सूर्य उपासना और लोक आस्था का महापर्व छठ जब सात समंदर पार लंदन की धरती पर पूरे पारंपरिक उल्लास के साथ मनाया गया, तो वहां का माहौल हूबहू बिहार और पूर्वांचल की गलियों जैसा नजर आया. लंदन के ब्रह्मर्षि आश्रम, हाउंस्लो (Bramharshi Ashram, Hounslow) में ‘बिहारी कनेक्ट यूके’ (Bihari Connect UK) के पैट्रन व फाउंडर ट्रस्टी डॉ. उदेश्वर कुमार सिंह (Dr. Udeshwar Kumar Singh) के नेतृत्व में आयोजित इस भव्य छठ महोत्सव में वेदांता ग्रुप के चेयरमैन अनिल अग्रवाल विशेष रूप से शामिल हुए.
संध्या अर्घ्य के दौरान पारंपरिक छठ गीतों और ‘जय छठी मइया’ के जयकारों के बीच अनिल अग्रवाल बेहद भावुक हो उठे. उन्होंने सोशल मीडिया पर इस आध्यात्मिक अनुभव की तस्वीरें साझा करते हुए कहा कि लंदन में अपने लोगों के बीच महापर्व मनाते हुए उन्हें एक पल के लिए भी महसूस नहीं हुआ कि वे अपनी जन्मभूमि बिहार से मीलों दूर हैं.

लंदन में छठ महापर्व की भव्यता
ब्रह्मर्षि आश्रम में आयोजित इस चार दिवसीय महापर्व में ब्रिटेन भर से प्रवासी भारतीयों का जनसैलाब उमड़ा. पूरे यूनाइटेड किंगडम में एकता और संस्कृति की मिठास घोलने के लिए बड़े स्तर पर तैयारियां की गईं.
श्रद्धालुओं की भारी भीड़: खरना के दिन लगभग 800 श्रद्धालु, संध्या अर्घ्य के अवसर पर करीब 1,200 लोग और उदीयमान सूर्य को प्रातःकालीन अर्घ्य देने के लिए लगभग 900 भक्त जुटे.
कठिन निर्जला व्रत: इस महापर्व में 15 व्रतियों ने पूरे 3 दिनों तक कठिन निर्जला उपवास रखकर छठी मइया की आराधना की.
5,700 ठेकुआ प्रसाद का वितरण: छठ के सबसे प्रमुख महाप्रसाद ‘ठेकुआ’ के लगभग 5,700 पैकेट तैयार कर पूरे यूनाइटेड किंगडम में श्रद्धालुओं के बीच वितरित किए गए.
समर्पित टीम का योगदान: बिहारी कनेक्ट यूके के 5 ट्रस्टी, 15 कार्यकारी सदस्यों और 50 स्वयंसेवकों (वॉलंटियर्स) ने दिन-रात अथक परिश्रम कर इस महापर्व को सफल बनाया.

‘केलवा के पात पर…’ सुनकर ताजा हुईं पटना की यादें
संध्या अर्घ्य के दौरान पारंपरिक परिधानों में सजी व्रती महिलाओं के कठिन तप और समर्पण को देखकर अनिल अग्रवाल अभिभूत नजर आए. उन्होंने लिखा कि जब लंदन के वातावरण में “केलवा के पात पर उगेलन सूरजमल…” का मधुर लोकगीत गूंजा, तो उन्हें अपने बचपन और पटना की याद आ गई. बिहार की एक प्रसिद्ध कहावत को उद्धृत करते हुए उन्होंने लिखा-
“रउआ जहाँ रहब, छठी मइया के नेह आ आशीर्वाद उहां पहुंचिए जाई” यानी आप दुनिया के किसी भी कोने में रहें, छठी मइया का स्नेह और आशीर्वाद वहां जरूर पहुंचता है.
पटना की गलियों से लंदन के शिखर तक का सफर
अनिल अग्रवाल का छठ महापर्व से जुड़ाव केवल आस्था नहीं, बल्कि उनकी जड़ों से जुड़ा गहरा रिश्ता है. 24 जनवरी 1954 को पटना में जन्मे अनिल अग्रवाल की शुरुआती शिक्षा पटना के मिलर हाई स्कूल से हुई. महज 15 वर्ष की आयु में उन्होंने अपने पिता द्वारका प्रसाद अग्रवाल के एल्युमिनियम कंडक्टर के छोटे व्यवसाय में हाथ बंटाना शुरू किया और धातु व स्क्रैप व्यापार की बारीकियां सीखीं. 19 साल की उम्र में वे एक टिफिन बॉक्स और बिस्तर लेकर बेहतर भविष्य की तलाश में मुंबई गए, जहां से उनकी संघर्ष गाथा ने वेदांता ग्रुप जैसे वैश्विक साम्राज्य की नींव रखी.
‘अब बिहार और पूर्वांचल के लोगों का समय आ गया है’
समारोह के दौरान अनिल अग्रवाल ने बिहार, झारखंड और पूर्वांचल के प्रवासियों की कर्मठता और प्रतिभा की जमकर सराहना की. उन्होंने कहा कि इस मिट्टी के लोग दुनिया के जिस भी कोने में जाते हैं, अपने परिश्रम और ईमानदारी से एक अलग मुकाम हासिल करते हैं. उन्होंने विश्वास जताया कि छठी मइया के आशीर्वाद से इस क्षेत्र के युवाओं के लिए नए अवसरों और रोजगार के द्वार खुल रहे हैं और “अब इनका समय आ गया है.”
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




