सीएम योगी आदित्यनाथ (फोटो फाइल)
Ghosi Bypoll 2023: उत्तर प्रदेश के मऊ जिले के घोसी विधानसभा में 5 सितम्बर को होने जा रहे उपचुनाव को लेकर राजनीतिक दलों में संग्राम छिड़ा हुआ है. जहां एक ओर सपा के कद्दावर नेता घोसी में जमघट लगाए हुए हैं तो दूसरी ओर भाजपा के दिग्गज भी तेज धूप में जमकर पसीना बहा रहे हैं. शनिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी घोसी पहुंचे और पार्टी उम्मीदवार और पूर्व मंत्री दारा सिंह चौहान के लिए वोट मांगा व जनसभा को सम्बोधित किया. बता दें कि रविवार को घोसी विधानसभा उप चुनाव के लिए प्रचार अभियान का समापन हो रहा है.
इस मौके पर घोसी की जनता को सम्बोधित करते हुए यूपी सीएम योगी ने जनता से I.N.D.I.A विपक्षी गठबंधन के जाल में न फंसने की अपील की. उन्होंने कहा कि विपक्षी गठबंधन I.N.D.I.A छलावा मात्र है. सीएम योगी ने दावा किया कि ये गठबंधन एक विशेष परिवार को बचाने के लिए किया गया है. इससे न तो देश को फायदा होगा और न ही राज्य को. इस मौके पर उन्होंने घोसी की जनता से अपील की और कहा कि भाजपा पार्टी के उम्मीदवार दारा सिंह को जिताएं. चुनाव से ठीक दो दिन पहले घोसी पहुंचे सीएम योगी ने मुख्तार अंसारी को लेकर निशाना साधा और इस चुनाव के महत्व को समझाया.
मुख्यमंत्री ने कहा कि, घोसी का उप चुनाव कई मायनों में महत्वपूर्ण है. क्योंकि इसका महत्व वही समझ पाएंगे जिन्होंने 2005 में हुए मऊ के दंगों को नजदीक से महसूस किया होगा. सपा को घेरते हुए बोले कि, “तत्कालीन सपा सरकार में दंगाई खुलेआम असलहे लहराते हुए निर्दोषों की हत्या कर रहे थे. उस वक्त न तो केंद्र की कांग्रेस सरकार कुछ बोली, न ही राज्य की सपा सरकार कुछ कर पाई थी.” उन्होंने पुरानी यादें ताजा करते हुए कहा कि, जब 2005 में मऊ में दंगे हुए थे, उस वक्त मैं गोरखपुर से सांसद था, तब दंगाबाजों के खिलाफ लड़ने के लिए मैं ही गोरखपुर से चला था. इस मौके पर उन्होंने मुख्तार अंसारी का नाम लिए बगैर कहा कि, प्रदेश में 2017 में भाजपा सरकार बनने के बाद असलहा लहराने वाले, एके-47 लेकर चलने वाले माफिया आज व्हील चेयर पर अपनी जान की भीख मांगते हुए दिखाई दे रहे हैं.
सीएम योगी ने प्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर कहा कि, आज प्रदेश में कानून व्यवस्था का राज है. कानून के ऊपर कोई नहीं है. आज किसी गरीब की जमीन कोई कब्जा नहीं कर सकता. अगर ऐसा करता है तो उसके लिए बुलडोजर तैयार रहता है. योगी ने जनसभा को सम्बोधित करते हुए कहा कि, हमारी सरकार पीएम नरेंद्र मोदी के सबका विकास के नारे के साथ चल रही है. हमने प्रदेश में 55 लाख आवासों का निर्माण कराया है. इसी के साथ हाल ही में हुई गैस सिलेंडर की कीमतों में कटौती का जिक्र करते हुए कहा कि, गैस सिलेंडर 200 रुपए की सब्सिडी दी गई है. इसी के साथ विपक्षी गठबंधन पर हमला बोलते हुए कहा कि, दंगाई आज प्रधानमंत्री मोदी की जीत के रथ को रोकने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन वे सफल नहीं हो पाएंगे.
इस मौके पर जनसभा को सम्बोधित करते हुए योगी ने पीएम मोदी के लिए कहा कि, पूरी दुनिया आज केवल एक ही नेता की ओर देखती है. दुनिया के किसी भी कोने में संकट आने पर लोग आज केवल प्रधानमंत्री मोदी की तरफ आशा भरी निगाहों से देखते हैं. सीएम ने पीएम की प्रशंसा करते हुए कहा कि, आज मोदी जी की पहल पर ही हर समस्या का समाधान निकलता है. उन्होंने वैश्विक पटल पर भारत का सिर ऊंचा किया है.
विपक्षी गठबंधन I.N.D.I.A पर निशाना साधते हुए सीएम योगी ने कहा कि चाचा-भतीजा की सरकार के लोग परिवार के हित के लिए एकजुट हुए हैं और उनकी मंशा को हमें समझना होगा. इसी के साथ अयोध्या राम मंदिर का जिक्र करते हुए बोले कि, रामभक्तों पर गोली चलवाने आज किस प्रकार की बात कर रहे हैं, देख रहे हैं. उन्होंने कहा कि आज जब दुनिया आगे बढ़ृ रही है तो अल्पसंख्यकों को पीछे धकेलने का प्रयास किया जा रहा है. जबकि ऐसा नहीं है. हमारी सरकार बिना भेदभाव के सभी वर्ग का उत्थान किया है और सभी वर्ग को योजना का लाभ मिल रहा है.
मालूम हो कि घोसी के चुनावी मैदान में सपा प्रमुख अखिलेश यादव भी चुनावी डंका बजा चुके हैं. यहां पर सपा और भाजपा के बीच ही कड़ी टक्कर दिखाई दे रही है. जहां भाजपा की ओर से डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और बृजेश पाठक सहित तमाम दिग्गज नेता प्रचार में जुटे हैं तो वहीं सपा की ओर से प्रो. रामगोपाल यादव, शिवपाल यादव, प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल सेमत अन्य सभी नेताओं को उतार दिया है और सपा के उम्मीदवार सुधाकर सिंह को जिताने की अपील जनता से की जा रही है. फिलहाल राजनीतिक जानकार मानते हैं कि ये मुकाबला कड़ा होगा और दिलचस्प भी.
-भारत एक्सप्रेस
200 करोड़ रुपये के सुकेश चंद्रशेखर ठगी मामले में राऊज एवेन्यू कोर्ट ने बॉलीवुड अभिनेत्री…
अमित शाह के लखनऊ दौरे और प्रदेश कार्यसमिति बैठक के बाद साफ है कि यूपी…
दिल्ली की राऊज एवेन्यू कोर्ट ने DHFL घोटाले के मुख्य आरोपी वधावन बंधुओं पर अतिरिक्त…
PM Modi Bharat Parv 2026 Ekta Nagar: पीएम मोदी ने एकता नगर में 'भारत पर्व…
Amit Shah UP BJP working committee meeting Lucknow 2027: लखनऊ में अमित शाह का चुनावी…
इलाहाबाद हाईकोर्ट ने वकीलों को जबरन अदालत में पेश होने से रोके जाने पर कड़ी…