रिपोर्ट- नीरज त्यागी
उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में एक शादी उस समय विवाद का कारण बन गई, जब दूल्हा अपनी ही बारात में इतना नशे में पहुंचा कि दुल्हन के दरवाजे पर ठीक से खड़ा तक नहीं हो सका. खुशी के मौके पर शुरू हुआ जश्न कुछ ही देर में हंगामे में बदल गया और आखिरकार दुल्हन ने शादी करने से साफ इनकार कर दिया. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों की बात सुनकर मामले की जांच शुरू कर दी.
जानकारी के मुताबिक, फुगाना थाना क्षेत्र के डूंगरपुर गांव का रहने वाला शिवम अपनी बारात लेकर बुढ़ाना कोतवाली क्षेत्र के टांडा माजरा गांव पहुंचा था. शादी की रस्मों से पहले दोस्तों ने जश्न के नाम पर उसे जमकर शराब पिला दी. नतीजा यह हुआ कि जब बारात दुल्हन के घर पहुंची तो दूल्हा खुद अपने पैरों पर ठीक से खड़ा भी नहीं हो पा रहा था.
दूल्हे की यह हालत देखकर लड़की पक्ष के लोग हैरान रह गए. माहौल धीरे-धीरे तनावपूर्ण हो गया और दोनों परिवारों के बीच कहासुनी शुरू हो गई.
लड़की पक्ष का आरोप है कि नशे की हालत में दूल्हे ने बुलेट मोटरसाइकिल की मांग भी कर दी. इसके बाद मामला और ज्यादा बिगड़ गया. दोनों पक्षों के बीच बहस बढ़ी और शादी समारोह में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. इसी दौरान दुल्हन ने साफ शब्दों में कहा कि वह ऐसे व्यक्ति से शादी नहीं करेगी, जो अपनी ही शादी में इस हालत में पहुंचा हो.
बताया जा रहा है कि बाद में दूल्हा नेकर और बनियान पहने चारपाई पर लेटा हुआ दिखाई दिया. इस पूरे घटनाक्रम के कई वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं, जिनमें उसकी हालत साफ देखी जा सकती है.
दुल्हन करिश्मा ने कहा कि जब उन्हें दूल्हे की हालत का पता चला तो उन्होंने शादी करने से इनकार कर दिया. उनका कहना था कि ऐसे लड़के के साथ जिंदगी बिताना सही फैसला नहीं होगा. उन्होंने यह भी कहा कि समाज में इस तरह के मामलों से सबक लेना चाहिए और किसी भी लड़की की शादी ऐसे व्यक्ति से नहीं करनी चाहिए, जो जिम्मेदारी की बजाय नशे को प्राथमिकता देता हो.
दुल्हन के पिता सरदामल ने बताया कि शादी की तैयारियों के लिए उन्होंने कई सालों की मेहनत की कमाई लगा दी थी. कुछ पैसे उन्होंने अपनी बचत से जुटाए, जबकि बाकी रकम उधार लेकर इंतजाम किया. उनका कहना है कि शादी टूटने से आर्थिक और मानसिक दोनों तरह का बड़ा नुकसान हुआ है.
उन्होंने आरोप लगाया कि दूल्हे की हालत देखकर शादी रोकनी पड़ी और बाद में कुछ लोगों ने मारपीट भी की. अब उनकी मांग है कि शादी की तैयारियों में जो खर्च हुआ, उसकी भरपाई कराई जाए.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को शांत कराया. बुढ़ाना के क्षेत्राधिकारी गजेंद्र पाल सिंह ने बताया कि दुल्हन पक्ष ने आरोप लगाया है कि दूल्हा शराब के नशे में था, जिसके कारण विवाद हुआ. पुलिस ने दोनों पक्षों से बातचीत की और मामले की जानकारी जुटाई.
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि बारात को बंधक बनाए जाने जैसी बातें सही नहीं हैं. बारात बाद में वापस चली गई. पुलिस का कहना है कि यदि किसी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत दी जाती है तो उसके आधार पर कानून के मुताबिक आगे की कार्रवाई की जाएगी.
ये भी पढ़ें: ‘सबका साथ, सबका विकास’ सिर्फ देश नहीं, दुनिया के लिए भी भारत का मंत्र- पीएम मोदी
-भारत एक्सप्रेस
Tiger Shroff Firing: अभिनेता टाइगर श्रॉफ को लेकर बड़ी खबर सामने आई है. जुहू इलाके…
Vaishali Kalibari Durga Puja 2026: शरद ऋतु की दस्तक के बीच देश महक से सराबोर…
लखनऊ के बहुचर्चित शिवा शर्मा हत्याकांड में मुख्य आरोपी श्रद्धा दुबे 9 दिन बाद मीडिया…
Indore HIV Cases: मध्य प्रदेश के इंदौर में HIV संक्रमण के मामलों में बढ़ोतरी ने…
उत्तर प्रदेश के कासगंज जिले के सोरों थाना क्षेत्र से मानवता को शर्मसार कर देने…
Balaka Durgotsav Noida Durga Puja: नोएडा सेक्टर-61 में विक्टोरिया मेमोरियल थीम पर 63 फीट ऊंचा…