बिजनेस

अब कटरा से श्रीनगर तक दौड़ेगी वंदे भारत एक्सप्रेस, मोदी सरकार ने बनाए 37 पुल, ट्रेन 27 सुरंगें पार करके कश्मीर तक पहुंचेगी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को उधमपुर-श्रीनगर-बारामुला रेल लिंक (USBRL) परियोजना के सबसे चुनौतीपूर्ण हिस्से — 111 किमी लंबे कटरा-बनिहाल सेक्शन — का उद्घाटन करने जा रहे हैं. इस खंड के शुरू होने के साथ ही जम्मू से कश्मीर के लिए सीधी ट्रेन सेवा की शुरुआत होगी.

अब तक देश के किसी भी कोने से यात्री सिर्फ कटरा तक ही ट्रेन से आ सकते थे. इसके बाद उन्हें श्रीनगर या कश्मीर घाटी तक पहुंचने के लिए सड़क या हवाई मार्ग का सहारा लेना पड़ता था. लेकिन शनिवार से यह बदलाव हो जाएगा.

अब दो वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनें कटरा से श्रीनगर तक सीधी चलेंगी. ये ट्रेनें तीन प्रमुख भूगर्भीय ज़ोन — रीसी, मूरे और पंजाल — को पार करेंगी और चिनाब और अंजी नदियों को पार करते हुए यात्रियों को सीधे कश्मीर पहुंचाएंगी.

कौन है इस ऐतिहासिक उपलब्धि के पीछे?

इस बड़ी परियोजना को सफलतापूर्वक पूरा करने का श्रेय कोकण रेलवे कॉर्पोरेशन लिमिटेड (KRCL) को जाता है. KRCL ने जम्मू में मुख्य प्रोजेक्ट कार्यालय और रीसी, कौड़ी, संगलधन में कैंप कार्यालय स्थापित किए.

करीब 310 कर्मचारियों और इंजीनियरों की टीम ने दिन-रात मेहनत की. निर्माण के लिए भारी मशीनरी, सामग्री और कुशल-अकुशल श्रमिकों की व्यवस्था की गई. डिजाइन के लिए राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों की मदद भी ली गई.

परियोजना की चुनौतियां

यह रेलवे लाइन कभी सुरंगों से होकर जाती है तो कभी गहरी घाटियों को पार करती है. रास्ता लगातार बदलते भूगोल से होकर गुजरता है — जिसमें ढीली मिट्टी, पत्थर और गारे जैसी परतें शामिल हैं. इसी वजह से काम के दौरान डिज़ाइन में बार-बार बदलाव करने पड़े.

USBRL की कुल लंबाई 272 किमी है, जिसमें से पहले से 161 किमी पर ट्रेनें चल रही थीं. अब 111 किमी के इस हिस्से के शुरू होने से परियोजना पूरी हो जाएगी. इस पूरे प्रोजेक्ट में 36 सुरंगें (कुल लंबाई 119 किमी) और 943 पुल शामिल हैं.

पुल: अद्भुत इंजीनियरिंग का नमूना

कटरा से बनिहाल के बीच ट्रेन 37 पुलों से होकर गुजरेगी. इनकी कुल लंबाई लगभग 7 किमी है. इनमें 26 बड़े और 11 छोटे पुल शामिल हैं. चार पुल विशेष रूप से महत्वपूर्ण हैं — ब्रिज नंबर 35, 39, 43 और 44.

अंजी ब्रिज (ब्रिज नंबर 35)

यह भारत का पहला केबल-स्टे रेल पुल है. यह पुल कटरा और रीसी को जोड़ता है और अंजी नदी पर बना है. पुल की ऊँचाई नदी तल से 331 मीटर है और इसकी लंबाई 725 मीटर. इसमें 96 केबल हैं और निर्माण में 8,200 मीट्रिक टन स्टील लगा है.

ब्रिज नंबर 39 और 43

ब्रिज 39 पर डबल लाइन वाला रीसी स्टेशन यार्ड स्थित है. इसकी लंबाई 490 मीटर है और इसमें 103 मीटर ऊँचे सात खंभे हैं. यह खंभे कुतुब मीनार से भी ऊँचे हैं.

वहीं ब्रिज 43 की लंबाई 777 मीटर है और इस पर सलाल स्टेशन बना है. पुल का एक हिस्सा सीधा और एक हिस्सा घुमावदार है. इसकी नींव पहाड़ी ढलान पर बनी है, जिसे खास “हाइब्रिड फाउंडेशन” तकनीक से मजबूत किया गया है.

