Bharat Express DD Free Dish
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital

त्योहारों से पहले कुम्हारों के समर्थन में उतरे पीएम मोदी, बताया क्यों जरूरी है मिट्टी के गणेश की पूजा करना

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘मन की बात’ के 135वें एपिसोड में गणेश उत्सव को लेकर देशवासियों से विशेष अपील की है. उन्होंने कहा कि लोग प्लास्टर ऑफ पेरिस (POP) की मूर्तियों के बजाय स्थानीय कुम्हारों द्वारा बनाई गई मिट्टी की मूर्तियों को ही खरीदें.

PM Modi

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 135वें एपिसोड के जरिए देश को संबोधित किया. हालांकि गणेश उत्सव आने में अभी काफी वक्त है, लेकिन पीएम मोदी ने देशवासियों से अभी से ही एक बेहद जरूरी तैयारी शुरू करने का आग्रह किया है. उन्होंने लोगों से अपील की है कि इस बार त्योहारों के सीजन में पर्यावरण की रक्षा और स्थानीय कारीगरों की मदद के लिए केवल मिट्टी से बनी मूर्तियों को ही प्राथमिकता दें.

समय से पहले क्यों की अपील?

प्रधानमंत्री ने बताया कि देश के कई हिस्सों से लोगों ने उन्हें पत्र लिखकर इस मुद्दे पर जल्दी बात करने का सुझाव दिया था. दरअसल, गणपति बप्पा की मूर्तियां बनाने का काम महीनों पहले ही शुरू हो जाता है और हमारे स्थानीय मूर्तिकार व कुम्हार अभी से तैयारियों में जुट जाते हैं. पीएम ने कहा, ‘मेरा आप सभी से आग्रह है कि आपके घरों, सोसाइटियों या पंडालों में जो भी मूर्ति स्थापित हो, वह हमारे अपने देश की मिट्टी और हमारे स्थानीय कलाकारों के हाथों से ही तैयार हुई हो.’

प्लास्टर ऑफ पेरिस को कहें ‘ना’

पीएम मोदी ने कहा कि लोग प्लास्टर ऑफ पेरिस (POP) से बनी केमिकल वाली मूर्तियों को खरीदने से पूरी तरह बचें. मिट्टी की मूर्तियां पूजा के बाद आसानी से पानी में विलीन हो जाती हैं, जिससे हमारी नदियां, तालाब और पूरा पर्यावरण सुरक्षित रहता है. इससे हमारी धार्मिक आस्था भी बनी रहती है और प्रकृति के प्रति हमारा फर्ज भी पूरा होता है. जब हम अपने स्थानीय कुम्हारों से बप्पा की मूर्ति खरीदेंगे, तो इससे ‘वोकल फॉर लोकल’ का हमारा संकल्प और मजबूत होगा और इन गरीब परिवारों के घरों में भी खुशहाली आएगी.

पीएम ने भरोसा जताया कि इस बार देशवासी इस मुहिम को गंभीरता से लेंगे, क्योंकि जब समाज एकजुट होकर कोई संकल्प लेता है, तो बहुत बड़ा बदलाव आता है.

ये भी पढ़ें: मन की बात @135: पीएम मोदी ने की ‘नागालैंड बेबी लीग’ और ‘विमेंस फुटसल लीग’ की तारीफ

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Kanya Sumangla Mission Shakti Digital