देश

मोदी सरकार परिसीमन को तैयार… 815 सांसद होंगे तो कितना बढ़ेगा खर्च? जानें सैलरी, भत्ते, घर सबका हिसाब

How Delimitation Affect Indian Parliament Expenditure?: केंद्र सरकार ने परिसीमन की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए लोकसभा सीटों में 50 फीसदी बढ़ोतरी के प्रस्ताव को मंजूरी दी है, जिस पर 30 नवंबर से 3 दिसंबर तक संसद के विशेष सत्र में चर्चा होनी है. यदि यह व्यवस्था लागू होकर लोकसभा सदस्यों की संख्या मौजूदा 545 से बढ़कर 815 हो जाती है, तो 270 नए सांसद जुड़ेंगे. जाहिर है, इससे संसद में सिर्फ सीटों की संख्या ही नहीं बढ़ेगी, बल्कि वेतन, भत्ते, सरकारी आवास, दफ्तर, स्टाफ और क्षेत्र विकास निधि से जुड़े खर्चों का दायरा भी खासा बड़ा होगा. ध्यान रहे कि यह गणना अनुमानित और समझने के नजरिये से तैयार की गई है, कोई अंतिम सरकारी आंकड़ा नहीं है.

270 नए सांसद: हर महीने और सालाना कितना बढ़ेगा वेतन-भत्तों का खर्च?

1 अप्रैल 2023 से लागू दरों के हिसाब से एक सांसद को हर महीने 1 लाख 24 हजार रुपये वेतन, 87 हजार रुपये निर्वाचन क्षेत्र भत्ता और 75 हजार रुपये कार्यालय खर्च भत्ता मिलता है. इन तीनों मदों को मिला दें, तो प्रति सांसद मासिक खर्च 2 लाख 86 हजार रुपये बैठता है.

अगर 270 नए सांसदों पर यही हिसाब लागू करें, तो हर महीने करीब 7.72 करोड़ रुपये और सालाना लगभग 92.66 करोड़ रुपये का अतिरिक्त खर्च आएगा. इसके अलावा संसद सत्र या ड्यूटी के पात्र दिनों में 2,500 रुपये प्रतिदिन की दर से दैनिक भत्ता भी दिया जाता है. उदाहरण के लिए, यदि 270 नए सांसदों को साल में 60-60 दिन यह भत्ता मिले, तो यह रकम करीब 4.05 करोड़ रुपये होगी. हालांकि, यह वास्तविक सत्र दिनों और उपस्थिति की शर्तों पर निर्भर करेगा.

आवास, स्टाफ और MPLADS निधि का अलग गणित

नए सांसदों के आने से दिल्ली में करीब 270 अतिरिक्त आवासों या फ्लैट्स की जरूरत पड़ेगी, जिनके रखरखाव, फर्नीचर, बिजली-पानी और अन्य सुविधाओं पर खर्च जुड़ेगा. साथ ही संसद सचिवालय, समितियों, सुरक्षा, तकनीकी व्यवस्था और दफ्तरों के कामकाज पर भी असर पड़ेगा, जिसके लिए अलग से संसाधनों का आकलन करना होगा.

वहीं, सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास योजना (MPLADS) के तहत हर सांसद को सालाना 5 करोड़ रुपये तक की विकास राशि मिलती है. यदि यह योजना जारी रहती है और नए सांसदों को भी इसका लाभ मिलता है, तो 270 सांसदों के हिसाब से सालाना 1,350 करोड़ रुपये की अतिरिक्त विकास निधि का प्रावधान बन सकता है. स्पष्ट रहे कि यह सांसदों की निजी आय नहीं, बल्कि क्षेत्र के विकास कार्यों के लिए दी जाने वाली राशि है.

संसद के मौजूदा बजट और चुनाव खर्च पर क्या असर?

इस साल पेश केंद्रीय बजट में संसद के दोनों सदनों के कामकाज के लिए 1,492 करोड़ रुपये आवंटित किए गए थे. इसमें लोकसभा के लिए 1,009 करोड़ रुपये रखे गए, जिसमें सांसदों के वेतन-भत्तों व सुविधाओं के लिए 416.45 करोड़ रुपये और लोकसभा सचिवालय के लिए 586.03 करोड़ रुपये शामिल थे. सांसदों की संख्या बढ़ने पर इन मदों में इजाफा होना तय है.

