प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी को उस दिन खास सम्मान दिया, जिस दिन उन्होंने गोरखपुर में उनकी माता से मिलने के लिए 150 मीटर पैदल चलकर उनके घर तक का सफर तय किया. यह मौका 7 जुलाई 2023 का था, जब प्रधानमंत्री गीता प्रेस के शताब्दी वर्ष समारोह में भाग लेने गोरखपुर पहुंचे थे. अपने पूर्व निर्धारित कार्यक्रमों में से समय निकालकर, पीएम मोदी बिना किसी औपचारिक सूचना के अचानक पंकज चौधरी के घर पहुंच गए.
प्रधानमंत्री का यह दौरा पंकज चौधरी के लिए एक बड़ा राजनीतिक संकेत माना गया. उनके इस कदम से स्पष्ट हो गया कि पीएम मोदी अपने समर्पित कार्यकर्ताओं और सहयोगियों को कितना महत्व देते हैं.
गोरखपुर के घंटाघर हरिवंश गली में स्थित पंकज चौधरी के घर का रास्ता संकरा है. इस वजह से प्रधानमंत्री का वाहन करीब 150 मीटर दूर ही रुक गया. इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उनके साथ मौजूद राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ पैदल ही चलते हुए केंद्रीय मंत्री के आवास पर पहुंचे.
घर पहुंचने पर, केंद्रीय मंत्री की माता और पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष उज्ज्वला चौधरी ने आरती उतारकर प्रधानमंत्री का स्वागत किया. पीएम मोदी ने माता जी से कहा, “आप मुझसे मिलने आने वाली थीं, देखिए मैं ही आ गया.” उन्होंने परिवार के सभी सदस्यों से मुलाकात की और उनके हालचाल जाने.
इसी दौरान, प्रधानमंत्री की नजर कोने में खड़ी सात साल की एक बच्ची पर पड़ी. उन्होंने बच्ची को प्यार से बुलाया, उसका कान पकड़ा और अपने पास लाकर उसके साथ फोटो भी खिंचवाई. प्रधानमंत्री लगभग 12 मिनट तक केंद्रीय मंत्री के घर पर रुके.
केंद्रीय मंत्री की माता उज्ज्वला चौधरी ने प्रधानमंत्री को आशीर्वाद के रूप में ₹101, हल्दी और अक्षत सगुन के तौर पर दिए. साथ ही, उन्होंने हनुमान जी की एक मूर्ति भी भेंट की. प्रधानमंत्री मोदी ने ये सभी भेंट स्वीकार करते हुए कहा कि वह तो यहां अधिक समय बिताने की सोचकर आए थे, लेकिन मुख्य कार्यक्रम में ज्यादा समय लग गया. इसके बाद उन्होंने बच्चों को बुलाकर उन्हें दुलार किया.
जब उज्ज्वला चौधरी ने उन्हें पानी और चाय पीने का ऑफर दिया, तो पीएम के साथ मौजूद एसपीजी (विशेष सुरक्षा दल) ने अपने साथ लाए पानी और चाय उन्हें दी.
प्रधानमंत्री मोदी के पंकज चौधरी के घर पहुंचने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ था. घर के दरवाजे पर खड़े होकर पीएम मोदी ने पंकज चौधरी से पूछा था कि- “जूता निकाल के अंदर जाना है”. प्रधानमंत्री की इस सादगी भरी बात पर पंकज चौधरी ने अत्यंत विनम्रता के साथ उनका आभार व्यक्त किया और उनसे जूता पहनकर ही घर के अंदर प्रवेश करने का आग्रह किया.
इस पल को किसी ने रिकॉर्ड कर लिया था. यह वीडियो तेजी से वायरल हुआ और लोगों ने प्रधानमंत्री की इस सरलता और सादगी की जमकर तारीफ की.
पंकज चौधरी के पारिवारिक शुभचिंतक और हिंदी बाजार के संरक्षक पंकज गोयल ने बताया कि जब पीएम मोदी के अचानक पंकज चौधरी के घर आने की जानकारी मिली तो सभी लोग हैरान रह गए थे. सुरक्षा और अन्य प्रोटोकॉल अधिकारी आनन-फानन में जब घर की तरफ भागे और प्रधानमंत्री के आने का तय हुआ तो सभी को यह महसूस हुआ कि पीएम अपने सांसद और पार्टी कार्यकर्ताओं का कितना ख्याल रखते हैं.
ये भी पढें: संसद पर हमले की 24वीं बरसी: उपराष्ट्रपति, पीएम मोदी और सीआईएसएफ ने शहीदों को दी श्रद्धांजलि
-भारत एक्सप्रेस
Pallavi Patel Social Justice Politics: पल्लवी पटेल की राजनीति उत्तर प्रदेश में पिछड़े वर्गों के…
UP Politics; लगातार 7 जीत, निर्दलीय से अपनी पार्टी का सफर और सीबीआई कोर्ट से…
उत्तर प्रदेश को 1 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने की रणनीति में इंफ्रास्ट्रक्चर, निवेश, MSME,…
UP Budget 2026-27: उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक के स्वास्थ्य सुधारों का ध्यान अस्पतालों के निरीक्षण, बुनियादी…
Western UP Politics: चंद्रशेखर आजाद ने संवैधानिक अधिकारों, शिक्षा, गरिमा, जमीनी सक्रियता और राजनीतिक प्रतिनिधित्व…
छोटे दुकानदारों और स्व-रोजगार से जुड़े लोगों को बुढ़ापे में आर्थिक सुरक्षा देने के लिए…