दुनिया

सात समंदर पार जय बिहार! पोर्ट लुई में सजा बिहार उत्सव 2026; मॉरीशस के राष्ट्रपति और पीएम ने चखा लिट्टी-चोखा का स्वाद

Bihar Diwas In Mauritius: मॉरीशस की राजधानी पोर्ट लुई में भारत के उच्चायोग और बिहार सरकार के संयुक्त सहयोग से 20 से 22 मार्च तक बिहार उत्सव 2026 का भव्य आयोजन किया गया. यह आयोजन बिहार दिवस के अवसर पर इंदिरा गांधी भारतीय सांस्कृतिक केंद्र में हुआ, जिसमें मॉरीशस सरकार के शीर्ष नेताओं, भारतीय मूल के लोगों और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया.

उत्सव का उद्घाटन 20 मार्च को मॉरीशस के राष्ट्रपति धरमबीर गोखूल की मौजूदगी में हुआ. इस मौके पर मंत्रियों, संसद सदस्यों, वरिष्ठ अधिकारियों, सामाजिक-सांस्कृतिक संगठनों के प्रतिनिधियों और भारतीय मूल के समुदाय के लोग बड़ी संख्या में उपस्थित रहे.

मॉरीशस के साथ ऐतिहासिक रिश्ते

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए भारत के उच्चायुक्त ने कहा कि बिहार और मॉरीशस के बीच संबंध केवल कूटनीतिक नहीं बल्कि ऐतिहासिक और भावनात्मक हैं. उन्होंने कहा कि 19वीं सदी में मॉरीशस आए गिरमिटिया मजदूरों का बड़ा हिस्सा बिहार के भोजपुरी भाषी इलाकों से था, जिनकी भाषा और परंपराएं आज भी मॉरीशस की पहचान का हिस्सा हैं.

उन्होंने कहा कि बिहार भारत की सभ्यता और संस्कृति का महत्वपूर्ण केंद्र रहा है. भगवान बुद्ध को यहीं ज्ञान प्राप्त हुआ, भगवान महावीर का जन्म यहीं हुआ और प्राचीन नालंदा विश्वविद्यालय भी इसी भूमि पर स्थापित था. उन्होंने कहा कि भोजपुरी भाषा और संस्कृति आज भी मॉरीशस में जीवंत है, जो दोनों देशों के बीच गहरे संबंधों का प्रतीक है.

तीन दिन तक चले इस उत्सव में बिहार की संस्कृति, कला और परंपरा की झलक देखने को मिली. कार्यक्रम में लोकनृत्य, गीत-गवई, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, मधुबनी पेंटिंग प्रदर्शनी, भोजपुरी साहित्य प्रदर्शनी, हस्तशिल्प प्रदर्शनी और फिल्मों का प्रदर्शन किया गया.

इन फिल्मों को किया गया प्रदर्शित

उत्सव में गिरमिटिया और मांझी: द माउंटेन मैन फिल्में भी दिखाई गईं, जिन्हें दर्शकों ने खूब सराहा.

खाने के स्टॉलों पर लिट्टी-चोखा, चूड़ा-घुगनी, दाल-पीठा और पारंपरिक मिठाइयों ने लोगों को खास तौर पर आकर्षित किया. बड़ी संख्या में लोगों ने बिहार के पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद लिया.

उत्सव के दौरान भोजपुरी साहित्य सम्मेलन भी आयोजित किया गया, जिसमें 80 से अधिक कवि, लेखक और कलाकार शामिल हुए. “बिहार से मॉरीशस तक: एक सांस्कृतिक यात्रा” नामक भोजपुरी नाटक का मंचन किया गया, जिसे दर्शकों ने खूब पसंद किया. मधुबनी पेंटिंग कार्यशाला और कला-भोजन प्रतियोगिताओं में युवाओं की खास भागीदारी देखने को मिली.

22 मार्च को आयोजित हुआ समापन समारोह

समापन समारोह 22 मार्च को आयोजित हुआ, जिसमें मॉरीशस के प्रधानमंत्री नवीनचंद्र रामगुलाम मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए. इस अवसर पर उच्चायुक्त ने कहा कि यह उत्सव केवल सांस्कृतिक कार्यक्रम नहीं बल्कि बिहार और मॉरीशस के लोगों के साझा इतिहास और पहचान का उत्सव है. उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन पर्यटन, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और लोगों के बीच संबंधों को और मजबूत करेंगे.

इस अवसर पर बिहार सरकार का एक प्रतिनिधिमंडल भी मॉरीशस पहुंचा, जिसमें कला एवं संस्कृति विभाग के सचिव प्रणव कुमार, बिहार पर्यटन विकास निगम के प्रबंध निदेशक नंद किशोर, कलाकार और मधुबनी चित्रकार शामिल थे. प्रतिनिधिमंडल ने पर्यटन और सांस्कृतिक सहयोग बढ़ाने को लेकर कई बैठकों में भाग लिया.

