IPL 2025 KKR vs PBKS Match Preview: आईपीएल 2025 के 44वें मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) और पंजाब किंग्स (PBKS) के बीच जोरदार भिड़ंत होने वाली है. यह मुकाबला कोलकाता के ऐतिहासिक ईडन गार्डन्स मैदान पर खेला जाएगा. पॉइंट्स टेबल की बात करें तो पंजाब किंग्स 10 अंकों के साथ पांचवें स्थान पर बनी हुई है, जबकि केकेआर अब तक 8 मैचों में सिर्फ तीन जीत के साथ सातवें पायदान पर है.
कोलकाता की टीम लगातार दो मैच हार चुकी है और एक और हार उनके प्लेऑफ के रास्ते को काफी मुश्किल बना सकती है. दूसरी तरफ, पंजाब किंग्स भी अपना पिछला मुकाबला हारकर आ रही है, लेकिन उनकी स्थिति थोड़ी बेहतर है. दोनों टीमें इस मैच को जीतकर अपने अभियान को पटरी पर लाना चाहेंगी.
अब तक दोनों टीमों के बीच खेले गए 34 मुकाबलों में से केकेआर ने 21 में जीत दर्ज की है, जबकि पंजाब किंग्स को 13 बार सफलता मिली है. खासकर ईडन गार्डन्स पर केकेआर ने 13 में से 9 मुकाबले जीते हैं. हालांकि, हाल के मुकाबलों में पंजाब किंग्स ने भी केकेआर को कड़ी टक्कर दी है. इस सीजन की पहली टक्कर में पंजाब ने केकेआर को 16 रन से हराया था, जहां युजवेंद्र चहल ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट झटके थे.
केकेआर के वेंकटेश अय्यर का फॉर्म इस सीजन निराशाजनक रहा है. 6 पारियों में तीन बार वे सिंगल डिजिट स्कोर पर आउट हुए हैं. खासतौर पर गुजरात टाइटंस के खिलाफ उनका 19 गेंदों पर 14 रन बनाना उनकी संघर्षपूर्ण स्थिति को दिखाता है. इस मुकाबले में वेंकटेश का सामना पंजाब के तेज गेंदबाज मार्को जानसेन से होगा, जिन्होंने अब तक उन्हें चार पारियों में तीन बार आउट किया है.
श्रेयस अय्यर ने सीजन की शुरुआत अच्छी की थी, लेकिन हाल के मैचों में उनका बल्ला खामोश रहा है. वहीं आंद्रे रसेल का बल्ले और गेंद दोनों से औसत प्रदर्शन रहा है. दिलचस्प बात यह है कि रसेल ने 9 मुकाबलों में श्रेयस को 5 बार पवेलियन भेजा है.
पंजाब किंग्स के युजवेंद्र चहल ने धीमी शुरुआत के बाद जबरदस्त वापसी की है. पिछले तीन मैचों में उन्होंने 7 विकेट चटकाए हैं, जिनमें केकेआर के खिलाफ 4 विकेट शामिल थे. उनकी गेंदबाजी में फ्लाइट, उछाल और विविधता ने विरोधी बल्लेबाजों को परेशान किया है.
केकेआर की बल्लेबाजी इस सीजन उम्मीदों पर खरी नहीं उतरी है. सुनील नरेन जैसे दिग्गज पूरी तरह नाकाम रहे हैं. अजिंक्य रहाणे और अंगकृष रघुवंशी को छोड़कर बाकी बल्लेबाजों का प्रदर्शन फीका रहा है. गेंदबाजी में हर्षित राणा (11 विकेट), वरुण चक्रवर्ती (10 विकेट) और वैभव अरोड़ा (9 विकेट) ने बढ़िया योगदान दिया है और इस मैच में उनसे एक बार फिर बड़ी जिम्मेदारी निभाने की उम्मीद होगी.
वहीं पंजाब किंग्स के बल्लेबाज प्रभसिमरन सिंह और प्रियांश आर्य ने पावरप्ले में शानदार खेल दिखाया है. उनका रन रेट 10.67 है, जो इस सीजन सबसे बेहतर है. हालांकि, गेंदबाजी में पावरप्ले के दौरान वे केवल 10 विकेट ही ले सके हैं, जो चिंता का विषय है. दोनों टीमों के मध्यक्रम में भी कमजोरी देखने को मिली है, केकेआर का औसत 20.47 और पंजाब का 23.90 रहा है.
ईडन गार्डन्स की पिच बल्लेबाजों के लिए मददगार मानी जाती है, लेकिन हाल के मैच में यहां स्पिनर्स को भी काफी टर्न मिला था. ओस की मौजूदगी के बावजूद टॉस जीतने वाली टीम पहले बल्लेबाजी करने पर विचार कर सकती है.
ये भी पढ़ें- IPL 2025 : सीएसके के खराब प्रदर्शन के बीच सामने आई रवींद्र जडेजा की ‘सबसे बड़ी कमजोरी’, जानें क्या है?
-भारत एक्सप्रेस
E20 Petrol Quality Check: कर्नाटक में पेट्रोल के 14 सैंपल की जांच में 11 में…
Delhi NCR Weather: दिल्ली-NCR में प्रदूषण का स्तर गंभीर होता जा रहा है. शनिवार सुबह…
Aaj Ka Panchang 7 November 2026: आज 7 नवंबर को काली चौदस और मासिक शिवरात्रि…
Aaj Ka Rashifal 7 November 2026: 7 नवंबर 2026 का दिन कन्या और मिथुन समेत…
केंद्र सरकार ने ECMS के तहत 12 नए प्रोजेक्ट्स को मंजूरी दी. ₹7,500 करोड़ से…
Meerut Fake Silver Foil Factory: मेरठ के परतापुर थाना क्षेत्र के काशी गांव में खाद्य…