Rajeshwar Singh Slams Akhilesh Yadav: सोशल मीडिया पर तुकबंदियों के जरिए सरकार को घेरने का दावा करने वाले अखिलेश यादव को अब भाजपा की तरफ से उन्हीं की शैली में जवाब मिला है. लखनऊ की सरोजिनी नगर सीट से भाजपा विधायक और पूर्व तेजतर्रार अधिकारी डॉ. राजेश्वर सिंह ने अखिलेश यादव के नाम एक विस्तृत और तीखा खुला पोस्ट किया है. इसमें उन्होंने उनकी राजनीति का पूरा कच्चा-चिट्ठा खोलकर रख दिया है.
राजेश्वर सिंह ने अखिलेश यादव के हालिया बयानों पर तंज कसते हुए कहा कि एक पूर्व मुख्यमंत्री की भाषा में लगातार राजनीतिक मर्यादा को तार-तार कर रही है. उन्होंने दो टूक कहा कि जब किसी दल के पास विकास और नीति का कोई ठोस विजन नहीं बचता, तो वह जातीय नफरत और धार्मिक आक्षेपों की शरण में चला जाता है.
विधायक राजेश्वर सिंह ने अखिलेश यादव द्वारा सोशल मीडिया पर इस्तेमाल किए जा रहे शब्दों पर ऐतराज जताते हुए कहा कि अपनी पोस्ट में “पापी”, “दरारजीवी”, “षड्यंत्रकारी” और “दुष्मुखी” जैसे शब्दों का प्रयोग कर रहे हैं, जो उनकी हताशा और राजनीतिक दिवालियापन को दर्शाता है. आगे उन्होंने कहा कि-
किसी कथावाचक से वैचारिक मतभेद होने पर कानून का रास्ता अपनाने के बजाय ब्रज और अवध में “प्रवेश वर्जित” के पोस्टर लगवाना और प्रायोजकों को चेतावनी देना असहमति नहीं, बल्कि सीधे तौर पर धमकी की भाषा है. “धन ही इनका धर्म है” जैसी टिप्पणियां लिखकर हिंदू आस्था और संतों को रोजाना की राजनीति का अखाड़ा बनाना अक्षम्य है. प्रभु श्री राम और श्री कृष्ण करोड़ों भारतीयों की आस्था के केंद्र हैं, कोई चुनावी नारा नहीं.
अखिलेश यादव के सनातन प्रेम पर तीखा व्यंग्य करते हुए विधायक ने कहा कि जब सपा नेता रामचरितमानस की चौपाइयों पर विवादित टिप्पणियां कर रहे थे और प्रतियां जलाई जा रही थीं, तब अखिलेश यादव ने उन नेताओं पर कार्रवाई करने के बजाय उन्हें पार्टी का राष्ट्रीय महासचिव बनाकर पुरस्कृत किया था. आज वही सपा अचानक धार्मिक मर्यादा की दुहाई दे रही है, जो जनता के गले नहीं उतरती.
फतेहपुर के 9 अधिकारियों की जाति गिनाकर प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल उठाने वाले अखिलेश यादव को राजेश्वर सिंह ने उनके ही कार्यकाल की याद दिलाई. शासकीय सेवा में दशकों तक कार्य कर चुके राजेश्वर सिंह ने कहा कि एक लोकसेवक की पहचान उसकी निष्पक्षता और संवैधानिक शपथ से होती है, उसकी जाति से नहीं.
आदरणीय @yadavakhilesh जी,
पिछले कुछ दिनों से आपके ट्वीट पढ़ रहा हूँ। आपकी भाषा और विचारों में कटुता लगातार बढ़ती दिखाई दे रही है। “पापी”, “दरारजीवी”, “षड्यंत्रकारी”, “दुष्मुखी”—एक पूर्व मुख्यमंत्री की कलम से ऐसे शब्द प्रदेश की राजनीतिक गरिमा को गिराते हैं।
किसी कथावाचक से असहमति है तो कानून का रास्ता खुला है। लेकिन किसी नागरिक के लिए ब्रज और अवध में “प्रवेश वर्जित” के बोर्ड लगाने की माँग करना और आयोजकों-प्रायोजकों को “लेन-देन पड़ने” की चेतावनी देना असहमति नहीं, धमकी की भाषा है।
संतों-साधुओं, सनातन परंपरा और हमारे देवी-देवताओं के प्रति भाषा सदैव आदरपूर्ण होनी चाहिए। यह मर्यादा किसी एक विचारधारा या दल के लिए नहीं, सभी पर समान रूप से लागू होती है। “धन ही इनका धर्म होता है” जैसे वाक्य लिखकर आस्था को रोज़मर्रा की राजनीतिक बयानबाजी का हथियार बनाना भी इसी मर्यादा का उल्लंघन है। भगवान राम और भगवान कृष्ण करोड़ों लोगों की श्रद्धा के केंद्र हैं, किसी राजनीतिक दल के चुनावी नारे नहीं।
आज आपको आस्था की इतनी चिंता है, लेकिन रामचरितमानस विवाद के दौरान उसी नेता को राष्ट्रीय महासचिव किसने बनाया था?