कई बड़ी हस्तियों ने लिया भाग

उत्सव के दौरान पर्यटन प्रोत्साहन कार्यक्रम भी आयोजित किया गया, जिसमें व्यापार जगत के प्रतिनिधियों ने भाग लिया और बिहार को पर्यटन स्थल के रूप में बढ़ावा देने पर चर्चा हुई. प्रतिनिधिमंडल ने महात्मा गांधी संस्थान, आप्रवासी घाट और अन्य विश्व धरोहर स्थलों का भी दौरा किया.

तीन दिन तक चले इस आयोजन में बड़ी संख्या में युवाओं, कलाकारों, लेखकों और भारतीय मूल के लोगों ने भाग लिया. भारत के उच्चायोग ने कहा कि बिहार उत्सव 2026 का उद्देश्य भारत और मॉरीशस के बीच सांस्कृतिक संबंधों को और मजबूत करना है.

-भारत एक्सप्रेस

Govind Kumar Singh

मैं गोविंद सिंह हूं और मूल रूप से बिहार के कैमूर की पहाड़ियों वाले इलाके से आता हूं। मेरी शुरुआती पढ़ाई-लिखाई वाराणसी के उदय प्रताप कॉलेज से हुई। इसके बाद मैंने पटना कॉलेज, पटना से मास कम्यूनिकेशन में ग्रेजुएशन किया। पढ़ाई पूरी करने के बाद मैंने पत्रकारिता के क्षेत्र में अपने करियर की शुरुआत की और अलग-अलग संस्थानों में काम करते हुए खबरों की दुनिया को करीब से समझा। अपने पेशेवर सफर में मुझे ईटीवी भारत, इनशॉर्ट्स और श्यामा प्रसाद मुखर्जी रिसर्च फाउंडेशन जैसे संस्थानों के साथ काम करने का अवसर मिला। इन जगहों पर काम करते हुए मैंने रिपोर्टिंग, कंटेंट लेखन, रिसर्च और समाचारों की प्रस्तुति से जुड़ी कई महत्वपूर्ण बातें सीखीं। फिलहाल मैं भारत एक्सप्रेस में सब एडिटर के तौर पर कार्यरत हूं। यहां मेरी मुख्य रुचि विदेश, राजनीति और बिहार से जुड़ी खबरों को कवर करने में है।

Recent Posts

ब्रज की आध्यात्मिक विरासत और विकास पर केंद्रित: बरसाना में ‘ललिता कुंज’ टाउनशिप का शुभारंभ, सुनील शेट्टी ने की शिरकत

नई दिल्ली में आयोजित भव्य समारोह में बॉलीवुड अभिनेता ने ब्रज क्षेत्र की सांस्कृतिक और…

4 hours ago

दिल्ली-NCR सहित कांपी उत्तर भारत की धरती, महसूस हुए भूकंप के झटके

दिल्ली-NCR और पूरे उत्तर भारत में रात 10:23 बजे भूकंप के झटके महसूस किए गए.…

4 hours ago

काशी में ‘पाकिस्तानेश्वर’ महादेव मंदिर का बदला नाम, सिंधी समाज के विरोध के बाद अब कहलाएंगे ‘सिंधु गंगेश्वर’

वाराणसी के छोटी शीतला घाट स्थित शिव मंदिर का नाम 'पाकिस्तानेश्वर' से बदलकर 'सिंधु गंगेश्वर…

5 hours ago

आसमान में तैनात होगा भारत का स्वदेशी ‘जासूस’, DRDO ने HAPS एयरशिप का किया कामयाब ट्रायल

DRDO ने 21 किमी की ऊंचाई पर 'हाई एल्टीट्यूड प्लेटफॉर्म सिस्टम' (HAPS) का सफल परीक्षण…

5 hours ago

पूर्व ऑस्ट्रेलियाई पीएम केविन रुड बोले- वैश्विक मंच पर भारत की स्थिति मजबूत, पीएम मोदी के हुए मुरीद

ऑस्ट्रेलिया के पूर्व पीएम केविन रुड ने कहा कि डोनाल्ड ट्रंप के मन में पीएम…

6 hours ago

योगी सरकार का सोलर कमाल: 2,942 मेगावाट पहुंची रूफटॉप क्षमता, ‘PM सूर्य घर योजना’ में उत्तर प्रदेश नंबर-1

उत्तर प्रदेश में 'प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना' से 2,942 मेगावाट क्षमता के रूफटॉप सोलर लग…

6 hours ago