टीम इंडिया के फिजियो कमलेश जैन ने इस्तीफा दे दिया
भारतीय क्रिकेट टीम के व्यस्त शेड्यूल के बीच सपोर्ट स्टाफ से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है. टीम इंडिया के फिजियो कमलेश जैन (Kamlesh Jain) ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है. रिपोर्ट के मुताबिक, उन्होंने भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) को अपना इस्तीफा सौंप दिया है, हालांकि बोर्ड ने अभी इसे स्वीकार नहीं किया है. फिलहाल कमलेश जैन तीन महीने के नोटिस पीरियड पर हैं और टीम के साथ अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं.
इस समय भारतीय टीम नई दिल्ली में मौजूद है और अफगानिस्तान के खिलाफ आगामी तीन मैचों की टी20I सीरीज की तैयारी कर रही है. ऐसे में कमलेश जैन भी टीम के साथ जुड़े हुए हैं. मौजूदा स्थिति को देखते हुए न्यूजीलैंड सीरीज उनके कार्यकाल का आखिरी असाइनमेंट हो सकती है, जो दिसंबर की शुरुआत में खत्म होगी. हालांकि, BCCI चाहे तो उन्हें इससे पहले भी कार्यमुक्त कर सकता है.
लगातार सफर से परेशान हुए कमलेश
कमलेश जैन के इस्तीफे की सबसे बड़ी वजह लगातार होने वाली यात्राओं को माना जा रहा है. टीम इंडिया के साथ करीब साढ़े चार साल बिताने के बाद अब वह अपनी युवा फैमिली को ज्यादा वक्त देना चाहते हैं. टीम और बोर्ड से जुड़े एक सूत्र के मुताबिक, कमलेश ने भारतीय टीम के साथ अपने सफर का आनंद लिया, लेकिन पारिवारिक जिम्मेदारियों के चलते लगातार यात्रा करना अब उनके लिए मुश्किल हो रहा था.
KKR से भी जुड़ा रहा है नाता
चेन्नई के रहने वाले कमलेश जैन जून 2022 में भारतीय टीम के सपोर्ट स्टाफ में शामिल हुए थे. उन्होंने नितिन पटेल की जगह ली थी. उस समय पटेल बेंगलुरु स्थित BCCI के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस चले गए थे. भारतीय टीम में आने से पहले कमलेश जैन कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के साथ काम कर चुके थे. राहुल द्रविड़ के कार्यकाल के दौरान BCCI ने उन्हें टीम इंडिया के सपोर्ट स्टाफ में शामिल किया था.
ये भी पढ़ें: टीम इंडिया को मिली बड़ी राहत! सुंदर फिट, बुमराह की वापसी तय, मैच से पहले आया अपडेट
कमलेश का जाना ऐसे वक्त हुआ है, जब भारतीय टीम के सपोर्ट स्टाफ में लगातार बदलाव हो रहे हैं. फील्डिंग कोच टी. दिलीप भी इंग्लैंड दौरे के बाद टीम से अलग हो चुके हैं. वहीं, असिस्टेंट कोच रयान टेन डोशेट भी भारतीय टीम का साथ छोड़ चुके हैं. ऐसे में कमलेश जैन का इस्तीफा BCCI के लिए एक और चुनौती बढ़ा सकता है.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
