केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने संविधान के महत्व पर जोर देते हुए कहा है कि भारत के हर नागरिक को संविधान का सम्मान करना चाहिए. यह केवल एक कानूनी दस्तावेज नहीं, बल्कि देश की पहचान, इतिहास और गौरव से जुड़ी धरोहर है. उन्होंने कहा कि संविधान को समझना और उसकी मूल भावना को अपनाना हर भारतीय की जिम्मेदारी है. खासतौर पर युवाओं को संविधान के बारे में जानना चाहिए, ताकि वे इसके मूल्यों को बेहतर तरीके से समझ सकें.
दिल्ली में गुरुवार को आयोजित ‘संविधान गौरव दिवस’ कार्यक्रम में बोलते हुए अमित शाह ने कहा कि आजादी के बाद लंबे समय तक संविधान को मुख्य रूप से सरकार चलाने के नियमों और दिशा-निर्देशों तक सीमित करके देखा गया. इस दौरान आम लोगों, खासकर किशोरों और युवाओं के बीच संविधान की असली भावना पहुंचाने पर उतना ध्यान नहीं दिया गया, जितना दिया जाना चाहिए था.
अमित शाह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल का जिक्र करते हुए कहा कि 2014 में प्रधानमंत्री बनने के बाद नरेंद्र मोदी ने 2015 में एक अहम फैसला लिया. इसके तहत हर साल 26 नवंबर को संविधान दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत की गई. इसका मकसद संविधान के आदर्शों और मूल सिद्धांतों को देश के स्कूलों, कॉलेजों और आम नागरिकों तक पहुंचाना था.
गृह मंत्री के मुताबिक, 26 नवंबर 1949 का दिन भारतीय इतिहास में बेहद खास है. इसी दिन देश ने अपने संविधान को अपनाया था और इसके साथ ही भारत की एक नई यात्रा की शुरुआत हुई. उन्होंने कहा कि संविधान सिर्फ शासन व्यवस्था को चलाने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह उन विचारों और मूल्यों का भी प्रतीक है, जिनके आधार पर देश आगे बढ़ता है.
अपने संबोधन में अमित शाह ने 1857 से 1947 तक चले स्वतंत्रता संग्राम का भी उल्लेख किया. उन्होंने कहा कि देश को आजादी दिलाने के लिए अनगिनत लोगों ने अपना सब कुछ दांव पर लगा दिया था. कई स्वतंत्रता सेनानियों ने परिवार, घर, कारोबार, नौकरी और यहां तक कि अपनी पढ़ाई तक छोड़ दी थी.
इन लोगों का एक ही सपना था कि भारत अंग्रेजों की गुलामी से आजाद हो और देश अपने फैसले खुद ले सके. शाह ने कहा कि ऐसे लोगों के संघर्ष और बलिदान को याद रखना जरूरी है, क्योंकि आज का स्वतंत्र भारत उन्हीं के त्याग का परिणाम है.
अमित शाह ने संविधान की मूल प्रति में बने चित्रों का जिक्र करते हुए एक खास बात कही. उन्होंने बताया कि संविधान की मूल प्रति केवल कानूनों और अनुच्छेदों का संग्रह नहीं है. इसके पन्नों पर भारत के इतिहास, संस्कृति और सभ्यता से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रसंगों को चित्रों के जरिए जगह दी गई है.
इन चित्रों में भगवान श्रीराम की अयोध्या वापसी, भगवान बुद्ध, भगवान महावीर और दशम पिता गुरु गोबिंद सिंह से जुड़े प्रसंग शामिल हैं. इसके अलावा रानी लक्ष्मीबाई, दांडी मार्च और नेताजी सुभाष चंद्र बोस से संबंधित चित्र भी संविधान की मूल प्रति में मौजूद हैं. इन चित्रों को प्रसिद्ध कलाकार नंदलाल बोस ने तैयार किया था.
गृह मंत्री ने लोगों से अपील की कि वे संविधान के बारे में केवल बातें करने तक सीमित न रहें, बल्कि इसकी मूल प्रति को भी देखें. उन्होंने कहा कि जो लोग भारतीय सभ्यता और संस्कृति का विरोध करते हैं, उन्हें भी एक बार संविधान की मूल प्रति जरूर देखनी चाहिए.
शाह ने खास तौर पर उन लोगों से संसद के पुस्तकालय जाने की अपील की, जो अक्सर संविधान को हाथ में लेकर अपनी बात रखते हैं. उन्होंने कहा कि संविधान की असली भावना को समझने के लिए सिर्फ 10 से 15 मिनट निकालना भी काफी उपयोगी हो सकता है.
SP Manifesto 2027: समाजवादी पार्टी ने संविधान दिवस पर 2027 विधानसभा चुनाव के लिए ‘जन-मन…
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें…
तमिलनाडु के मदुरै स्थित तिरुप्परंकुंद्रम पहाड़ी पर कार्तिगई दीपम के मौके पर दीपक जलाने का…
टेरर फंडिंग मामले में 2019 से तिहाड़ जेल में बंद बारामूला सांसद राशिद इंजीनियर की…
SBI Credit Card Charges December 2026: SBI कार्ड 1 दिसंबर 2026 से क्रेडिट कार्ड के…
Colombo Security Conclave: मालदीव में आयोजित कोलंबो सिक्योरिटी कॉन्क्लेव की 8वीं एनएसए स्तर की बैठक…