Bharat Express DD Free Dish

ढलती उम्र में प्यार फिर मर्डर! 24 घंटों में कन्नौज पुलिस ने सुलझाई कत्ल की गुत्थी

कन्नौज के तिर्वा में 60 वर्षीय प्रवेश दुबे की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या. प्रेम संबंध में शक के चलते गांव के ही 60 साल के बृजमोहन ने दिया वारदात को अंजाम, 24 घंटे में गिरफ्तार.

Kannauj Tirwa Elderly Man Murder Solved Within 24 Hours Bharat Express

उत्तर प्रदेश के कन्नौज में हुई 60 वर्षीय बुजुर्ग प्रवेश दुबे की सनसनीखेज हत्या की गुत्थी को पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर सुलझाने का दावा किया है. इस हत्याकांड के पीछे जो वजह सामने आई है, उसने पूरे इलाके को हैरान कर दिया है.

पुलिस के अनुसार, इस कत्ल की पटकथा किसी पुरानी दुश्मनी से नहीं, बल्कि 60 साल की ढलती उम्र में उपजे त्रिकोणीय प्रेम और अंधाधुंध शक की वजह से लिखी गई थी.

बाड़े में सो रहा था बुजूर्ग

यह घटना कन्नौज के तिर्वा कोतवाली क्षेत्र स्थित बहरीन गांव की है. जानकारी के अनुसार प्रवेश दुबे रोजाना की तरह गांव में स्थित अपने पशुओं के बाड़े में सो रहे थे. रात के सन्नाटे में घात लगाकर आए हमलावर ने उनके गले पर कुल्हाड़ी से एक के बाद एक कई ताबड़तोड़ वार कर दिए. हमला इतना अचानक और बेरहमी से किया गया कि प्रवेश दुबे को संभलने तक का मौका नहीं मिला और मौके पर ही उनकी दर्दनाक मौत हो गई.

सुबह जब लोगों ने खून से लथपथ शव देखा, तो गांव में हड़कंप मच गया. सूचना मिलते ही तिर्वा कोतवाली पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंची और जांच शुरू की.

स्निफर डॉग ने खोला राज

अंधे कत्ल की इस गुत्थी को सुलझाने के लिए पुलिस ने फॉरेंसिक टीम के साथ डॉग स्क्वायड की मदद ली. यहां स्निफर डॉग ‘जैकी’ ने पुलिस के लिए टर्निंग पॉइंट का काम किया. घटनास्थल से गंध लेते हुए जैकी सीधा गांव के ही रहने वाले 60 वर्षीय बृजमोहन के घर जा पहुंचा.

डॉग स्क्वायड का इशारा मिलते ही पुलिस ने बृजमोहन को हिरासत में ले लिया. जब उससे कड़ाई से पूछताछ की गई, तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया. पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल की गई खून से सनी कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली है.

अफेयर और शक के बिनाह पर लेली जान

आरोपी बृजमोहन की पत्नी की मौत कई साल पहले हो चुकी थी. इसके बाद उसके गांव की ही एक महिला से कथित संबंध बन गए. सब कुछ ठीक चल रहा था, लेकिन कुछ समय पहले बृजमोहन को शक हुआ कि प्रवेश दुबे भी उस महिला के करीब आ रहे हैं. एक दिन आरोपी ने प्रवेश को उस महिला के साथ खेत में बातचीत करते देख लिया. बस, इसी बात ने बृजमोहन के मन में शक की ऐसी चिंगारी भड़काई कि उसने प्रवेश दुबे को रास्ते से हटाने का खौफनाक प्लान बना डाला.

आरोपी भेजा गया जेल

कन्नौज के पुलिस अधीक्षक (SP) विनोद कुमार ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि आरोपी बृजमोहन को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसकी निशानदेही पर आला-ए-कत्ल (कुल्हाड़ी) बरामद कर ली गई है. पुलिस ने कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए आरोपी को जेल भेज दिया है.

यह भी पढ़ें: घर में घुसकर किया था चाकुओं से वार: शाहजहांपुर पुलिस ने मुठभेड़ के बाद दबोचा, अस्पताल में भर्ती

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read