राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू
सुप्रीम कोर्ट द्वारा आयोजित संविधान दिवस समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने हिस्सा लिया. समारोह को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने नक्सलवाद के मुद्दे पर गहरी संवेदनशीलता और गंभीर प्रश्न उठाए. उन्होंने कहा कि जबरन नक्सली बनाए गए लोगों के प्रति माता-पिता जैसी संवेदनशीलता जरूरी है.
राष्ट्रपति ने कहा कि ऐसे लोगों के लिए समाज और व्यवस्था को माता-पिता की तरह संवेदनशील होना होगा, जैसे माता-पिता अपने बच्चों की भूख, दर्द और जरूरतों को समझते हैं.
बता दें कार्यक्रम में केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल, CJI सूर्यकांत, सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ न्यायाधीशों के साथ ही अटॉर्नी जनरल, बार काउंसिल अध्यक्ष, सुप्रीम कोर्ट बार अध्यक्ष और अधिवक्ताओं ने हिस्सा लिया.
राष्ट्रपति ने कहा कि इस बात की जांच होनी चाहिए कि आखिर लोगों को नक्सलवाद के रास्ते पर क्यों धकेला जाता है. हाल ही में नक्सलवाद छोड़कर सरेंडर करने वाले लोगों के चेहरों को देखकर उन्हें नहीं लगा कि वे मूल रूप से नक्सली थे. उनके मुताबिक, कई मासूम लोगों को जबरन नक्सली बनाया गया है और उनकी परिस्थितियों को समझा जाना चाहिए.
राष्ट्रपति ने सवाल उठाया कि कुछ लोगों को ही नक्सली क्यों बनाया गया, बाकी को क्यों नहीं? यह भी पता लगाया जाना चाहिए कि जिन लोगों ने इन मासूमों को नक्सलवाद की ओर धकेला, वे कहां हैं. उन्होंने कहा कि जो लोग जबरदस्ती नक्सली बनाए गए और आज जेलों में हैं, उनके पुनर्वास और स्थितियों पर ध्यान देने की जरूरत है.
मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत ने संविधान दिवस पर आत्मचिंतन का आह्वान करते हुए कहा कि हमें यह सवाल करना चाहिए कि क्या सुप्रीम कोर्ट से मिलने वाला न्याय उन सभी लोगों तक पहुंच पा रहा है जिनके लिए यह व्यवस्था बनी है, या फिर यह केवल उन लोगों तक सीमित है जो अदालत तक पहुंचने का रास्ता जानते हैं.
सीजेआई ने कहा कि एक दौर में सुप्रीम कोर्ट को विशेषाधिकार प्राप्त लोगों की अदालत माना जाता था और सुनवाई की गति इस पर निर्भर करती थी कि मामला कौन पेश कर रहा है. धीरे-धीरे पत्रों पर संज्ञान लेने और पहली पीढ़ी के वकीलों की भागीदारी से यह आम लोगों का सुप्रीम कोर्ट बना है.
उन्होंने बताया कि व्यक्तिगत स्वतंत्रता और तत्काल राहत के मामलों को दो कार्य दिवसों के भीतर बेंच के सामने लाने की व्यवस्था की गई है. एसिड अटैक पीड़ितों और दिव्यांगजनों के मामलों को प्राथमिकता दी जाती है, लिस्टिंग पारदर्शी की गई है और वर्चुअल सुनवाई से कच्छ जैसे दूरदराज के क्षेत्रों के वकील भी अपने गृह नगर से दलीलें रख सकते हैं.
केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने कहा कि डॉ. बी.आर. अंबेडकर ने संविधान लागू होने से पहले ही आगाह किया था कि 26 जनवरी 1950 से राजनीतिक समानता तो मिल जाएगी, लेकिन सामाजिक और आर्थिक असमानताओं को दूर करना आगे की सरकारों की जिम्मेदारी होगी.
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले एक दशक में गरीबों के कल्याण के लिए 100 से अधिक योजनाएं शुरू की गई हैं और विश्व बैंक की रिपोर्ट का हवाला देते हुए दावा किया कि पिछले 10 से 12 वर्षों में करीब 50 करोड़ नागरिक गरीबी से बाहर आए हैं.
मेघवाल ने कहा कि न्यायपालिका, विधायिका और कार्यपालिका के समन्वय से ही ‘विकसित भारत’ का लक्ष्य हासिल होगा. भाषिनी, टेली-लॉ, ई-कोर्ट्स के तीसरे चरण, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग और वर्चुअल कोर्ट से आम लोगों तक न्याय की पहुंच आसान हो रही है.
जस्टिस विक्रम नाथ: उन्होंने संविधान सभा में जयपाल सिंह मुंडा के 19 दिसंबर 1946 के भाषण का उल्लेख करते हुए कहा कि ऐतिहासिक उपेक्षा और शोषण के बावजूद उन्होंने नए भारत और आपसी भरोसे पर विश्वास जताया. साथ ही डॉ. अंबेडकर के 25 नवंबर 1949 के भाषण को याद करते हुए कहा कि संविधान का भविष्य उसे लागू करने वालों के आचरण और आने वाली पीढ़ियों की जिम्मेदारी पर निर्भर करता है.
अटॉर्नी जनरल आर. वेंकटरमणी: उन्होंने मुकदमों के लंबित रहने की समस्या पर केवल चर्चा के बजाय ठोस कदम उठाने पर जोर दिया और कहा कि गांवों से महानगरों तक न्यायिक सुविधाओं को मजबूत करने के लिए बड़े पैमाने पर वित्तीय निवेश जरूरी है. न्याय तक पहुंच आसान बनाना ‘ईज ऑफ डूइंग बिजनेस’ जितना ही महत्वपूर्ण है.
मनन कुमार मिश्रा: बार काउंसिल ऑफ इंडिया के अध्यक्ष ने कहा कि संविधान की असली परीक्षा इस बात से होती है कि वह कमजोर और वंचित लोगों को कितनी सुरक्षा देता है. उन्होंने वकीलों के प्रशिक्षण, मध्यस्थता, अंतरराष्ट्रीय प्रैक्टिस और AI के जिम्मेदार इस्तेमाल के लिए गोवा में नेशनल लीगल एकेडमी स्थापित करने का प्रस्ताव रखा.
प्रदीप राय: सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष ने सामाजिक-आर्थिक असमानता के विरोधाभास का जिक्र करते हुए दो प्रश्न रखे. क्या हर बेघर और पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज है, और क्या रिहाई के आदेश के बाद हर व्यक्ति वास्तव में जेल से बाहर आ पा रहा है? उन्होंने महात्मा गांधी के विचारों के अनुरूप सबसे गरीब और कमजोर व्यक्ति को साथ लेकर चलने की बात कही.
UP News: इलाहाबाद हाईकोर्ट ने नहटौर सीट से बीजेपी विधायक ओम कुमार का चुनाव निरस्त…
Parliament Special Session: केंद्र सरकार ने जरूरी सरकारी कामकाज निपटाने के लिए संसद के दोनों…
संविधान दिवस के अवसर पर 26 नवंबर को बीजेपी और कांग्रेस देशभर में विभिन्न कार्यक्रम…
Tamil Nadu Paternity Leave News: तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने पुरुष सरकारी कर्मचारियों…
SP Manifesto 2027: समाजवादी पार्टी ने अपने पीडीए प्रणपत्र में महिलाओं, किसानों और छात्रों के…
राष्ट्रीय दुग्ध दिवस पर उत्तर प्रदेश ने बीते 8 वर्षों में दूध उत्पादन में 40…