देश

छठ पर घर जाने की जिद, टिकट की किल्लत और जनरल डिब्बों की भीड़…, आनंद विहार रेलवे स्टेशन का ये है हाल

Anand Vihar Railway Station: दिल्ली के आनंद विहार रेलवे स्टेशन पर इन दिनों पैर रखने की जगह नहीं है. हर तरफ सिर्फ और सिर्फ लोगों का ऐसा सैलाब है. सभी लोग जल्द से जल्द अपने घर पहुंचना चाहते हैं. और बात जब छठ महापर्व की हो, तो घर जाने की इस चाहत के आगे रेलवे की लंबी कतारें, धक्के और हर मुश्किल छोटी पड़ जाती है. आनंद विहार पर इस वक्त बिहार और उत्तर प्रदेश जाने वाले मुसाफिरों का जो हुजूम उमड़ा है. लोग घर जाने के लिए किसी भी हद तक गुजरने के लिए बेताब हैं.

आनंद विहार स्टेशन के चप्पे-चप्पे पर ऐसे चेहरे आसानी से दिख जाएंगे जो पिछले दो से तीन महीनों से लगातार अपनी यात्रा का जुगाड़ बिठाने में लगे थे. कोई मोबाइल पर ऐप्स रिफ्रेश कर रहा था, तो कोई खिड़की पर धक्के खा रहा था, लेकिन नतीजा कुछ नहीं निकला. उनके पास ट्रेन में रिजर्वेशन का ना तो टिकट है और ना ही जगह.

मोतिहारी जाने वाले एक व्यक्ति अपनी पत्नी और दो साल के मासूम बच्चे के साथ स्टेशन पर नजर आए. दिल्ली में नौकरी करने वाले इन साहब ने बताया कि पिछले तीन महीने से उन्होंने दर्जनों ट्रेनों में टिकट बुक कराने की कोशिश की, लेकिन हर बार स्क्रीन पर ‘वेटिंग’ का लाल निशान ही हाथ लगा. जब महीनों की कोशिश के बाद भी कन्फर्म सीट नसीब नहीं हुई, तो अब परिवार के साथ जनरल डिब्बे में धक्के खाकर सफर करना उनकी मजबूरी बन चुका है.

हर बार वेबसाइट दे देती है धोखा

आनंद विहार की इस भीड़ में हर यात्री की अपनी एक दास्तान है. मोतिहारी के ही रहने वाले तीन दोस्तों का ग्रुप भी इसी जद्दोजहद में फंसा था. पिछले दो महीनों से वे लगातार टिकट बुक करने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन उनका आरोप है कि रेलवे की वेबसाइट अक्सर हैंग हो जाती है या ठीक से काम ही नहीं करती. ऐन वक्त पर सर्वर डाउन होने की वजह से उनके हाथ से टिकट निकल गया. अब उनके पास भी जनरल टिकट लेकर किसी तरह घर की राह पकड़ने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा है.

यही हाल एक महिला यात्री का भी था, जिन्होंने बताया कि उन्होंने तमाम जतन किए, लेकिन कंफर्मेशन का मैसेज कभी नहीं आया. वहीं कुछ मुसाफिर ऐसे भी थे जिन्हें किसी पारिवारिक आपात स्थिति या अचानक उपजे हालात के कारण बिना किसी पूर्व तैयारी के बिहार के लिए निकलना पड़ गया. छोटे-छोटे बच्चों की उंगलियां थामे ये लोग जनरल बोगी की उस भीड़भाड़ और धक्के-मुक्की को पार करने की चिंता में डूबे दिखे, जहां पैर रखने की भी जगह मिलना किसी जंग जीतने जैसा होता है.

