FIFA World Cup 2026
FIFA World Cup 2026 Semi Final: फीफा वर्ल्ड कप 2026 अब अपने सबसे रोमांचक दौर में पहुंच चुका है. क्वार्टर फाइनल मुकाबलों के बाद उन चार टीमों के नाम तय हो गए हैं, जो अब खिताब से सिर्फ दो कदम दूर हैं. फुटबॉल प्रेमियों को क्वार्टर फाइनल में कई यादगार मुकाबले देखने को मिले, जहां हर टीम ने अपना सबकुछ झोंक दिया. अब बारी है सेमीफाइनल की, जहां फ्रांस, स्पेन, इंग्लैंड और मौजूदा विश्व चैंपियन अर्जेंटीना आमने-सामने होंगे.
अगर आप भारत में बैठकर इन हाई-वोल्टेज मुकाबलों का इंतजार कर रहे हैं, तो यहां जानिए दोनों सेमीफाइनल मैचों का पूरा शेड्यूल और भारतीय समय के अनुसार मैच कब शुरू होंगे.
पहला सेमीफाइनल 15 जुलाई को डलास में खेला जाएगा. भारतीय समयानुसार मुकाबला रात 12:30 बजे शुरू होगा. इस मैच में यूरोप की दो सबसे मजबूत और संतुलित टीमों की भिड़ंत देखने को मिलेगी.
फ्रांस ने नॉकआउट चरण में शानदार प्रदर्शन करते हुए पहले पैराग्वे और फिर क्वार्टर फाइनल में मोरक्को को 2-0 से हराकर अंतिम चार में जगह बनाई. दूसरी तरफ स्पेन ने भी लगातार दमदार खेल दिखाया. उसने राउंड ऑफ-16 में पुर्तगाल को बाहर किया और इसके बाद बेल्जियम को 2-1 से मात देकर सेमीफाइनल का टिकट पक्का किया.
इस मुकाबले से पहले स्पेन के 18 वर्षीय युवा स्टार लामिन यामाल ने बयान देकर मुकाबले का रोमांच और बढ़ा दिया है. यामाल ने कहा कि किलियन एम्बाप्पे को स्पेन के खिलाफ सतर्क रहना चाहिए. उन्होंने पिछले यूरो कप का जिक्र करते हुए याद दिलाया कि तब भी स्पेन ने फ्रांस को हराया था. हालांकि फ्रांस की ओर से इस बयान पर अब तक कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है. अब सबकी नजर इस बात पर रहेगी कि जवाब मैदान पर कौन देता है.
दूसरा सेमीफाइनल 16 जुलाई को अटलांटा में खेला जाएगा. भारतीय दर्शक इस मुकाबले का आनंद भी रात 12:30 बजे से उठा सकेंगे. इंग्लैंड ने क्वार्टर फाइनल में शानदार लय में चल रही नॉर्वे को 2-1 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई. कप्तान हैरी केन पूरे टूर्नामेंट में शानदार फॉर्म में हैं और अब तक 6 गोल दाग चुके हैं. ऐसे में इंग्लैंड को उनसे एक बार फिर बड़ी उम्मीदें होंगी.
वहीं अर्जेंटीना ने स्विट्जरलैंड के खिलाफ बेहद कड़े मुकाबले में जीत हासिल की. यह मैच 125 मिनट तक चला, जिसके बाद अर्जेंटीना ने मुकाबला अपने नाम किया. हालांकि इस जीत में लियोनेल मेसी गोल नहीं कर सके, लेकिन पूरे टूर्नामेंट में उनके 8 गोल उन्हें अब भी शीर्ष गोल स्कोररों में शामिल रखते हैं.
अर्जेंटीना की नजर लगातार दूसरी बार विश्व चैंपियन बनने पर होगी, जबकि इंग्लैंड 1966 के बाद पहली बार विश्व कप जीतने का सपना पूरा करना चाहता है. ऐसे में दोनों टीमों के बीच होने वाला मुकाबला बेहद रोमांचक रहने की उम्मीद है.
अब सभी की निगाहें इन दोनों मुकाबलों पर टिकी हैं. चारों टीमों के पास बड़े खिलाड़ी, शानदार फॉर्म और विश्व कप जीतने का अनुभव या जुनून मौजूद है. ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि कौन-सी दो टीमें फाइनल का टिकट हासिल कर खिताब की दौड़ में आखिरी कदम तक पहुंचती हैं.
-भारत एक्सप्रेस
Bihar Crime News: बिहार के वैशाली जिले में जमीन और मकान के विवाद ने खूनी…
PF Minimum Pension Hike: ईपीएस पेंशनर्स को नवंबर में बड़ा तोहफा मिल सकता है. न्यूनतम…
Langur Hugs Shopkeeper: CCTV में कैद एक अनोखा वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल…
NHRC notice to Punjab government: पंजाब की मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना की एसी स्लीपर बसों…
DA Hike Update: लगातार दो कैबिनेट बैठकों में फैसला न होने से केंद्रीय कर्मचारियों का…
तीस हजारी कोर्ट ने ड्रग्स तस्करी और मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े मामले में गिरफ्तार बानीत…