चिनाब ब्रिज (ब्रिज नंबर 44)

यह पुल दुनिया का सबसे ऊंचा रेल पुल है, जो चिनाब नदी पर बना है. इसकी ऊँचाई नदी तल से 359 मीटर है — यह एफिल टावर से भी ऊँचा है. इसका मध्य हिस्सा 467 मीटर लंबा है.

इस पुल के निर्माण में 29,000 मीट्रिक टन स्टील लगा है. इसे भूकंप और धमाके झेलने में सक्षम बनाया गया है. यह 260 किमी प्रति घंटे की हवा को भी सह सकता है. पुल में ऑनलाइन सेफ्टी मॉनिटरिंग सिस्टम लगा है और इसकी उम्र 100 साल से अधिक बताई गई है.

सुरंगें: पहाड़ों को चीरकर बनी राह

इस 111 किमी सेक्शन में से 97.42 किमी हिस्सा सुरंगों में से होकर गुजरता है. कुल 16 सुरंगें हैं. इनमें सबसे लंबी है टनल नंबर 50 — जिसकी लंबाई 12.77 किमी है. यह भारत की सबसे लंबी रेल सुरंग है.

यह सुरंग खारी और सुम्बर को जोड़ती है. इसमें एक मुख्य सुरंग और एक समानांतर सुरक्षा सुरंग है. हर 375 मीटर पर क्रॉस-पैसेज बनाए गए हैं. हर 50 मीटर पर सीसीटीवी कैमरे लगे हैं, जिनकी निगरानी एक केंद्रीकृत रूम से होती है.

कटरा-बनिहाल सेक्शन के चालू होने से कश्मीर घाटी का भारत के बाकी हिस्सों से सीधा रेल संपर्क स्थापित हो गया है. यह न केवल इंजीनियरिंग की एक मिसाल है, बल्कि यह पर्यटन, व्यापार और सामरिक दृष्टि से भी बेहद महत्वपूर्ण साबित होगा. अब वंदे भारत से कश्मीर जाना केवल सपना नहीं, हकीकत बन चुका है.

ये भी पढ़ें: मई 2025 में घर का बना खाना सस्ता हुआ, वजह— देश में सब्जियों की कीमतों में आई नरमी; लोगों को महंगाई से यूं मिली राहत

-भारत एक्सप्रेस 

निहारिका गुप्ता

Recent Posts

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया पर साझा किया खास सुभाषित, जानिए इसका मतलब

पीएम नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया पर एक प्रेरणादायक संस्कृत सुभाषित साझा किया है, जो…

5 minutes ago

ब्रिटेन बेस से उल्टे पांव लौट रही अमेरिकी सेना, अब क्या करेंगे ट्रंप?

Britain Base America Withdraw: ईरान के साथ बढ़ते सैन्य तनाव और RAF फेयरफोर्ड से जुड़ी…

29 minutes ago

साधक की मौत का सच: क्या सोशल मीडिया के ग्लैमर और चेलों की सियासत में उलझे प्रेमानंद महाराज?

Premanand Maharaj News: वृंदावन में प्रेमानंद महाराज के आश्रम में एक युवा साधक की रहस्यमय…

29 minutes ago

जंतर-मंतर पर पाबंदियों और CEC के इस्तीफे को लेकर भड़की युवा कांग्रेस, दिल्ली की सड़कों पर निकला मशाल मार्च

भारतीय युवा कांग्रेस ने रायसीना रोड से जंतर-मंतर तक एक विशाल मशाल मार्च निकालकर प्रदर्शन…

58 minutes ago

‘भारत-स्विट्जरलैंड संबंधों में नया अध्याय…’ पीएम मोदी और स्विस राष्ट्रपति के बीच आज होगी बैठक

स्विट्जरलैंड के राष्ट्रपति गाइ पार्मेलिन तीन दिवसीय राजकीय यात्रा पर आज नई दिल्ली पहुंचे हैं.…

1 hour ago

दिल्ली पुलिस का बड़ा एक्शन: उस्मानपुर में मुठभेड़ के बाद बिश्नोई गैंग के दो शूटर गिरफ्तार

दिल्ली के उस्मानपुर इलाके में यमुना खादर के पास पुलिस और बिश्नोई गैंग के शूटरों…

1 hour ago