उत्तर प्रदेश

चार साल की सख्त पुलिसिंग के बाद तबादले का इंतजार, गॉसिप पर क्यों हंसती हैं नोएडा पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह?

 Laxmi Singh Noida Police Commissioner Transfer: नोएडा की पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के तबादले को लेकर चर्चाएं लगातार तेज हैं. चार साल तक नोएडा की कमान संभालने वाली लक्ष्मी सिंह ने अपने कार्यकाल में सख्त पुलिसिंग, अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई और महिला सुरक्षा को लेकर अलग पहचान बनाई है. अब उनके अगले कार्यभार को लेकर अटकलें लगाई जा रही हैं. इस बीच वरिष्ठ पत्रकार और भड़ास4मीडिया के संस्थापक-संपादक यशवंत सिंह ने अपने एक्स अकाउंट पर लक्ष्मी सिंह से मुलाकात का एक दिलचस्प अनुभव साझा किया है. गाजीपुर, उत्तर प्रदेश के रहने वाले यशवंत सिंह ने अपनी पोस्ट में लक्ष्मी सिंह के कार्यकाल, उनकी कार्यशैली, निजी संघर्ष और तबादले को लेकर चल रही चर्चाओं पर बेबाक अंदाज में बात की है.

चार साल तक नोएडा में सख्त पुलिसिंग की पहचान

यशवंत सिंह ने अपनी पोस्ट में लिखा कि जो आया है, उसे एक दिन जाना ही है, चाहे नौकरी हो या जिंदगी. महत्वपूर्ण यह है कि उस दौरान व्यक्ति ने अपनी जिम्मेदारी किस तरह निभाई. उनके मुताबिक, लक्ष्मी सिंह ने चार साल तक नोएडा पुलिस कमिश्नर के पद पर बने रहकर एक अलग रिकॉर्ड बनाया है. उन्होंने लिखा कि लक्ष्मी सिंह के कार्यकाल में अपराधियों को स्पष्ट संदेश था कि नोएडा में अपराध और अराजकता बर्दाश्त नहीं की जाएगी. भाटी हो या काना, किसी को भी कानून व्यवस्था चुनौती देने की छूट नहीं थी. यशवंत सिंह के मुताबिक, नोएडा में अपराधियों के खिलाफ सख्त रुख का असर आसपास के जिलों तक दिखाई दिया और बड़े अपराधियों के लिए नोएडा में अपनी गतिविधियां चलाना आसान नहीं रहा.

अधीनस्थों के लिए भी सख्त रहा उनका मिजाज

यशवंत सिंह ने लक्ष्मी सिंह की कार्यशैली का जिक्र करते हुए लिखा कि असली पुलिसिंग वही अधिकारी कर पाते हैं, जिनका अपना कोई निजी स्वार्थ नहीं होता. जिन्हें न कुछ पाने की लालसा होती है और न कुछ खोने का डर. उनके अनुसार, लक्ष्मी सिंह का सख्त तेवर उनके विभागीय अधीनस्थों से बेहतर कोई नहीं समझ सकता. विभाग में गैर-पेशेवर रवैये और अनावश्यक लापरवाही की गुंजाइश नहीं रहती. वे इधर-उधर की चर्चाओं से दूर रहकर लगातार अपने काम पर फोकस करती हैं.

महिला सुरक्षा और मिशन शक्ति पर रहा खास जोर

पोस्ट में यशवंत सिंह ने लक्ष्मी सिंह के महिला सुरक्षा से जुड़े कामों की भी सराहना की है. उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश पुलिस में अपने करियर के दौरान लक्ष्मी सिंह ने महिलाओं की सुरक्षा और उन्हें सशक्त बनाने के लिए कई प्रयास किए. उन्होंने मिशन शक्ति का उदाहरण देते हुए एक महिला की कहानी साझा की, जिसकी विधवा पेंशन करीब डेढ़ साल से अटकी हुई थी. पेंशन मिलने के बाद महिला ने लक्ष्मी सिंह के प्रयासों के प्रति आभार जताते हुए कहा था कि इस लक्ष्मी का उस लक्ष्मी को प्रणाम, जिसकी पहल से उसकी लंबित समस्या का समाधान हुआ. यशवंत सिंह के मुताबिक, यह उदाहरण बताता है कि विभागों के आपसी समन्वय से पुलिस जरूरतमंद महिलाओं के लिए किस तरह मददगार बन सकती है.

गलत काम के लिए बड़े अधिकारियों को भी कह देती हैं ‘ना’

यशवंत सिंह ने लक्ष्मी सिंह को बेखौफ और निर्भीक अधिकारी बताते हुए लिखा कि उन्होंने गलत काम के लिए सत्ता, शासन और प्रशासन से जुड़े प्रभावशाली लोगों को भी साफ मना करने में संकोच नहीं किया. उनकी कार्यशैली में दबाव के बजाय नियम और जिम्मेदारी को प्राथमिकता मिलती है.

