत है और किसी प्रकार से स्वीकार्य नहीं है. यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि सकारात्मक पक्षों को देखने के बजाए नकारात्मक पहलुओं के पीछे ऊर्जा बर्बाद करना कुछ लोगों का ध्येय बन गया है. सैनी ने ऐसे तत्वों को नसीहत देते हुए कहा कि बेहतर होगा कि अगर उन्हें कोई नकारात्मकता दिख रही है तो उसे दूर करने में शासन-प्रशासन का सहयोग करें.
भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद ने प्रयागराज में महाकुंभ मेले को लेकर अपने अनुभव साझा किए. उन्होंने कहा कि यहां की व्यवस्थाओं को देखने के बाद मैं योगी आदित्यनाथ को तहेदिल से बधाई देना चाहता हूं. मुझे लगता है कि अब तक 40 करोड़ लोग यहां आ चुके हैं. आज मैंने कम से कम 1 करोड़ लोगों को पवित्र स्नान करते देखा. यह दुनिया भर के बड़े विश्वविद्यालयों के लिए एक बड़ी केस स्टडी है कि कैसे दो महीने तक 40-50 करोड़ लोगों के ठहरने की व्यवस्था यहां की जाती है.
-भारत एक्सप्रेस
PM Modi Diwali Celebration: पीएम मोदी ने कहा कि आज पूरा देश और दुनिया के…
Anti Hindu Racism In USA: अमेरिका के सिएटल में दिवाली मना रहे हिंदुओं के कार्यक्रम…
Anant Singh News: अनंत सिंह की बेटी की शादी में पीएम मोदी और नीतीश-लालू को…
Indresh Kumar slams Sonia Gandhi book: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के कार्यकारिणी सदस्य इंद्रेश कुमार…
Diwali Safety Tips: दिवाली के दौरान पटाखों से होने वाले हादसों से निपटने के लिए…
मध्य प्रदेश के रतलाम स्थित महालक्ष्मी मंदिर में दिवाली पर भक्त कैश और गहने चढ़ाते…