विशेष

कौन थे आचार्य जेबी कृपलानी, जिन्होंने नेहरू के खिलाफ लाया था पहला अविश्वास प्रस्ताव?

Acharya JB Kripalani Biography: आचार्य जीवतराम भगवानदास कृपलानी स्वतंत्रता संग्राम के उन योद्धाओं में से एक, जिन्हें इतिहास ने ‘द मैन हू कुड हैव बीन पीएम’ का खिताब दिया. वे भारत के पहले प्रधानमंत्री पद के सबसे मजबूत दावेदारों में से एक थे, पर परिस्थितियों और गांधीजी की मंशा ने उन्हें वह स्थान नहीं दिया.

स्वतंत्रता संग्राम और कांग्रेस का नेतृत्व

कृपलानी का जन्म 11 नवंबर 1888 को सिंध में हुआ था. उन्होंने ब्रिटिश साम्राज्यवाद के खिलाफ लंबा संघर्ष किया. 1934 से 1945 तक भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के महासचिव रहे और 1946 में कांग्रेस के अध्यक्ष बने. ठीक स्वतंत्रता के वर्ष में वे कांग्रेस अध्यक्ष थे. महात्मा गांधी के साथ उन्होंने विभाजन का पुरजोर विरोध किया था. अपनी जन्मभूमि सिंध खो देने का दुख उन्होंने जीवन भर नेहरू को क्षमा नहीं किया.

1947 में स्वतंत्र भारत के पहले प्रधानमंत्री के चयन में वे सरदार पटेल के बाद सबसे अधिक मतों वाले उम्मीदवार थे. लेकिन गांधीजी ने जवाहरलाल नेहरू का समर्थन किया और कृपलानी ने पीछे हट जाना उचित समझा. यह फैसला उनके राजनीतिक जीवन का सबसे बड़ा मोड़ साबित हुआ.

संसद में संघर्ष और विद्रोही स्वभाव

कांग्रेस छोड़कर उन्होंने 1951 में किसान मजदूर प्रजा पार्टी बनाई. वे 1952, 1957, 1962 और 1967 में चार बार लोकसभा पहुचे. 1963 में उन्होंने लोकसभा में भारत सरकार के खिलाफ पहला अविश्वास प्रस्ताव पेश किया. चीन से हुई हार को लेकर यह ऐतिहासिक कदम था.

अमरोहा के 1963 के उपचुनाव में उनकी जीत भी यादगार रही. सत्ताधारी दल ने नामांकन की समय-सीमा के बाद भी घड़ी की सुई घुमाकर अपने उम्मीदवार का नामांकन स्वीकार करवाया था. इसके बावजूद जनता ने कृपलानी को विजयी बनाया.

आपातकाल और अंतिम संघर्ष

आपातकाल के दौरान वे आपातकालीन सत्ता के कट्टर विरोधी बने. वे उन पहले नेताओं में शामिल थे, जिन्हें गिरफ्तार किया गया. बाद में जब जॉर्ज फर्नांडिस और अन्य आरोपी बड़ौदा डायनामाइट केस में फांसी की सजा की प्रतीक्षा कर रहे थे, तब कृपलानी ने उनकी रक्षा समिति का अध्यक्षत्व किया. उनके दबाव और मोरारजी देसाई कैबिनेट के निर्णय से वह मुकदमा वापस लिया गया.

व्यक्तित्व और विरासत

कृपलानी जी तीखे व्यंग्य और स्पष्टवादिता के लिए जाने जाते थे. उनकी लंबी नुकीली नाक, झूलते कान और गरदन पर लहराती जुल्फें कार्टूनिस्टों की पसंदीदा थीं. वे समाजवादी थे, लेकिन सिद्धांतों से समझौता नहीं करते थे. उनकी पत्नी सुचेता कृपलानी उत्तर प्रदेश की पहली महिला मुख्यमंत्री बनीं.

आचार्य कृपलानी दो सदियों (उन्नीसवीं और बीसवीं) के साक्षी थे. उन्होंने ब्रिटिश साम्राज्यवाद, जिन्ना और इंदिरा गांधी के आपातकाल- तीनों से संघर्ष किया. वे प्रधानमंत्री नहीं बने, पर भारतीय लोकतंत्र और संसदीय परंपराओं को मजबूत करने वाले उन नेताओं में शामिल रहे, जिनकी याद आज भी प्रासंगिक है.

यह भी पढ़ें: 6 नवंबर 1944: जब अमेरिका के बी रिएक्टर में शुरू हुआ प्लूटोनियम का उत्पादन, इसी से बना था नागासाकी पर गिराया गया परमाणु बम

-भारत एक्सप्रेस

विशाल तिवारी, संपादकीय सलाहकार

Recent Posts

अभिषेक बनर्जी की सुरक्षा पर कलकत्ता हाई कोर्ट ने सुरक्षित रखा फैसला, राज्य सरकार से पूछे तीखे सवाल

कलकत्ता हाई कोर्ट ने टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी की सुरक्षा Z+ से घटाकर X श्रेणी…

28 minutes ago

जहरीली हवा के खिलाफ सड़कों पर उतरे NSUI कार्यकर्ता, राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ ने सरकार को घेरा

Delhi Air Pollution: दिल्ली में लगातार बिगड़ती वायु गुणवत्ता और बढ़ते प्रदूषण के खिलाफ NSUI…

42 minutes ago

दीपावली पर मुस्तैद रही यूपी-112: तीन दिनों में 2 लाख से ज्यादा जरूरतमंदों तक पहुंची मदद

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर दीपावली के तीन दिनों में यूपी-112 ने 2,05,738 जरूरतमंद…

53 minutes ago

‘मोदी से मेरी अच्छी बनती है…’ सैम पित्रोदा ने PM को बताया दयालु इंसान, बोले- मेरे गुजराती मित्र हैं

Sam Pitroda on PM Modi: कांग्रेस नेता सैम पित्रोदा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ…

1 hour ago

‘सैम भाई’ से लेकर ‘मिहिर भाई’: सोशल मीडिया पर आम यूजर ने मांगी दिवाली बधाई, तो क्या बोले पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर कांग्रेस नेता सैम पित्रोदा को 'सैम…

1 hour ago