रेलवे स्टेशन पर पांव रखने की नहीं है जगह

यात्रियों की इस भीड़ को संभालने के लिए रेलवे प्रशासन ने भी आनंद विहार स्टेशन पर अपनी तरफ से कोई कसर नहीं छोड़ी है. जनरल टिकट लेने वाले यात्रियों के लिए अलग से विशेष काउंटर बनाए गए हैं ताकि लंबी लाइनों से राहत मिल सके. स्टेशन परिसर में जगह-जगह पीने के पानी के स्टॉल और मेडिकल सहायता के कैंप लगाए गए हैं ताकि किसी की तबीयत बिगड़ने पर तुरंत मदद मिल सके.

भीड़ को नियंत्रित करने और भगदड़ जैसी किसी भी अनहोनी से बचने के लिए प्लेटफॉर्म पर एंट्री के नियमों को बेहद कड़क कर दिया गया है. केवल उन्हीं मुसाफिरों को अंदर जाने दिया जा रहा है जिनके पास वैध टिकट है. बिना टिकट वाले किसी भी शख्स या यात्रियों को छोड़ने आने वाले परिजनों को प्लेटफॉर्म पर पूरी तरह प्रतिबंधित कर दिया गया है.

ये भी पढ़ें- अगले 11 घंटे…15 राज्यों में मौसम काटेगा भयंकर बवाल! 70 की स्पीड से आंधी और मूसलाधार बारिश का अलर्ट

प्रशासन के ये इंतजाम अपनी जगह दुरुस्त हो सकते हैं, लेकिन सच यह है कि महकमे की ये व्यवस्थाएं सिर्फ स्टेशन के गेट तक ही राहत दे पाती हैं. असली अग्निपरीक्षा तो तब शुरू होती है जब ट्रेन प्लेटफॉर्म पर आकर रुकती है और उसमें पैर रखने के लिए संघर्ष करना पड़ता है.

-भारत एक्सप्रेस

Govind Kumar Singh

गोविंद सिंह बिहार के कैमूर जिले से ताल्लुक रखते हैं। उन्होंने अपनी शुरुआती शिक्षा वाराणसी के उदय प्रताप कॉलेज से हासिल की और पटना कॉलेज, पटना से मास कम्युनिकेशन में स्नातक की पढ़ाई पूरी की। इसके बाद उन्होंने पत्रकारिता के क्षेत्र में कदम रखा और ईटीवी भारत, इनशॉर्ट्स और श्यामा प्रसाद मुखर्जी रिसर्च फाउंडेशन जैसे संस्थानों में काम करते हुए समाचार लेखन, कंटेंट एडिटिंग, रिसर्च और न्यूज प्रोडक्शन का अनुभव हासिल किया। फिलहाल वह भारत एक्सप्रेस में सब एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। उनकी पत्रकारिता का प्रमुख फोकस विदेश नीति, राष्ट्रीय राजनीति और बिहार से जुड़े मुद्दों पर है।

Recent Posts

बच गए राहुल गांधी! सुप्रीम कोर्ट से राहत, अब हाईकोर्ट में क्या होगा?

Rahul Gandhi Supreme Court relief: आय से अधिक संपत्ति मामले में कांग्रेस नेता राहुल गांधी…

10 minutes ago

अमेरिका ने फिर दिखाया आक्रामक रुख, भारत पर 25% टैरिफ की तैयारी, G20 से पहले बढ़ सकता है व्यापारिक तनाव

Trump Tariff Plan: ट्रंप प्रशासन ने भारत समेत कई देशों पर अतिरिक्त टैरिफ लगाने का…

36 minutes ago

पासपोर्ट विवाद में घिरे CJP नेता सौरव दास, जन्मस्थान को लेकर ED नहीं बल्कि पासपोर्ट कार्यालय ने मांगा जवाब

CJP के सह-संयोजक सौरव दास को चेन्नई के क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय ने जन्मस्थान से जुड़ी…

46 minutes ago

राम-सीता विवाह की तिथी विवाह पंचमी, फिर क्यों नहीं होती इस दिन शादी?

पंचांग के अनुसार, विवाह पंचमी के दिन श्रीराम और माता सीता का विवाह हुआ था.…

1 hour ago