लखनऊ, 9 मई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को महाराणा प्रताप जयंती के अवसर पर आयोजित एक कार्यक्रम में हिस्सा लिया. इस दौरान उन्होंने अपने संबोधन में महाराणा प्रताप, छत्रपति शिवाजी और गुरु गोविंद सिंह जैसे वीर योद्धाओं को नमन करते हुए पाकिस्तान को आतंकवाद पर घेरते हुए कहा कि उसने इतनी बड़ी हिमाकत कर दी है कि अब वह अपने वजूद के लिए संघर्ष करता दिखाई देगा. मुख्यमंत्री ने कहा कि पाकिस्तान का आतंकवादी चेहरा अब दुनिया के सामने बेनकाब हो चुका है.
उन्होंने 22 अप्रैल को पहलगाम में पाकिस्तानी आतंकवादियों द्वारा भारतीय पर्यटकों के साथ की गई बर्बरता का जिक्र करते हुए कहा कि इस घटना के बाद हर भारतवासी ने पाकिस्तान को सबक सिखाने की ठान ली थी. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हमारी तीनों सेनाओं ने पाकिस्तान को करारा जवाब दिया है. आज पाकिस्तान दुनिया में अलग-थलग पड़ चुका है और कराहता हुआ नजर आ रहा है.
सीएम योगी ने पाकिस्तान के बेशर्मीपूर्ण रवैये पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि भारत की कार्रवाई में मारे गए आतंकवादियों के जनाजे में पाकिस्तान के शीर्ष सैन्य अधिकारियों और राजनीतिज्ञों की मौजूदगी दुनिया की आंखें खोलने वाली है. यह साबित करता है कि पाकिस्तान न केवल आतंकवादियों को संरक्षण देता है, बल्कि सीधे तौर पर आतंकवाद में शामिल भी है. अब पाकिस्तान अपने वजूद के लिए जूझ रहा है.
मुख्यमंत्री ने देशवासियों से अपील की कि वे भारतीय सेनाओं का मनोबल बढ़ाएं और सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों से सावधान रहें. उन्होंने कहा कि हर भारतवासी की जिम्मेदारी है कि हम अपनी सेनाओं के साथ खड़े हों और शरारतपूर्ण कार्रवाइयों को बेनकाब करें. केंद्रीय नेतृत्व के मार्गदर्शन में हमें एकजुट होकर कार्य करना है. सीएम योगी ने जोर देकर कहा कि भारत हर हाल में विजयी है और रहेगा. मुख्यमंत्री ने पूरे उत्तर प्रदेश की ओर से भारतीय सेनाओं के साथ मजबूती से खड़े होने का संकल्प दोहराया.
मुख्यमंत्री ने महाराणा प्रताप की वीरता को याद करते हुए कहा कि उनकी जयंती आज के चुनौतीपूर्ण समय में नई प्रेरणा देती है. उन्होंने हल्दीघाटी की ऐतिहासिक लड़ाई का उल्लेख किया, जहां महाराणा ने वनवासियों और गिरिवासियों की सेना के साथ अकबर की विशाल सेना को घुटने टेकने पर मजबूर कर दिया था. कार्यक्रम में विधान परिषद सदस्य राकेश सिंह और मानवेंद्र सिंह को चौराहे के सुंदरीकरण के लिए बधाई दी गई. उन्होंने कहा कि ये चौराहा महारणा प्रताप सिंह चौराहे के नाम से जाना जाएगा. सीएम योगी ने बताया कि 1998 में उन्होंने ही इस चौराहे पर महाराणा प्रताप की मूर्ति स्थापना का प्रस्ताव दिया था. लखनऊ, गोरखपुर और प्रयागराज में तीन मूर्तियां स्थापित की गई थीं, जिनका उद्घाटन कल्याण सिंह और राजनाथ सिंह जैसे नेताओं ने किया था.
-भारत एक्सप्रेस
Railway Jobs 2026: उत्तर रेलवे ने अप्रेंटिस के 4,651 पदों पर भर्ती निकाली है, जिसके…
Donald Trump: अमेरिकी मिडटर्म चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी की हार के बाद ईरान के कट्टरपंथियों…
Delhi to Patna Vande Bharat Special Train: छठ पर्व पर यात्रियों की भीड़ को कम…
Diwali Weather Delhi: दिवाली पर दिल्ली-NCR में प्रदूषण का स्तर खतरनाक बना हुआ है. कई…
7100TH DIWALI 2026 LAKSHMI PUJA SPECIAL: इस वर्ष दीपावली 8 नवंबर 2026, रविवार को मनाई…
दीपावली पर मां लक्ष्मी के प्रसिद्ध मंदिरों में दर्शन से सुख-समृद्धि मिलती है. जानिए कोल्हापुर,…