उत्तर प्रदेश के कन्नौज में हुई 60 वर्षीय बुजुर्ग प्रवेश दुबे की सनसनीखेज हत्या की गुत्थी को पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर सुलझाने का दावा किया है. इस हत्याकांड के पीछे जो वजह सामने आई है, उसने पूरे इलाके को हैरान कर दिया है.
पुलिस के अनुसार, इस कत्ल की पटकथा किसी पुरानी दुश्मनी से नहीं, बल्कि 60 साल की ढलती उम्र में उपजे त्रिकोणीय प्रेम और अंधाधुंध शक की वजह से लिखी गई थी.
यह घटना कन्नौज के तिर्वा कोतवाली क्षेत्र स्थित बहरीन गांव की है. जानकारी के अनुसार प्रवेश दुबे रोजाना की तरह गांव में स्थित अपने पशुओं के बाड़े में सो रहे थे. रात के सन्नाटे में घात लगाकर आए हमलावर ने उनके गले पर कुल्हाड़ी से एक के बाद एक कई ताबड़तोड़ वार कर दिए. हमला इतना अचानक और बेरहमी से किया गया कि प्रवेश दुबे को संभलने तक का मौका नहीं मिला और मौके पर ही उनकी दर्दनाक मौत हो गई.
सुबह जब लोगों ने खून से लथपथ शव देखा, तो गांव में हड़कंप मच गया. सूचना मिलते ही तिर्वा कोतवाली पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंची और जांच शुरू की.
अंधे कत्ल की इस गुत्थी को सुलझाने के लिए पुलिस ने फॉरेंसिक टीम के साथ डॉग स्क्वायड की मदद ली. यहां स्निफर डॉग ‘जैकी’ ने पुलिस के लिए टर्निंग पॉइंट का काम किया. घटनास्थल से गंध लेते हुए जैकी सीधा गांव के ही रहने वाले 60 वर्षीय बृजमोहन के घर जा पहुंचा.
डॉग स्क्वायड का इशारा मिलते ही पुलिस ने बृजमोहन को हिरासत में ले लिया. जब उससे कड़ाई से पूछताछ की गई, तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया. पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल की गई खून से सनी कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली है.
आरोपी बृजमोहन की पत्नी की मौत कई साल पहले हो चुकी थी. इसके बाद उसके गांव की ही एक महिला से कथित संबंध बन गए. सब कुछ ठीक चल रहा था, लेकिन कुछ समय पहले बृजमोहन को शक हुआ कि प्रवेश दुबे भी उस महिला के करीब आ रहे हैं. एक दिन आरोपी ने प्रवेश को उस महिला के साथ खेत में बातचीत करते देख लिया. बस, इसी बात ने बृजमोहन के मन में शक की ऐसी चिंगारी भड़काई कि उसने प्रवेश दुबे को रास्ते से हटाने का खौफनाक प्लान बना डाला.
कन्नौज के पुलिस अधीक्षक (SP) विनोद कुमार ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि आरोपी बृजमोहन को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसकी निशानदेही पर आला-ए-कत्ल (कुल्हाड़ी) बरामद कर ली गई है. पुलिस ने कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए आरोपी को जेल भेज दिया है.
यह भी पढ़ें: घर में घुसकर किया था चाकुओं से वार: शाहजहांपुर पुलिस ने मुठभेड़ के बाद दबोचा, अस्पताल में भर्ती
-भारत एक्सप्रेस
सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि वह अदालत की कार्यवाही की लाइव स्ट्रीमिंग और वीडियो…
बिहार के भोजपुर से निकलकर पत्रकारिता, कारोबार, समाजसेवा और राजनीति में अपनी अलग पहचान बनाने…
Digital Personal Data Protection Act: हाल ही में डिजिटल न्यूज़ पब्लिशर्स एसोसिएशन (DNPA) ने सुप्रीम…
उत्तराखंड के चमोली जिले में बद्रीनाथ धाम से लौट रहा एक हेलीकॉप्टर खराब मौसम के…
YouTuber Amrit Singh Darren: केरल में एक सोशल मीडिया वीडियो को लेकर बड़ा विवाद खड़ा…
गुजरात के बनासकांठा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण…