Bharat Express DD Free Dish

यूपी: कौशांबी आग हादसे पर पीएम मोदी ने जताया दुख, आर्थिक मदद का ऐलान

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में पटाखा फैक्ट्री भीषण हादसे में हुई 11 लोगों की मौत पर दुख जताया है. प्रधानमंत्री ने मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपए और घायलों को 50-50 हजार रुपए बतौर आर्थिक मदद देने की ऐलान किया है.

उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में सोमवार को पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण हादसे ने पूरे इलाके को हिला दिया है. पिपरी थाना क्षेत्र के मनौरी बाजार में एक पटाखा फैक्ट्री में अचानक आग लग गई. इसके बाद लगातार कई धमाके हुए. हादसा इतना भयानक था कि फैक्ट्री और आसपास की कुछ इमारतों को भी नुकसान पहुंचा. अब तक 11 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि पांच लोग घायल बताए जा रहे हैं.

हादसे की जानकारी सामने आने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना जताई है. उन्होंने कहा कि इस मुश्किल घड़ी में उनकी संवेदनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की.

मृतकों के परिवारों को 2 लाख रुपये की मदद

प्रधानमंत्री ने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के परिवार को 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने का ऐलान किया है. वहीं, हादसे में घायल हुए लोगों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी.

प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस घटना पर दुख जताते हुए कहा कि कौशांबी में पटाखा फैक्ट्री में हुए हादसे में लोगों की मौत बेहद दुखद है.

सीएम योगी ने अधिकारियों को दिए निर्देश

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी घटना पर गहरा दुख जताया है. उन्होंने अधिकारियों को घायलों के इलाज में किसी तरह की लापरवाही नहीं बरतने और प्रभावित परिवारों तक हर संभव मदद पहुंचाने के निर्देश दिए हैं.

सीएम योगी ने भी मृतकों के परिजनों को 2 लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए हैं. उन्होंने दिवंगत लोगों की आत्मा की शांति और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना की.

मलबे में अब भी लोगों की तलाश

हादसे के बाद पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और पूरे इलाके को घेर लिया गया. धमाकों के कारण फैक्ट्री का एक हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है. अधिकारियों को आशंका है कि मलबे के नीचे कुछ और लोग फंसे हो सकते हैं.

फिलहाल मलबा हटाने और तलाशी का काम जारी है. प्रशासन ने साफ किया है कि तलाशी के दौरान अगर कोई व्यक्ति घायल या जीवित मिलता है तो उसे तुरंत मेडिकल सहायता उपलब्ध कराई जाएगी.

दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई

जिला प्रशासन ने हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिया है. अधिकारियों के मुताबिक, मामले में कानून की गंभीर धाराओं के तहत आपराधिक मुकदमा दर्ज किया जाएगा. नियमों के तहत संपत्ति जब्त करने जैसे सख्त कदम भी उठाए जा सकते हैं.

ये भी पढ़ें- महानगरों की आपाधापी के बीच लोक संस्कृति का संगम, CMD उपेंद्र राय ने बताया क्यों खास है ‘बदरिया’ उत्सव?

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read