देश

खजूरी खास मर्डर केस: पुलिस के हत्थे चढ़ा सलीम खान, सेमी-ऑटोमैटिक पिस्टल के साथ धरा गया शूटर

Khajuri Khas Murder Case: विवेक पठानिया/दिल्ली: देश की राजधानी दिल्ली के उत्तर-पूर्वी इलाके खजूरी खास में हुए सनसनीखेज हत्याकांड का पुलिस ने महज कुछ ही दिनों के भीतर पर्दाफाश कर दिया है. 23 साल के एक युवक की सरेराह गोली मारकर हत्या करने के मामले में पुलिस के हाथ एक बड़ी कामयाबी लगी है. पुलिस ने इस वारदात के मुख्य आरोपी को दबोच लिया है, जिसके पास से एक अत्याधुनिक सेमी-ऑटोमैटिक पिस्टल, दो मैगजीन और तीन जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं.

गोलियों की तड़तड़ाहट से कांपा इलाका

ये पूरी वारदात 26 मई की देर शाम को हुई थी. खजूरी खास की तंग गलियों में अचानक हुई अंधाधुंध फायरिंग से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे. गोलियों की आवाज सुनकर जब तक लोग मौके पर जुटते, हमलावर वारदात को अंजाम देकर फरार हो चुके थे. जमीन पर खून से लथपथ पड़े युवक को आनन-फानन में पुलिस पीसीआर (PCR) वैन की मदद से नजदीकी जेपीसी (JPC) अस्पताल ले जाया गया. लेकिन अफसोस, डॉक्टरों ने उसे देखते ही मृत घोषित कर दिया. बाद में मृतक की पहचान 23 वर्षीय राजा मेवाती उर्फ अक्की उर्फ आकिब के रूप में हुई.

पुलिस के हत्थे चढ़ा सलीम खान

राजधानी में सरेआम हुई इस हत्या के बाद दिल्ली पुलिस तुरंत एक्शन मोड में आ गई. थाना खजूरी खास में हत्या और आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच के लिए स्पेशल टीमें बनाई गईं. एसीपी (ACP) यतिन शर्मा (IPS) की सीधी निगरानी में खजूरी खास के थाना प्रभारी (SHO) की टीम ने टेक्निकल सर्विलांस, सीसीटीवी फुटेज और अपने खुफिया मुखबिरों का जाल बिछाया. कई संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी के बाद आखिरकार पुलिस ने मुख्य आरोपी सलीम खान उर्फ मोटा उर्फ फाइटर को दबोच लिया. आरोपी सलीम खान दिल्ली के ही न्यू मुस्तफाबाद इलाके का रहने वाला है.

पुरानी रंजिश और वर्चस्व की जंग

जब पुलिस ने ‘फाइटर’ को रिमांड पर लेकर कड़ाई से पूछताछ की, तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया. पुलिस के मुताबिक, सलीम और मृतक राजा मेवाती के बीच काफी समय से किसी बात को लेकर पुराना विवाद और दुश्मनी चल रही थी. सलीम काफी समय से राजा को रास्ते से हटाने की फिराक में था और 26 मई की शाम को मौका मिलते ही उसने राजा पर गोलियां बरसा दीं.

ये भी पढ़ें: दिल्ली में सब जगह एक जैसी गर्मी नहीं, हर इलाके का तापमान अलग, जानिए क्यों?

-भारत एक्सप्रेस

Vaibhav Gupta

Recent Posts