फ़तेहपुर के नौ अधिकारियों की जाति गिनाकर आप पूरे प्रशासन की मंशा पर सवाल खड़े कर रहे हैं। मैंने स्वयं शासकीय सेवा में कार्य किया है। किसी अधिकारी की पहचान उसकी जाति से नहीं, उसकी संवैधानिक शपथ, निष्पक्षता और कार्यक्षमता से होती है। यदि वंचितों के अधिकारों की इतनी ही चिंता थी, तो आपकी सरकार के कार्यकाल में UPPSC अध्यक्ष की नियुक्ति को हाईकोर्ट ने अवैध ठहराकर निरस्त क्यों किया? उस दौर की भर्तियों में एक विशेष जाति को लाभ पहुँचाने के गंभीर आरोप लगे और सबसे अधिक नुकसान गरीब एवं मेहनतकश युवाओं को हुआ। आपका PDA सामाजिक न्याय का संकल्प कम और चुनावी समीकरण अधिक दिखाई देता है।
SIR मतदाता सूची का विशेष पुनरीक्षण है। इससे गरीबों की जमीन, लॉकर, गहने और राशन छिन जाने का डर दिखाना आखिर क्या है—अज्ञानता या जानबूझकर फैलाया जा रहा भ्रम? ड्राफ्ट मतदाता सूची में ही 25 लाख से अधिक नाम एक से अधिक स्थानों पर दर्ज पाए गए। किसी पात्र मतदाता का नाम छूट गया है तो उसे जुड़वाने में सहयोग कीजिए, लोकतांत्रिक प्रक्रिया के प्रति भय और भ्रम मत फैलाइए।
प्रदेश आपका शासनकाल भूला नहीं है। मुज़फ़्फ़रनगर दंगों में 60 से अधिक लोगों की जान गई और 50 हजार से अधिक लोग विस्थापित हुए। जवाहर बाग कांड में पुलिस अधिकारी शहीद हुए। इन घटनाओं की जवाबदेही से बचकर दूसरों को कानून-व्यवस्था का पाठ पढ़ाना आसान है।
नारी सम्मान की बात करने से पहले अपनी पार्टी का इतिहास भी देख लीजिए। “लड़के हैं, ग़लती हो जाती है”—यह बयान आपकी पार्टी के संस्थापक का था। आपके मंत्री रहे गायत्री प्रजापति को सामूहिक दुष्कर्म के मामले में उम्रकैद की सज़ा हुई, इसके बावजूद उनके परिवार को आपने राजनीतिक संरक्षण और टिकट दिया। सज़ायाफ़्ता मुख़्तार अंसारी के घर जाकर रूस के नेता प्रतिपक्ष का उदाहरण देना अपराधियों के प्रति आपकी राजनीतिक सहानुभूति पर सवाल खड़े करता है।
आपके ट्वीटों में तुकबंदी है, ताने हैं, जातियों की गिनती है। लेकिन प्रदेश के युवाओं के लिए रोजगार का रोडमैप कहाँ है? उद्योगों को लेकर आपकी सोच क्या है? निवेश आकर्षित करने की आपकी योजना क्या है?
