भारत और अमेरिका के बीच होने वाले व्यापार समझौते को लेकर देश की सियासत में जबरदस्त घमासान छिड़ गया है. एक तरफ जहां राहुल गांधी इस समझौते को किसानों के लिए ‘मौत का फरमान’ बता रहे हैं, वहीं केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने मोर्चा संभालते हुए राहुल गांधी के दावों को सिरे से खारिज कर दिया है. गोयल ने दो टूक शब्दों में कहा कि राहुल गांधी केवल ‘नाटक’ कर रहे हैं और किसानों के कंधे पर बंदूक रखकर अपनी राजनीति चमकाने की कोशिश में जुटे हैं.
दरअसल, विवाद की शुरुआत राहुल गांधी के उस बयान से हुई जिसमें उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर सीधा हमला बोला था. राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर लिखा कि सरकार अमेरिका के साथ जो व्यापार समझौता कर रही है, वह भारतीय किसानों की आजीविका पर सीधा हमला है. उन्होंने आरोप लगाया कि विदेशी फसलें भारी सब्सिडी के साथ भारतीय बाजारों में आएंगी, जिससे हमारे किसान बर्बाद हो जाएंगे. राहुल गांधी ने संसद में किसान संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ हुई अपनी मुलाकात का हवाला देते हुए कहा कि अन्नदाता डरा हुआ है और महंगाई तथा लागत के बोझ तले पहले से ही दबा हुआ किसान अब विदेशी प्रतिस्पर्धा का सामना करने की स्थिति में नहीं है.
राहुल गांधी के इन आरोपों पर पीयूष गोयल ने पलटवार करने में जरा भी देर नहीं लगाई. गोयल ने कहा कि राहुल गांधी ने एक बार फिर सुनियोजित तरीके से पूरी तरह बनावटी और झूठी कहानी गढ़ी है.
उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी जिन लोगों को किसान बताकर मिल रहे हैं, वे असल में कांग्रेस के कार्यकर्ता हैं जो किसान नेता होने का ढोंग कर रहे हैं. गोयल के मुताबिक यह पूरी बातचीत पहले से लिखी गई एक स्क्रिप्ट का हिस्सा है जिसका मकसद केवल जनता को गुमराह करना है.
मंत्री ने देश के किसानों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि मोदी सरकार ने इस समझौते में अन्नदाताओं, मछुआरों, एमएसएमई और स्टार्टअप्स के हितों को पूरी तरह सुरक्षित रखा है. उन्होंने पूरी जिम्मेदारी के साथ यह दावा किया कि संवेदनशील फसलों और डेयरी जैसे क्षेत्रों को लेकर कोई समझौता नहीं किया गया है. गोयल ने राहुल गांधी को ‘नाटकबाज’ करार देते हुए कहा कि वे लगातार मनगढ़ंत कहानियों के जरिए ग्रामीण आबादी में डर पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन हकीकत यह है कि यह समझौता भारतीय उत्पादों के लिए अमेरिका जैसे बड़े बाजारों के दरवाजे खोलेगा.
ये भी पढ़ें: दुनिया की ग्रोथ में भारत का 16% योगदान, आगे और बढ़ेगी हिस्सेदारी: पीएम मोदी
-भारत एक्सप्रेस
Pallavi Patel Social Justice Politics: पल्लवी पटेल की राजनीति उत्तर प्रदेश में पिछड़े वर्गों के…
UP Politics; लगातार 7 जीत, निर्दलीय से अपनी पार्टी का सफर और सीबीआई कोर्ट से…
उत्तर प्रदेश को 1 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने की रणनीति में इंफ्रास्ट्रक्चर, निवेश, MSME,…
UP Budget 2026-27: उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक के स्वास्थ्य सुधारों का ध्यान अस्पतालों के निरीक्षण, बुनियादी…
Western UP Politics: चंद्रशेखर आजाद ने संवैधानिक अधिकारों, शिक्षा, गरिमा, जमीनी सक्रियता और राजनीतिक प्रतिनिधित्व…
छोटे दुकानदारों और स्व-रोजगार से जुड़े लोगों को बुढ़ापे में आर्थिक सुरक्षा देने के लिए…