सेमीफाइनल में हार के बाद भावुक हुई पाक कप्तान फातिमा सना
PAK vs SL Women Asia Cup 2026: विमेंस एशिया कप 2026 के सेमीफाइनल में पाकिस्तान को श्रीलंका के हाथों 4 विकेट से हार का सामना करना पड़ा. इस हार के बाद पाकिस्तानी कप्तान फातिमा सना खुद को संभाल नहीं पाईं और मैदान पर ही उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े. फातिमा ने इस मुकाबले में बल्ले और गेंद, दोनों से शानदार प्रदर्शन किया, लेकिन उनकी कोशिश पाकिस्तान को फाइनल तक नहीं पहुंचा सकी.
दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 130 रन बनाए. शुरुआत में पाकिस्तान की स्थिति अच्छी नहीं थी और विकेट लगातार गिर रहे थे. ऐसे मुश्किल वक्त में फातिमा सना ने मोर्चा संभाला. उन्होंने 36 गेंदों पर नाबाद 47 रन की अहम पारी खेली.
गर्मी और दबाव के बीच फातिमा को क्रैम्प्स की परेशानी भी हुई, लेकिन उन्होंने मैदान नहीं छोड़ा. तुबा हसन के साथ मिलकर उन्होंने आखिरी चार ओवरों में तेजी से रन जुटाए और पाकिस्तान को 130 रन के सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया.
लक्ष्य का बचाव करने उतरी पाकिस्तान की शुरुआत भी शानदार रही. फातिमा सना ने अपने पहले ही ओवर में श्रीलंका की कप्तान चमारी अटापट्टू और संजना कविंदी को लगातार गेंदों पर आउट कर दिया. कुछ ही देर में श्रीलंका के चार विकेट 33 रन पर गिर गए थे और मुकाबला पाकिस्तान की पकड़ में नजर आने लगा.
लेकिन इसके बाद हर्षिता समरविक्रमा और कविशा दिलहारी ने मैच का रुख बदल दिया. दोनों ने 67 रन की साझेदारी करके श्रीलंका को फिर मुकाबले में ला खड़ा किया. फातिमा ने वापसी करते हुए पहले हर्षिता को और फिर कविशा को आउट कर दिया. इस तरह उन्होंने मैच में कुल चार विकेट अपने नाम किए.
इसके बावजूद पाकिस्तान जीत से दूर रह गया. कौशानी नुत्यांगना और नीलाक्षिका सिल्वा ने आखिर में जिम्मेदारी संभाली. नुत्यांगना ने फातिमा की गेंद पर अंतरराष्ट्रीय करियर का पहला छक्का लगाया, जबकि सिल्वा ने चौका लगाकर श्रीलंका को फाइनल में पहुंचा दिया.
ये भी पढ़ें: टीम इंडिया का छोड़ा साथ… BCCI को सौंपा इस्तीफा, इस शख्स के जाने से कितनी बढ़ेंगी मुश्किलें
फातिमा सना को उनके शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया. उन्होंने 47 रन बनाए और चार विकेट भी लिए, लेकिन टीम की हार का दर्द इस व्यक्तिगत उपलब्धि पर भारी पड़ा.
मैच के बाद फातिमा भावुक हो गईं. उनकी आंखों से बहते आंसू बता रहे थे कि उन्होंने पाकिस्तान को फाइनल तक पहुंचाने के लिए अपनी पूरी ताकत लगा दी थी. उन्होंने माना कि फील्डिंग में हुई गलतियों ने टीम को नुकसान पहुंचाया और 130 रन का स्कोर बचाया जा सकता था. साथ ही उन्होंने बल्लेबाजी में सुधार की जरूरत भी स्वीकार की. श्रीलंका की पाकिस्तान के खिलाफ विमेंस एशिया कप सेमीफाइनल में यह लगातार तीसरी जीत है. अब 13 सितंबर को फाइनल में श्रीलंका का सामना भारत से है.
-भारत एक्सप्रेस
Amit Shah: केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा…
लोकप्रिय टीवी एक्टर करण पटेल का रियलिटी शो ‘द राइज एंड फॉल सीजन 2’ से…
PM Modi 25 Years: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र…
Meghnad Saha: मेघनाद साहा को सबसे बड़े खगोल विज्ञानी के रूप में जाना जाता है.…
Weather Update Today: IMD ने 7 अक्टूबर को दिल्ली-NCR, यूपी, बिहार, राजस्थान, मध्य प्रदेश और…
France Student Protests: फ्रांस में स्कूलों में सुधार सहित कई मांगों को लेकर शुरू हुआ…