देश

कौशांबी पटाखा फैक्ट्री ब्लास्ट का आरोपी नौशाद एनकाउंटर में गिरफ्तार, पैर में लगी गोली

Kaushambi Firecracker Factory Blast: कौशांबी में पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण ब्लास्ट के बाद पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई तेज हो गई है. पुलिस ने मामले में नामजद आरोपी नौशाद को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस के मुताबिक, जवाबी कार्रवाई में नौशाद के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया. यह मुठभेड़ चरवा थाना क्षेत्र के तेरह मील गांव के पास हाईवे पर तड़के हुई.

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी

पुलिस के अनुसार, आरोपी नौशाद की तलाश में टीमें लगातार दबिश दे रही थीं. इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि नौशाद तेरह मील गांव के पास मौजूद है. सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने सुबह करीब 4 बजे इलाके में घेराबंदी की. पुलिस का दावा है कि आरोपी वहां से भागने की कोशिश कर रहा था. उसे रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी. इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें नौशाद के पैर में गोली लगी. उसके पास से अवैध तमंचा और कारतूस बरामद किए जाने का भी दावा किया गया है.

अस्पताल में भर्ती, पुलिस कर रही पूछताछ

गोली लगने के बाद पुलिस ने नौशाद को गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया. फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है. जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि पटाखा फैक्ट्री में हुए विस्फोट में उसकी क्या भूमिका थी और इतनी बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री वहां कैसे पहुंची.

पुलिसकर्मियों पर भी गिरी गाज

हादसे के बाद पुलिस की भूमिका पर भी सवाल उठे हैं. लापरवाही के आरोपों के बीच पिपरी थाना प्रभारी विकास सिंह को लाइन हाजिर कर दिया गया है. इसके अलावा चायल चौकी प्रभारी अमित द्विवेदी और पूर्व चौकी प्रभारी मनीष पाल को भी लाइन हाजिर किया गया है. बीट आरक्षी जितेंद्र कुमार और कृष्ण कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है. आरोप है कि अवैध पटाखा फैक्ट्री और विस्फोटक सामग्री के भंडारण की जानकारी होने के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई.

धमाके में 11 लोगों की मौत

यह हादसा सोमवार को पिपरी थाना क्षेत्र के महमूदपुर मनौरी कस्बे में हुआ था. पटाखा फैक्ट्री में आग लगने के बाद इतना तेज धमाका हुआ कि आसपास का इलाका दहल उठा. कई मकान मलबे में तब्दील हो गए और आसपास के घरों को भी भारी नुकसान पहुंचा. हादसे में बच्चों और महिलाओं समेत अब तक 11 लोगों की मौत हो चुकी है. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है.

छह लोगों के खिलाफ दर्ज है मुकदमा

पिपरी पुलिस ने मामले में छह लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है. FIR में नौशाद, शकील, उसके बेटे आदिल, पत्नी शबाना, कहकशा और बेटी शाइना को नामजद किया गया है. शकील की पत्नी शबाना और शाइना को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चार पुलिस टीमें लगाई गई हैं.

यह भी पढ़ें: यूपी: कौशांबी आग हादसे पर पीएम मोदी ने जताया दुख, आर्थिक मदद का ऐलान

लाइसेंस और विस्फोटक भंडारण की जांच

पुलिस अब फैक्ट्री से जुड़े लाइसेंस और विस्फोटक सामग्री के भंडारण से संबंधित दस्तावेजों की भी जांच कर रही है. बताया जा रहा है कि नौशाद अपने बेटे आदिल के नाम से ‘आदिल डीजे’ के नाम पर पटाखा फैक्ट्री चला रहा था. फैक्ट्री के खिलाफ करीब दो साल पहले कार्रवाई किए जाने की स्थानीय चर्चा भी है, हालांकि प्रशासन ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है.

प्रशासन का बुलडोजर एक्शन, ATS भी जांच में जुटी

हादसे के बाद प्रशासन ने घनी आबादी में विस्फोटक सामग्री के कथित अवैध भंडारण के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है. मनौरी में एक घर से भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री मिलने के बाद उसे सुरक्षित तरीके से हटाया गया और संबंधित मकान को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया गया. वहीं, मामले की गंभीरता को देखते हुए ATS भी जांच में शामिल हो गई है. एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि विस्फोटक सामग्री कहां से आई, भंडारण के नियमों का पालन हुआ या नहीं और इस पूरे मामले में कौन-कौन लोग शामिल हैं.

भारत एक्सप्रेस

Swati Pandey

Recent Posts

चीन-जापान की राह पर भारत! नथिंग के CEO बोले- मैन्युफैक्चरिंग तो बस शुरुआत है, R&D से बनेंगे ग्लोबल ब्रांड्स

Nothing CEO Carl Pei: उपभोक्ता इलेक्ट्रॉनिक्स कंपनी नथिंग के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) कार्ल पेई…

7 hours ago

CCTV फुटेज से खुली दान में चोरी की पोल! अयोध्या राम मंदिर मामले में SIT को मिले 105 चोरी के सबूत

Ayodhya Ram Mandir Donation Theft: सुप्रीम कोर्ट के सामने रखी गई स्टेटस रिपोर्ट में बताया…

7 hours ago

Asian Games में भारत का जलवा: दूसरे दिन आए 6 मेडल, टेबल टेनिस में पाकिस्तान को दो बार चटाई धूल

एशियन गेम्स 2026 के दूसरे दिन भारत ने निशानेबाजी और एमएमए (MMA) में 3 सिल्वर…

8 hours ago

IICC में आयोजित होगा ‘हिंदी मेरी जान 2026’ कवि सम्मेलन, भारत एक्सप्रेस के चेयरमैन उपेन्द्र राय किए गए आमंत्रित

भारत एक्सप्रेस के CMD एवं एडिटर-इन-चीफ उपेंद्र राय दिल्ली में होने जा रहे 'हिंदी मेरी…

8 hours ago