देश

सेवा नहीं साजिश का औजार! FCRA बिल से कैसे विदेशी फंड पर लगेगी लगाम? जानें कानून के 50 साल का इतिहास

FCRA Amendment Bill 2026: संसद के मानसून सत्र में कई बिलों पर पर चर्चा हुई. कुछ पास हुए तो कुछ लाइन में हैं. इसी बीच चर्चा में विदेशी अंशदान (विनियमन) संशोधन विधेयक, 2026 (FCRA Bill 2026) का कानूनी मसौदा भी है. पहली नजर में यह केवल एक नया विधेयक लगता है, लेकिन इसकी परतें उधेड़िए तो इसके पीछे पांच दशकों की राजनीति, अंतरराष्ट्रीय कूटनीति, राष्ट्रीय सुरक्षा और करोड़ों रुपये के खेल की एक ऐसी दास्तान सामने आती है जिसने भारतीय लोकतंत्र को बार-बार मथने का काम किया है.

एक तरफ सरकार इसे देश की ‘संप्रभुता और सुरक्षा की ढाल’ बता रही है, तो दूसरी तरफ सामाजिक संस्थाओं और NGOs के गलियारों में सन्नाटा और चिंता का माहौल है. आखिर क्या है यह कानून, क्यों 1976 में जन्मा यह नियम 2026 में आकर एक बार फिर देश की सबसे बड़ी बहस बन गया है?

आपातकाल का वो दौर आया कानून (FCRA Rules 2026)

कहानी की शुरुआत आज से ठीक 50 साल पहले होती है. 1970 के दशक में जब शीतयुद्ध अपने चरम पर था, तब भारतीय राजनीति में विदेशी शक्तियों और उनके फंड के गुप्त प्रवेश को लेकर गंभीर चिंताएं जताई जाने लगीं. 1976 में तत्कालीन इंदिरा गांधी सरकार ने पहली बार ‘फॉरेन कंट्रीब्यूशन (रेगुलेशन) एक्ट’ यानी FCRA को जन्म दिया. मकसद एक ही था कि भारतीय चुनाव, राजनीति, न्यायपालिका और मीडिया को विदेशी प्रभाव और पैसे के दम पर होने वाली चालबाजियों से दूर रखना.

समय बदला, सरकारें बदलीं और 2010 में मनमोहन सिंह की सरकार ने पुराने कानून को निरस्त कर नया FCRA 2010 लागू किया, जिसमें 5 साल के लाइसेंस और संपत्तियों के प्रबंधन की नींव रखी गई. इसके बाद 2020 में मोदी सरकार ने इसे और सख्त करते हुए सब-ग्रांटिंग (दूसरे संगठनों को फंड ट्रांसफर करना) पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया.

50 सालों में FCRA का सफर (FCRA History 1976 to 2026)

  • 1976: आपातकाल के दौरान विदेशी चंदे पर नकेल कसने के लिए पहला कानून बना
  • 1984: सभी NGOs का रजिस्ट्रेशन अनिवार्य किया गया और ऑडिट की शक्तियां बढ़ाई गईं
  • 2010: कानून को नया रूप मिला; 5 साल का अनिवार्य नवीनीकरण (Renewal) लागू हुआ
  • 2020: फंड ट्रांसफर बैन हुआ, प्रशासनिक खर्च सीमा 50% से घटाकर 20% की गई और आधार अनिवार्य हुआ
  • 2026: निरस्त लाइसेंस वाले NGOs की संपत्तियों (Assets) के कस्टडी और टेकओवर के नए नियम पेश हुए

2026 के नए नियम और ‘संपत्तियों’ का विवाद (New FCRA rules for NGOs in India)

2026 का यह नया विधेयक उस मोड़ पर खड़ा है जहाँ सवाल सिर्फ पैसे का नहीं, बल्कि विदेशी पैसे से बने स्कूलों, अस्पतालों और सामुदायिक केंद्रों का है. अगर किसी NGO का FCRA लाइसेंस रद्द हो जाता है, तो उस चंदे से बनी करोड़ो की संपत्ति का क्या होगा? नए बिल के मुताबिक, सरकार एक ‘नामित प्राधिकरण’ (Designated Authority) बनाएगी, जो ऐसी संपत्तियों की देखरेख और कस्टडी अपने हाथ में लेगी. इसी प्रावधान ने पूर्वोत्तर से लेकर देश भर के नागरिक समाज में हलचल मचा दी है. कई संस्थाओं को डर है कि इससे उनकी स्वायत्तता पर हमला होगा.

