सीएम मोहन यादव के काफिले में शामिल गाड़ियों में डीजल की जगह पानी भर दिया गया.
मध्य प्रदेश के रतलाम जिले में आयोजित ‘एमपी राइज 2025’ रीजनल कॉन्क्लेव में शामिल होने जा रहे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव (CM Mohan Yadav) के काफिले के लिए लाए गए वाहनों में डीजल की जगह पानी भरे जाने का गंभीर मामला सामने आया है. घटना गुरुवार रात करीब 10 बजे की है, जब सीएम के काफिले में शामिल लगभग 19 इनोवा कारें ढोसी गांव स्थित भारत पेट्रोलियम के शक्ति फ्यूल्स पेट्रोल पंप पर डीजल भरवाने पहुंचीं.
डीजल भरवाने के कुछ समय बाद सभी गाड़ियां कुछ दूरी पर जाकर एक-एक कर बंद होने लगीं. वाहन चालकों ने तुरंत पेट्रोल पंप की गुणवत्ता पर संदेह जताया और इसकी सूचना प्रशासन को दी.
सूचना मिलते ही नायब तहसीलदार आशीष उपाध्याय, खाद्य एवं आपूर्ति अधिकारी आनंद गोरे सहित कई प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे. जब गाड़ियों के डीजल टैंक खुलवाए गए तो चौंकाने वाला खुलासा हुआ. प्रत्येक वाहन में भरे गए डीजल में से करीब आधा हिस्सा पानी निकला. इतना ही नहीं, एक ट्रक चालक ने भी शिकायत दर्ज कराई कि उसने करीब 200 लीटर डीजल डलवाया था, लेकिन कुछ ही दूरी चलने के बाद उसका वाहन भी बंद हो गया.
घटना की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने पेट्रोल पंप को तत्काल सील कर दिया. वहीं, भारत पेट्रोलियम के क्षेत्रीय प्रबंधक श्रीधर भी मौके पर पहुंचे. पेट्रोल पंप के कर्मचारियों ने सफाई दी कि हाल ही में हुई बारिश के चलते टैंक में पानी घुस गया होगा.
प्रशासन ने मामले की प्राथमिक जांच शुरू कर दी है और डीजल के नमूनों को प्रयोगशाला परीक्षण के लिए भेजा जा सकता है. इस बीच, मुख्यमंत्री के काफिले के लिए इंदौर से विकल्प के तौर पर नई गाड़ियां मंगवाई गईं.
-भारत एक्सप्रेस
जूना अखाड़े के आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरि ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की…
सुप्रीम कोर्ट ने नंदीग्राम उपचुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार मिलन प्रधान की अंतरिम जमानत के खिलाफ…
Pakistan Political Crisis: पाकिस्तान में शहबाज शरीफ, असीम मुनीर और मोहसिन नकवी के बीच बढ़ती…
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी ने बुधवार को कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन और…
गेल (इंडिया) लिमिटेड ने स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए 'वाह क्या एनर्जी है'…
हेमचन्द्र विक्रमादित्य, जिन्हें इतिहास में हेमू के नाम से भी जाना जाता है, 16वीं सदी…