प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को अपने ‘मन की बात’ कार्यक्रम के 135वें एपिसोड में मेघालय के विश्व प्रसिद्ध ‘लिविंग रूट ब्रिज’ की जमकर सराहना की. उन्होंने कहा कि मेघालय की पहचान सिर्फ वहां के खूबसूरत बादलों और वादियों तक सीमित नहीं है, बल्कि वहां के लोगों द्वारा रबर के पेड़ों की जड़ों से तैयार किए गए ये अनोखे पुल पूरी दुनिया के लिए अजूबा हैं.
पीएम मोदी ने बताया कि ये रूट ब्रिज सीमेंट या लोहे के सामान्य पुलों की तरह नहीं होते. इन्हें स्थानीय जनजातियों द्वारा रबर के पेड़ों की जीवित जड़ों को धीरे-धीरे सही दिशा देकर नदी-झरनों के पार ले जाकर तैयार किया जाता है. इस काम में कुछ दिन या साल नहीं, बल्कि कई दशक का समय लग जाता है. यह इंसान और प्रकृति के बीच के गहरे जुड़ाव और धैर्य का सबसे खूबसूरत उदाहरण है. समय के साथ ये पुल कमजोर होने के बजाय और ज्यादा मजबूत होते जाते हैं.
प्रधानमंत्री ने देशवासियों को एक बड़ी खुशखबरी देते हुए बताया कि भारत सरकार ने इन अद्भुत रूट ब्रिजों को यूनेस्को (UNESCO) की ‘वर्ल्ड हेरिटेज साइट’ की लिस्ट में शामिल कराने के लिए आधिकारिक आवेदन किया है.
जलवायु परिवर्तन के इस दौर में इन पुलों को बचाने के लिए पीएम मोदी ने मेघालय के स्थानीय समुदायों की पीठ थपथपाई. उन्होंने बताया कि आज वहां के लोग खुद आगे आकर 120 से अधिक ऐसे रूट ब्रिजों की देखरेख कर रहे हैं. प्रधानमंत्री ने इस मुहिम से जुड़े ‘हैली वार जी’ का विशेष रूप से नाम लिया, जिन्हें इस साल पद्म पुरस्कार से सम्मानित किया गया है. हैली वार जी ने अपने जीवन के 50 से ज्यादा साल इन पुलों के संरक्षण में लगा दिए.
आखरी में पीएम मोदी ने देशवासियों से अपील की कि जो लोग भी मेघालय घूम चुके हैं, वे इन पुलों की तस्वीरें और अपने अनुभव सोशल मीडिया पर जरूर शेयर करें ताकि पूरी दुनिया भारत की इस अनोखी विरासत को जान सके.
ये भी पढ़ें: त्योहारों से पहले कुम्हारों के समर्थन में उतरे पीएम मोदी, बताया क्यों जरूरी है मिट्टी के गणेश की पूजा करना
-भारत एक्सप्रेस
सज्जाद जहीर उर्दू साहित्य के प्रमुख लेखक, प्रगतिशील लेखक संघ के संस्थापक और कम्युनिस्ट विचारक…
UPSC Mains Result 2026 Civil Services exam interview: UPSC ने सिविल सेवा मुख्य परीक्षा 2026…
Bihar News: दरभंगा के सकतपुर थाना क्षेत्र में गश्त के दौरान एएसआई रणधीर कुमार को…
UP Assembly Election 2027: यूपी विधानसभा चुनाव 2027 से पहले अखिलेश यादव के चुनाव नहीं…
Film Notice Pankaj Jha Bharat Express podcast Arun Govil: फिल्म 'नोटिस' में 39 साल बाद…
दिल्ली पुलिस की हेड कॉन्स्टेबल चंचल ने एक साल के भीतर 119 लापता बच्चों और…