Afghanistan Drug Crackdown
Afghanistan Drug Crackdown: अफगानिस्तान की एंटी-नारकोटिक्स पुलिस ने अवैध ड्रग्स के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए देश के 12 प्रांतों में अभियान चलाया. इन अभियानों के दौरान ड्रग्स की तस्करी और कारोबार में शामिल होने के संदेह में 60 लोगों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाइयों में करीब 29 किलो नशीले पदार्थ भी जब्त किए हैं. गृह मंत्रालय ने रविवार को जारी एक बयान में यह जानकारी दी. मंत्रालय के मुताबिक, ये अभियान निमरोज, बल्ख, नंगरहार, कापिसा, लगमान, कुंदुज, समंगान, परवान, बदख्शां, खोस्त, पंजशीर और फराह प्रांतों तथा इनके आसपास के इलाकों में चलाए गए.
मंत्रालय ने बताया कि छापेमारी के दौरान अलग-अलग प्रकार के अवैध नशीले पदार्थ बरामद किए गए. हालांकि, अधिकारियों ने यह स्पष्ट नहीं किया कि जब्त किए गए ड्रग्स में कौन-कौन से पदार्थ शामिल थे. गिरफ्तार किए गए 60 संदिग्धों की पहचान भी सार्वजनिक नहीं की गई है. अफगानिस्तान में अधिकारी इन दिनों देशभर में ड्रग्स के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान तेज कर रहे हैं. इसके तहत तस्करी, नशीली फसलों की खेती और ड्रग्स बनाने वाले नेटवर्क को निशाना बनाया जा रहा है.
इसी दिन दक्षिणी उरुजगान प्रांत में पुलिस ने ड्रग्स बनाने वाली एक कथित गुप्त लैब का भी भंडाफोड़ किया. गृह मंत्रालय के अनुसार, सूचना मिलने के बाद पुलिस ने प्रांत के बाहरी इलाके में स्थित एक ठिकाने पर छापा मारा. कार्रवाई के दौरान लैब को नष्ट कर दिया गया और वहां से करीब 48 किलो क्रिस्टल मेथामफेटामाइन बरामद किया गया. हालांकि, मंत्रालय ने इस कार्रवाई में किसी गिरफ्तारी की जानकारी नहीं दी.
अलग-अलग अभियानों के दौरान एंटी-नारकोटिक्स यूनिट ने दक्षिणी हेलमंद और पूर्वी गजनी प्रांतों से ड्रग्स बनाने में इस्तेमाल होने वाली करीब 23,000 किलो अतिरिक्त सामग्री भी जब्त की. अफगान गृह मंत्रालय ने कहा कि पुलिस देश में अवैध नशीले पदार्थों के उत्पादन, कारोबार और तस्करी को बर्दाश्त नहीं करेगी. अधिकारियों के मुताबिक, अभियान का उद्देश्य ड्रग्स से जुड़ी अवैध गतिविधियों और इसके नेटवर्क पर रोक लगाना है.
इससे पहले 27 अगस्त को उत्तरी तखार प्रांत में अफगान पुलिस ने 2.5 टन से ज्यादा अवैध नशीले पदार्थों को जलाकर नष्ट किया था. प्रांतीय पुलिस कार्यालय के प्रवक्ता नकीबुल्लाह मसरूर ने बताया था कि नष्ट किए गए पदार्थों में करीब 2,000 किलो अफीम, 335 किलो चरस और 200 किलो से ज्यादा मेथामफेटामाइन शामिल था. अफगान अधिकारियों ने कहा है कि देश में ड्रग्स का उत्पादन और तस्करी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी.
यह भी पढ़ें: कहीं सूखा तो कहीं जलप्रलय! वायुमंडल में घुट रहा धरती का दम, वैज्ञानिकों की चेतावनी- अब नहीं संभले तो सब खत्म
भारत एक्सप्रेस
बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के चक्रवाती तूफान में बदलने की…
Tejashwi Yadav: बिहार में दो निर्दलीय विधान पार्षदों के बीजेपी में शामिल होने के बाद…
LPG Cylinder Price Hike: तेल कंपनियों ने 1 नवंबर 2026 से 19 किलो वाले कमर्शियल…
रवि पुष्य नक्षत्र और अहोई अष्टमी के संयोग में 1 नवंबर 2026 का दिन ज्योतिषीय…
1 नवंबर 2026 को रवि पुष्य नक्षत्र, सर्वार्थ सिद्धि योग और त्रिपुष्कर योग समेत कई…
Noida Encounter: नोएडा के सेक्टर-126 में पुलिस और CRT की संयुक्त कार्रवाई में 50 हजार…