सीएम भूपेश बघेल व विजय बघेल
Chhattisgarh Assembly Elections 2023: बीजेपी ने मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी कर दी है. छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के लिए बीजेपी ने 21 उम्मीदवारों के नामों की सूची जारी की है. इस लिस्ट में पांच पूर्व विधायक और सांसद के अलावा 16 नये चेहरों को मौका दिया गया है. इसमें सबसे बड़ा नाम विजय बघेल का है जो दुर्ग लोकसभा सीट से सांसद हैं. बीजेपी ने उन्हें सीएम भूपेश बघेल के खिलाफ पाटन से उतारा है. पाटन सीएम बघेल का गढ़ रही है. दिलचस्प बात ये है कि विजय बघेल सीएम भूपेश बघेल के भतीजे हैं.
कुल मिलाकर अब ओबीसी बहुल दुर्ग जिले की पाटन सीट पर मुकाबला बेहद रोचक होने वाला है. यह चौथी बार होगा जब भूपेश बघेल के खिलाफ विजय बघेल चुनाव मैदान में होंगे. सबसे पहले 2003 में विजय बघेल एनसीपी के टिकट पर पाटन सीट से भूपेश बघेल के खिलाफ चुनाव लड़े थे. तब वह हार गए थे. इसके बाद 2008 में विजय बघेल ने भूपेश बघेल को 7500 वोटों से हराया था. एक बार फिर विजय बघेल और भूपेश बघेल 2013 में एक-दूसरे के सामने थे, तब भूपेश बघेल ने चुनाव में जीत दर्ज की थी.
सूत्रों के मुताबिक पार्टी ने ज्यादातर ऐसी सीट की सूची जारी की है जहां पार्टी को कमजोर माना जा रहा है. इनमें से अधिकांश पर पार्टी को पिछले चुनावों में हार का सामना करना पड़ा है. पार्टी ने रामानुजगंज (अजजा) विधानसभा सीट से पूर्व विधायक और पूर्व मंत्री रामविचार नेताम, कोरबा विधानसभा सीट से पूर्व विधायक लखनलाल देवांगन, सिहावा (अजजा) विधानसभा सीट से पूर्व विधायक श्रवण मरकाम और मोहला मानपुर (अजजा) विधानसभा सीट से पूर्व विधायक संजीव शाह को चुनाव मैदान में उतारने का फैसला किया है.
इस लिस्ट में जिन नये चेहरों को मौका दिया गया है उनमें प्रेमनगर से भूलन सिंह मरावी, भटगांव से लक्ष्मी राजवाड़े, प्रतापपुर से (अजजा) शकुंतला सिंह पोर्थे, लुंड्रा से प्रबोज मिंज, खरसिया से महेश साहू, धर्मजयगढ़ (अजजा) से हरिश्चन्द्र राठिया, मरवाही (अजजा) से प्रणव कुमार मरपच्ची, सरायपाली (अजा) से सरला कोसरिया, खल्लारी से अल्का चंद्राकर, अभनपुर से इन्द्रकुमार साहू, राजिम से रोहित साहू, डौंडी लोहारा (अजजा) से देवलाल हलवा ठाकुर, खैरागढ़ से विक्रांत सिंह, खुज्जी से गीता घासी साहू, कांकेर (अजजा) से आशाराम नेताम और बस्तर (अजजा) से मनीराम कश्यप शामिल हैं.
ये भी पढ़ें: BJP ने जारी की मध्य प्रदेश-छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों की पहली लिस्ट
राज्य में चुनाव की घोषणा से पहले ही उम्मीदवारों की सूची जारी करने के बारे में पूछने पर भाजपा सूत्रों ने बताया कि पार्टी ने उन सीट पर उम्मीदवारों की सूची जारी की है जिन्हें अपेक्षाकृत कमजोर माना जा रहा है. बीजेपी ने जिन सीटों पर उम्मीदवारों का ऐलान किया है उनमें से 16 सीट ऐसी हैं, जहां पार्टी पिछले दो चुनावों से लगातार हार रही है. मरवाही (जहां से पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी चुनाव लड़ते थे) और खरसिया (जहां से कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष नंद कुमार पटेल चुनाव लड़ते थे) सीट से पार्टी लगातार हार रही है. सूत्रों का कहना है कि जल्द सूची जारी करने से इन सीट पर उम्मीदवारों को काम करने का अधिक मौका मिल सकेगा और कार्यकर्ता भी उत्साह से काम कर सकेंगे. पार्टी ने अपनी पहली सूची में पांच महिलाओं को भी टिकट दिया है.
बता दें कि छत्तीसगढ़ में इसी साल विधानसभा चुनाव होने हैं. साल 2018 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने राज्य की कुल 90 सीट में से 68 सीट पर जीत हासिल की थी, जबकि भाजपा 15 सीटों पर ही जीत दर्ज कर पाई थी. इसके अलावा पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी की पार्टी जेसीसी (जे) को पांच सीट और बसपा को दो सीट मिली थी. कांग्रेस के पास वर्तमान में 71 सीट हैं.
-भारत एक्सप्रेस
Aaj Ka Rashifal Mesh Rashi: आज मेष राशि के जातकों को करियर में नई जिम्मेदारियां मिल…
Aaj Ka Rashifal Vrishabh Rashi: आज वृषभ राशि के जातकों के लिए करियर में आगे…
Aaj Ka Rashifal Mithun Rashi: आज मिथुन राशि के जातकों को करियर में अपनी काबिलियत…
Aaj Ka Rashifal Kark Rashi: आज कर्क राशि के जातकों को नौकरी और कारोबार में…
Aaj Ka Rashifal Singh Rashi: आज सिंह राशि के जातकों के करियर में रुके हुए…
Aaj Ka Rashifal Kanya Rashi: आज कन्या राशि के जातकों के लिए आर्थिक मामलों में…