FCRA 2026 बिल के मुख्य बिंदु (FCRA Bill Big Point)

  • संपत्तियों की कस्टडी: लाइसेंस रद्द या खत्म होने पर विदेशी फंड से बनी संपत्तियां अस्थायी तौर पर अथॉरिटी के पास जाएंगी.
  • सजा में नरमी: तकनीकी उल्लंघनों के लिए जेल की अधिकतम सजा 5 साल से घटाकर 1 साल करने का प्रस्ताव है.
  • लाइसेंस लैप्स नियम (धारा 14B): समय पर रिन्यू न कराने पर FCRA लाइसेंस अपने आप (Autolapse) खत्म माना जाएगा.
  • धर्मांतरण पर कसती नकेल: धर्म प्रचार या धर्मांतरण (Proselytization) के लिए आए पैसे को पूरी तरह प्रतिबंधित श्रेणी में रखा गया है.

आस्था, समाज और ‘चोर दरवाजे’ की लड़ाई

विदेशी चंदा हमेशा से केवल समाज सेवा का माध्यम नहीं रहा, बल्कि कई बार इसके पीछे छिपे एजेंडे ने सुरक्षा एजेंसियों की नींद उड़ाई है. सरकार का साफ कहना है कि बल, प्रलोभन या धोखे से कराए जाने वाले धर्मांतरण, चुनावों को प्रभावित करने की साजिशों और हिंसक विरोध प्रदर्शनों की आड़ में आने वाले ‘गंदे पैसे’ को हर हाल में रोकना होगा. जहां कानून का पालन करने वाले हजारों पंजीकृत संगठन हर साल करीब 23,000 करोड़ रुपये का चंदा पाकर शिक्षा और स्वास्थ्य में अलख जगा रहे हैं, वहीं संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त संस्थाओं पर ताला लटक रहा है.

किन लोगों और कामों पर है पूरी पाबंदी?

  • प्रतिबंधित संस्थाएं: चुनाव उम्मीदवार, सांसद/विधायक, जज, सरकारी कर्मचारी और मीडियाकर्मी/पत्रकार विदेशी चंदा नहीं ले सकते.
  • प्रतिबंधित काम: धर्मांतरण के लिए पैसा, दंगे भड़काने या सरकारी इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स को रोकने के लिए फंडिंग पूरी तरह गैर-कानूनी है.
  • अनिवार्य शर्तें: विदेशी पैसा सिर्फ और सिर्फ SBI की नई दिल्ली मुख्य शाखा के FCRA खाते में ही आएगा.

क्या भारत अकेला है? जानिए दुनिया का रुख (FCRA designated authority)

अक्सर यह नैरेटिव गढ़ा जाता है कि भारत ही विदेशी नागरिक समाज पर कड़े नियम थोप रहा है, लेकिन हकीकत यह है कि दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र भी अपने घर में विदेशी पैसे के हस्तक्षेप से सतर्क रहते हैं.

  • अमेरिका (FARA): 1938 से कानून लागू है और 2025 में इसे और ज्यादा सख्त कर दिया गया है.
  • ब्रिटेन (FIRS): जुलाई 2025 से नया कड़ा कानून प्रभावी हो चुका है.
  • कनाडा (2024): विदेशी हस्तक्षेप रोकने के लिए 2024 में ‘Foreign Influence’ कानून पास किया.