पिता की हत्या का दर्द झेल चुकी हैं लक्ष्मी सिंह

लक्ष्मी सिंह के निजी जीवन का जिक्र करते हुए यशवंत सिंह ने बताया कि बचपन में उन्होंने अपने पिता की निर्मम हत्या का दर्द झेला है. स्वभाव से अंतर्मुखी लक्ष्मी सिंह का पुलिसिंग को लेकर लक्ष्य समाज के आखिरी व्यक्ति को भी डर और भय से मुक्त रखना रहा है. हालांकि, एक बेटी की मां होने के नाते उन्हें इस बात का मलाल भी रहता है कि व्यस्त जिम्मेदारियों के कारण वे अपनी बच्ची को उतना समय नहीं दे पातीं, जितना एक मां को देना चाहिए. शायद यही वजह है कि अब वे कुछ समय शांत माहौल में बिताना चाहती हैं.

तबादले की चर्चाओं पर ठहाके लगा रहीं लक्ष्मी सिंह

यशवंत सिंह ने अपनी पोस्ट में लिखा कि लगातार वर्दी में चौकन्ना रहकर काम करना एक समय के बाद थका देता है, खासकर उस अधिकारी को जो दिल से पुलिसिंग करता हो. लक्ष्मी सिंह को किसी बड़े पद या महत्वपूर्ण पोस्टिंग की चाहत नहीं है. वे किसी शांत और कम महत्वपूर्ण जगह पर कुछ समय बिताना चाहती हैं. दिलचस्प बात यह है कि उनके तबादले की चर्चाएं काफी समय से चल रही हैं, लेकिन अब तक उनके तबादले का आदेश नहीं आया है. यशवंत सिंह के मुताबिक, इस पूरे घटनाक्रम पर लक्ष्मी सिंह ठहाके लगाकर अपनी बेफिक्री जाहिर करती हैं और गॉसिप करने वालों को मानो यह संदेश देती हैं कि उन्हें इन चर्चाओं की कोई परवाह नहीं है.

‘यह विदाई वाली फोटो नहीं, बस भाई वाली है’

यशवंत सिंह ने अपनी पोस्ट के साथ एक तस्वीर का भी जिक्र किया है. यह मुलाकात सूरजपुर स्थित डीसीपी ऑफिस के रूटीन निरीक्षण के दौरान हुई थी, जब लक्ष्मी सिंह वहां पहुंची थीं. यशवंत सिंह ने लिखा कि इस मुलाकात में हंसी-मजाक के बीच यह वादा भी हुआ कि तस्वीर को विदाई की तस्वीर न समझा जाए, यह सिर्फ भाई वाली तस्वीर है.

फिलहाल लक्ष्मी सिंह के अगले कार्यभार को लेकर चर्चाएं जारी हैं. लेकिन यशवंत सिंह की इस पोस्ट ने उनके चार साल के कार्यकाल के साथ-साथ उनके सख्त प्रशासनिक अंदाज और निजी जिंदगी के उस पहलू को भी सामने रखा है, जो आमतौर पर सुर्खियों में नहीं आता.

भारत एक्सप्रेस

Swati Pandey

Recent Posts

13 साल बाद प्रेमी को छोड़ ससुराल लौटी पत्नी, पति से बोली- साथ रखो वरना ऊपर पहुंचा दूंगी

Mirzapur News: मिर्जापुर में 13 साल पहले पति को छोड़कर प्रेमी के साथ गई महिला…

2 minutes ago

आम आदमी पार्टी के नेता और मनी लॉन्ड्रिंग मामले में कथित आरोपी दीपक सिंगला को सुप्रीम कोर्ट से मिली जमानत

सुप्रीम कोर्ट ने आम आदमी पार्टी के नेता दीपक सिंगला को मनी लॉन्ड्रिंग मामले में…

3 minutes ago

मकोका मामले में कथित आरोपी और आम आदमी पार्टी के नेता नरेश बालियान को सुप्रीम कोर्ट से मिली जमानत

सुप्रीम कोर्ट ने मकोका मामले में आम आदमी पार्टी के नेता नरेश बालियान को बड़ी…

11 minutes ago

दिल्ली की जहरीली हवा से काले पड़ रहे फेफड़े? जानिए क्या यह कैंसर या स्थायी नुकसान का संकेत

Delhi Air Pollution: दिल्ली-NCR की प्रदूषित हवा में मौजूद PM2.5 और ब्लैक कार्बन के कण…

36 minutes ago