NEET UG Paper Leak
NEET UG Paper Leak: NEET UG 2026 पेपर लीक मामले में बड़ी कानूनी कार्रवाई हुई है. दिल्ली की राऊज एवेन्यू कोर्ट ने इस हाई-प्रोफाइल मामले में 14 आरोपियों के खिलाफ अलग-अलग धाराओं के तहत आरोप तय कर दिए हैं. फास्ट ट्रैक कोर्ट के स्पेशल जज अजय गुप्ता ने मामले में आरोप तय करते हुए 25 नवंबर से रोजाना सुनवाई करने का आदेश दिया है. इस फैसले के बाद अब मामले की सुनवाई में तेजी आने की उम्मीद है. सभी 14 आरोपी फिलहाल न्यायिक हिरासत में हैं.
अदालत ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS), भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम और सार्वजनिक परीक्षा अनुचित साधनों की रोकथाम अधिनियम के तहत आरोप तय करने का आदेश दिया है. आरोपियों में यश यादव, मांगीलाल बिवाल, दिनेश बिवाल, विकास बिवाल, शुभम खैरनार, धनंजय लोखंडे, प्रहलाद कुलकर्णी, तेजस हर्षद कुमार, डॉ. मनोज शिरूरे, शिवराज रघुनाथ मोटेगांवकर, मनीषा वाघमारे, मनीषा मंधारे, मनीषा संजय हवलदार और शेषराव बजरंग सूर्यवंशी शामिल हैं.
इस मामले की जांच कर रही केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने अदालत में करीब 20 हजार पन्नों की विस्तृत चार्जशीट दाखिल की है. इससे पहले जांच एजेंसी ने जुलाई में अपनी पहली चार्जशीट पेश की थी, जिस पर अदालत ने 12 अगस्त को संज्ञान लिया था. जांच के दौरान सीबीआई ने मामले में 14 लोगों के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया है. एजेंसी का कहना है कि पेपर लीक की साजिश में शामिल कुछ अन्य लोगों की भूमिका की जांच अभी भी जारी है.
इस मामले में गिरफ्तार 14वें आरोपी शेषराव बजरंग सूर्यवंशी को आरोपी शुभम खैरनार का करीबी सहयोगी बताया गया है. सीबीआई के अनुसार, सूर्यवंशी ने परीक्षा से पहले उम्मीदवारों को नीट-यूजी का प्रश्नपत्र उपलब्ध कराया था. वह महाराष्ट्र के पुणे का रहने वाला है. इससे पहले अदालत ने सीबीआई को मामले में दोबारा जांच करने की अनुमति दी थी. इसके बाद जांच एजेंसी ने सूर्यवंशी के खिलाफ सप्लीमेंट्री चार्जशीट दाखिल की थी.
सीबीआई ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 315(5), 318(4), 61(2), 238 और 303(2) के अलावा भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 13(2) और 13(1)(ए) के तहत मामला दर्ज किया है. साथ ही सार्वजनिक परीक्षा अनुचित साधनों की रोकथाम अधिनियम की धारा 3, 4, 5, 10 और 11 भी लगाई गई हैं.
अब 25 नवंबर से रोजाना सुनवाई के जरिए अदालत इस मामले की आगे की कार्यवाही करेगी. नीट पेपर लीक मामले में लाखों छात्रों और उनके अभिभावकों की नजरें इस सुनवाई पर टिकी रहेंगी.
भारत एक्सप्रेस
बांग्लादेश के सिलहट जिले में BGB द्वारा हिरासत में लिए गए BSF जवान को दोनों…
Kiara Advani Baby Shower: कियारा आडवाणी और सिद्धार्थ मल्होत्रा की दूसरी प्रेग्नेंसी के बीच एक्ट्रेस…
Windfall Tax Effect: सरकार ने डीजल और ATF के निर्यात पर विंडफॉल टैक्स बढ़ा दिया…
Tata Sons Listing: RBI ने टाटा संस को अपर-लेयर NBFC के सभी नियमों का पालन…
Budhni Triple Murder Case: मध्य प्रदेश के सीहोर जिले के बुधनी के वार्ड-12 में बुधवार…
जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में सुरक्षा बलों ने मुठभेड़ के दौरान लश्कर-ए-तैयबा के स्थानीय आतंकवादी लतीफ…