सुरक्षा और विश्वास का नया संतुलन

FCRA Bill 2026 किसी का गला घोंटने के लिए नहीं, बल्कि खिड़कियों को खुला रखते हुए दरवाजों पर पहरा मजबूत करने की कवायद है. सेवा के नाम पर आने वाला विदेशी दान भारतीय समाज के लिए वरदान साबित हुआ है, लेकिन जब वही दान गुप्त एजेंडे का औजार बन जाए, तो कानून का चाबुक चलना लाजमी है. आने वाले दिनों में यह देखना दिलचस्प होगा कि संसद इस बिल पर कैसे मुहर लगाती है और कैसे भारत अपनी सुरक्षा, संप्रभुता और जन-सेवा के बीच एक आदर्श संतुलन कायम करता है.

ये भी पढ़ें: शिवकुमार की बढ़ेगी ताकत या सिद्धारमैया का बैलेंस? दिल्ली में खडगे-राहुल की मुहर, कर्नाटक में 18 नए मंत्री फाइलन

संबंधित सवाल

  • What is the FCRA Amendment Bill 2026?
  • Foreign Contribution Regulation Act explained
  • New FCRA rules for NGOs in India
  • FCRA 2026 changes and foreign funding regulations
  • Section 15 FCRA assets custody provisions explained
  • FCRA online FC-4 return filing process
  • Difference between FCRA and FARA
  • SBI New Delhi Main Branch FCRA account rules
  • एफसीआरए बिल 2026 में क्या बदलाव हुए?
  • विदेशी अंशदान विनियमन अधिनियम (FCRA) क्या है?
  • एनजीओ के लिए विदेशी फंडिंग के नए नियम
  • FCRA 2020 और FCRA 2026 में क्या अंतर है?
  • एफसीआरए की धारा 15 क्या कहती है?
  • विदेशी चंदा कानून भारत की पूरी जानकारी
  • गृह मंत्रालय के नए एफसीआरए नियम क्या हैं?
Shyamdatt Chaturvedi

श्यामदत्त चतुर्वेदी एक अनुभवी मीडिया पेशेवर हैं. वर्तमान में नोएडा 'भारत एक्सप्रेस' में पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में सात वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले श्यामदत्त ने हिंदी डिजिटल प्लेटफॉर्म्स के लिए कंटेंट राइटिंग, रिपोर्टिंग, एडिटिंग और डेटा एनालिसिस में गहरी विशेषज्ञता हासिल की है. इससे पहले उन्होंने जी न्यूज, ईटीवी भारत, टीएफआई मीडिया, वे2न्यूज और सैफायर मीडिया लिमिटेड (इंडिया डेली लाइव) जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाई हैं. उन्होंने स्थानीय पंचायत से लेकर विधानसभा, लोकसभा तक की व्यापक कवरेज की. उन्होंने इंदिरा गांधी राष्ट्रीय जनजातीय विश्वविद्यालय (IGNTU), अमरकंटक से पत्रकारिता और जनसंचार में स्नातक (BJMC) करने के बाद, प्रतिष्ठित माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में मास्टर डिग्री (M.A.) हासिल की है.

Recent Posts

‘जाते-जाते और विकराल रूप लेगा मानसून!’ दिल्ली से UP तक 4 वेदर सिस्टम एक्टिव, जानें मौसम का हाल

IMD ने 16 सितंबर को दिल्ली-NCR, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और मध्य प्रदेश समेत…

39 minutes ago

Aaj Ka Rashifal: मिथुन और कन्या पर बरसेगा छप्परफाड़ पैसा! जानें सर्वार्थ सिद्धि योग से चमकेगा किन राशियों का भाग्य?

16 सितंबर 2026 को चंद्रमा के वृश्चिक राशि में गोचर और ज्योतिषीय योगों के बीच…

2 hours ago

PM मोदी के जन्मदिन से पहले भाजपा ने ‘सेवा संकल्प अभियान’ शुरू किया, रैली में कवर होंगे 1,159 गांव

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्ष के सार्वजनिक सेवा काल को पूरा करने के अवसर…

9 hours ago

संजू-अभिषेक का तूफानी गदर: भारत ने अफगानिस्तान को 7 विकेट से रौंदा, सीरीज पर 2-0 से जमाया कब्जा

India Vs Afghanistan T20: भारत ने अफगानिस्तान के खिलाफ मंगलवार को अरुण जेटली स्टेडियम में…

9 hours ago