जहां तक चुनाव कराने के खर्च की बात है, तो वह सीटों के बजाय मतदाताओं की संख्या, ईवीएम, वीवीपैट और मतदान कर्मियों पर अधिक निर्भर करता है, हालांकि रिकॉर्ड और क्लरिकल कामकाज का खर्च थोड़ा बढ़ सकता है. ऐतिहासिक आंकड़ों को देखें तो 1952 के चुनाव में 17.32 करोड़ से अधिक मतदाताओं पर 10.45 करोड़ रुपये खर्च हुए थे, जो 2004 में 67.14 करोड़ से ज्यादा मतदाताओं पर 1,113.88 करोड़ रुपये और 2009 में 71.69 करोड़ से अधिक मतदाताओं पर 846.67 करोड़ रुपये तक पहुंचा. वहीं, परिसीमन आयोग के गठन और कामकाज का खर्च भारत की संचित निधि (Consolidated Fund of India) तथा चुनाव आयोग से जुड़े मदों के जरिए वहन किया जाएगा.

विधानसभाओं में भी बढ़ेंगे विधायक और खर्च

परिसीमन का असर केवल लोकसभा तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि राज्यों की विधानसभा सीटों में भी बदलाव संभव है. अनुमान के मुताबिक, विधानसभा सीटें 4,123 से बढ़कर लगभग 6,185 से 6,186 तक पहुंच सकती हैं, जिससे करीब 2,000 विधायकों की संख्या बढ़ने की संभावना है.

चूंकि राज्यों में विधायकों के वेतन, भत्ते और स्थानीय क्षेत्र विकास निधि अलग-अलग कानूनों से तय होते हैं, इसलिए कुल खर्च का सटीक आंकड़ा बताना कठिन है. फिर भी विभिन्न राज्यों में एक विधायक का कुल मासिक पैकेज करीब 90,000 से 3.45 लाख रुपये के बीच माना जाता है, जो सालाना आधार पर लगभग 10.8 लाख से 41.4 लाख रुपये प्रति विधायक बैठता है. ऐसे में लोकसभा के साथ राज्यों की विधानसभाओं के बजट पर भी इस बदलाव का स्पष्ट प्रभाव दिखेगा.

यह भी पढ़ें: हो गया फैसला…; 50% बढ़ेंगी सीट, 25 साल का लॉक इन पीरियड; महिला आरक्षण पर क्या? जानें मोदी कैबिनेट के फैसले

-भारत एक्सप्रेस

Vaibhav Gupta

Recent Posts

28 नवंबर को दीपथुन पर जलाएं दीप, सुप्रीम कोर्ट का सख्त आदेश; नप गए अधिकारी

सुप्रीम कोर्ट ने मदुरै के तिरुपरमकुंड्रम पहाड़ी पर स्थित दीपथुन पर 28 नवंबर को दीप…

1 hour ago

सत्येंद्र जैन की बढ़ी मुश्किलें, जमानत रद्द करने की याचिका पर हाईकोर्ट ने जारी किया नोटिस

दिल्ली हाईकोर्ट ने दिल्ली जल बोर्ड टेंडर घोटाले में पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन की जमानत…

2 hours ago

महादेव बेटिंग ऐप मामला; वकील हिमांशु शेखर को सुप्रीम कोर्ट से फिलहाल राहत नहीं

महादेव बेटिंग ऐप मामले में गिरफ्तार वकील हिमांशु शेखर को सुप्रीम कोर्ट ने फिलहाल राहत…

2 hours ago

पश्चिम बंगाल में संविदाकर्मियों की बल्ले-बल्ले, वेतन में 8 हजार रुपये तक का इजाफा; जानें और क्या बदला

पश्चिम बंगाल सरकार ने VB-G RAM G परियोजना के संविदाकर्मियों के मासिक मानदेय में 6,000…

2 hours ago

IPL-2027 पर MI की नजर: न..न..करते कप्तानी के लिए कैसे माने रोहित शर्मा?

Rohit Sharma Returns As MI Captain: मुंबई इंडियंस ने IPL 2027 से पहले रोहित शर्मा…

2 hours ago

‘…लिपलॉक’, इंडियन आइडल के सेट पर ये क्या बोल गए इमरान हाशमी? हंसी से लोटपोट हुए सब

'इंडियन आइडल: लेजेंड्स रिटर्न' के सेट पर एक्टर इमरान हाशमी की जुबान फिसल गई और…

2 hours ago