दुनिया

लंदन की धरती पर गूंजा ‘जय छठी मइया’: प्रवासियों संग छठ मनाकर भावुक हुए अनिल अग्रवाल

सूर्य उपासना और लोक आस्था का महापर्व छठ जब सात समंदर पार लंदन की धरती पर पूरे पारंपरिक उल्लास के साथ मनाया गया, तो वहां का माहौल हूबहू बिहार और पूर्वांचल की गलियों जैसा नजर आया. लंदन के ब्रह्मर्षि आश्रम, हाउंस्लो (Bramharshi Ashram, Hounslow) में ‘बिहारी कनेक्ट यूके’ (Bihari Connect UK) के पैट्रन व फाउंडर ट्रस्टी डॉ. उदेश्वर कुमार सिंह (Dr. Udeshwar Kumar Singh) के नेतृत्व में आयोजित इस भव्य छठ महोत्सव में वेदांता ग्रुप के चेयरमैन अनिल अग्रवाल विशेष रूप से शामिल हुए.

संध्या अर्घ्य के दौरान पारंपरिक छठ गीतों और ‘जय छठी मइया’ के जयकारों के बीच अनिल अग्रवाल बेहद भावुक हो उठे. उन्होंने सोशल मीडिया पर इस आध्यात्मिक अनुभव की तस्वीरें साझा करते हुए कहा कि लंदन में अपने लोगों के बीच महापर्व मनाते हुए उन्हें एक पल के लिए भी महसूस नहीं हुआ कि वे अपनी जन्मभूमि बिहार से मीलों दूर हैं.

लंदन में छठ महापर्व की भव्यता

ब्रह्मर्षि आश्रम में आयोजित इस चार दिवसीय महापर्व में ब्रिटेन भर से प्रवासी भारतीयों का जनसैलाब उमड़ा. पूरे यूनाइटेड किंगडम में एकता और संस्कृति की मिठास घोलने के लिए बड़े स्तर पर तैयारियां की गईं.

श्रद्धालुओं की भारी भीड़: खरना के दिन लगभग 800 श्रद्धालु, संध्या अर्घ्य के अवसर पर करीब 1,200 लोग और उदीयमान सूर्य को प्रातःकालीन अर्घ्य देने के लिए लगभग 900 भक्त जुटे.

कठिन निर्जला व्रत: इस महापर्व में 15 व्रतियों ने पूरे 3 दिनों तक कठिन निर्जला उपवास रखकर छठी मइया की आराधना की.

5,700 ठेकुआ प्रसाद का वितरण: छठ के सबसे प्रमुख महाप्रसाद ‘ठेकुआ’ के लगभग 5,700 पैकेट तैयार कर पूरे यूनाइटेड किंगडम में श्रद्धालुओं के बीच वितरित किए गए.

समर्पित टीम का योगदान: बिहारी कनेक्ट यूके के 5 ट्रस्टी, 15 कार्यकारी सदस्यों और 50 स्वयंसेवकों (वॉलंटियर्स) ने दिन-रात अथक परिश्रम कर इस महापर्व को सफल बनाया.

‘केलवा के पात पर…’ सुनकर ताजा हुईं पटना की यादें

संध्या अर्घ्य के दौरान पारंपरिक परिधानों में सजी व्रती महिलाओं के कठिन तप और समर्पण को देखकर अनिल अग्रवाल अभिभूत नजर आए. उन्होंने लिखा कि जब लंदन के वातावरण में “केलवा के पात पर उगेलन सूरजमल…” का मधुर लोकगीत गूंजा, तो उन्हें अपने बचपन और पटना की याद आ गई. बिहार की एक प्रसिद्ध कहावत को उद्धृत करते हुए उन्होंने लिखा-

“रउआ जहाँ रहब, छठी मइया के नेह आ आशीर्वाद उहां पहुंचिए जाई” यानी आप दुनिया के किसी भी कोने में रहें, छठी मइया का स्नेह और आशीर्वाद वहां जरूर पहुंचता है.