एक ओर लखनऊ में ब्रह्मोस मिसाइल का उत्पादन शुरू हो चुका है और उत्तर प्रदेश डिफेंस कॉरिडोर के माध्यम से रक्षा विनिर्माण का बड़ा केंद्र बन रहा है। प्रदेश उद्योग, निवेश, रोजगार और आधुनिक बुनियादी ढाँचे की दिशा में आगे बढ़ रहा है। दुर्भाग्य है कि आपकी राजनीति अब भी जातीय समीकरणों और अतीत के विवादों में उलझी हुई है।
सवाल पूछिए, सरकार की कमियाँ गिनाइए, आलोचना कीजिए—यही लोकतंत्र की खूबसूरती है। लेकिन राजनीतिक विरोध को नफ़रत, समाज को जातियों में बाँटने और आस्था को अपमानित करने का माध्यम मत बनाइए।
आपने ही लिखा है कि समय से बड़ी किसी की अदालत नहीं होती। बिल्कुल सही कहा। उत्तर प्रदेश 2012-17 का समय देख चुका है और उस दौर का मूल्यांकन भी कर चुका है।
— Rajeshwar Singh (@RajeshwarS73) November 9, 2026
अखिलेश सरकार के दौरान उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) के अध्यक्ष की नियुक्ति को इलाहाबाद हाईकोर्ट ने अवैध ठहराते हुए निरस्त किया था. उस दौर में भर्तियों में एक विशेष जाति को अनुचित लाभ देकर लाखों गरीब और मेहनतकश युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया गया था. उन्होंने कहा कि सपा का ‘पीडीए’ सामाजिक न्याय का संकल्प नहीं, बल्कि सत्ता हासिल करने का एक स्वार्थी चुनावी समीकरण मात्र है.
मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण (SIR) को लेकर सपा द्वारा फैलाए जा रहे डर पर प्रहार करते हुए भाजपा विधायक ने कहा कि ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में ही 25 लाख से अधिक नाम एक से ज्यादा जगहों पर दर्ज पाए गए हैं. एक जिम्मेदार विपक्ष का काम होता है कि वह पात्र मतदाताओं के नाम जुड़वाने में सहयोग करे, न कि यह झूठ फैलाए कि इससे गरीबों के राशन, जेवर और जमीन छिन जाएंगे.
महिला सुरक्षा और कानून-व्यवस्था पर सपा के बयानों को राजेश्वर सिंह ने सबसे बड़ा पाखंड करार दिया. सपा राज में मुजफ्फरनगर दंगों में 60 से अधिक बेगुनाहों की जान गई और 50 हजार से अधिक लोग बेघर हुए, वहीं मथुरा के जवाहर बाग कांड में जांबाज पुलिस अफसर शहीद हुए.
आगे उन्होंने याद दिलाया कि सपा के संस्थापक का “लड़के हैं, गलती हो जाती है” वाला बयान आज भी देश भूला नहीं है. सामूहिक दुष्कर्म के मामले में उम्रकैद काट रहे पूर्व मंत्री गायत्री प्रजापति के परिवार को टिकट और राजनीतिक संरक्षण देना तथा माफिया मुख्तार अंसारी के घर जाकर शोक जताना सपा के असली चरित्र को उजागर करता है.
राजेश्वर सिंह ने अंत में सवाल दागा कि अखिलेश के ट्वीट्स में तुकबंदियां, ताने और जातियों की गिनती तो खूब दिखती है, लेकिन युवाओं के रोजगार, उद्योग और निवेश का कोई ठोस विजन नहीं है. आज जब लखनऊ में ब्रह्मोस मिसाइल का निर्माण हो रहा है और उत्तर प्रदेश डिफेंस कॉरिडोर से लेकर एक्सप्रेसवे तक विकास की नई इबारत लिख रहा है. सपा केवल 2012-17 के अतीत और जातीय दलदल में फंसी है. समय की अदालत ने 2017 में ही सपा के उस कुशासन का फैसला सुना दिया था और जनता आज भी उस सच को अच्छी तरह जानती है.
Gautampura Hingot War Tradition: मध्य प्रदेश के इंदौर के पास गौतमपुरा में दीपावली के अगले…
भारतीय ओलंपिक संघ (IOA) की अध्यक्ष पीटी उषा को बड़ा झटका लगा है. वह छह…
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की के बीच फोन पर बातचीत हुई.…
Congress Funding Crash: लोकसभा चुनाव के बाद कांग्रेस के खजाने को झटका लगा है. वित्त…
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बोपल-घुमा के लोगों से वादा किया है कि 2029…
UP Election 2027: मुलायम सिंह यादव के करीबी पूर्व मंत्री तोताराम यादव ने अखिलेश यादव…