पटना की गलियों से लंदन के शिखर तक का सफर

अनिल अग्रवाल का छठ महापर्व से जुड़ाव केवल आस्था नहीं, बल्कि उनकी जड़ों से जुड़ा गहरा रिश्ता है. 24 जनवरी 1954 को पटना में जन्मे अनिल अग्रवाल की शुरुआती शिक्षा पटना के मिलर हाई स्कूल से हुई. महज 15 वर्ष की आयु में उन्होंने अपने पिता द्वारका प्रसाद अग्रवाल के एल्युमिनियम कंडक्टर के छोटे व्यवसाय में हाथ बंटाना शुरू किया और धातु व स्क्रैप व्यापार की बारीकियां सीखीं. 19 साल की उम्र में वे एक टिफिन बॉक्स और बिस्तर लेकर बेहतर भविष्य की तलाश में मुंबई गए, जहां से उनकी संघर्ष गाथा ने वेदांता ग्रुप जैसे वैश्विक साम्राज्य की नींव रखी.

‘अब बिहार और पूर्वांचल के लोगों का समय आ गया है’

समारोह के दौरान अनिल अग्रवाल ने बिहार, झारखंड और पूर्वांचल के प्रवासियों की कर्मठता और प्रतिभा की जमकर सराहना की. उन्होंने कहा कि इस मिट्टी के लोग दुनिया के जिस भी कोने में जाते हैं, अपने परिश्रम और ईमानदारी से एक अलग मुकाम हासिल करते हैं. उन्होंने विश्वास जताया कि छठी मइया के आशीर्वाद से इस क्षेत्र के युवाओं के लिए नए अवसरों और रोजगार के द्वार खुल रहे हैं और “अब इनका समय आ गया है.”

Shyamdatt Chaturvedi

श्यामदत्त चतुर्वेदी एक अनुभवी मीडिया पेशेवर हैं. वर्तमान में नोएडा 'भारत एक्सप्रेस' में पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में सात वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले श्यामदत्त ने हिंदी डिजिटल प्लेटफॉर्म्स के लिए कंटेंट राइटिंग, रिपोर्टिंग, एडिटिंग और डेटा एनालिसिस में गहरी विशेषज्ञता हासिल की है. इससे पहले उन्होंने जी न्यूज, ईटीवी भारत, टीएफआई मीडिया, वे2न्यूज और सैफायर मीडिया लिमिटेड (इंडिया डेली लाइव) जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाई हैं. उन्होंने स्थानीय पंचायत से लेकर विधानसभा, लोकसभा तक की व्यापक कवरेज की. उन्होंने इंदिरा गांधी राष्ट्रीय जनजातीय विश्वविद्यालय (IGNTU), अमरकंटक से पत्रकारिता और जनसंचार में स्नातक (BJMC) करने के बाद, प्रतिष्ठित माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में मास्टर डिग्री (M.A.) हासिल की है.

Recent Posts

NIA के सम्मेलन का अमित शाह करेंगे उद्घाटन, आतंकवाद के खिलाफ एक मंच पर आएंगे दिग्गज

पीएम मोदी की आतंकवाद के विरुद्ध 'जीरो टॉलरेंस' नीति के तहत गृह मंत्री अमित शाह…

52 minutes ago

पारदर्शिता और स्पष्ट मानदंडों की मांग; जजों की नियुक्ति से जुड़े नियमों को लेकर सुप्रीम कोर्ट सख्त

सुप्रीम कोर्ट ने उच्च न्यायपालिका में जजों की नियुक्ति प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने और कॉलेजियम…

2 hours ago

पुरानी शॉल को दें नया अंदाज, इन 4 स्टाइलिश तरीकों से बदल जाएगा आपका लुक

Winter Fashion Tips: सर्दियों में हर बार नई शॉल खरीदने की जरूरत नहीं है. अपनी…

2 hours ago

FICCI के शताब्दी वर्ष अधिवेशन का शुभारंभ करेंगे पीएम मोदी, भारत मंडपम में जुटेंगे 2,500 से अधिक दिग्गज

पीएम मोदी 19 नवंबर नई दिल्ली के भारत मंडपम में FICCI के वार्षिक आम बैठक…

2 hours ago