मुंबई: देश के युवाओं के लिए एनीमेशन, विजुअल इफेक्ट्स, गेमिंग और कॉमिक्स जैसे तेजी से बढ़ते क्रिएटिव सेक्टर में करियर बनाने का एक नया मौका सामने आया है. इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ क्रिएटिव टेक्नोलॉजीज (IICT) और Netflix ने मिलकर 100 छात्रों के लिए स्कॉलरशिप का ऐलान किया है. इस स्कॉलरशिप के तहत चयनित छात्रों को कोर्स फीस में 80 फीसदी तक की आर्थिक मदद मिल सकेगी.
यह सुविधा सिर्फ कॉलेज या नए छात्रों तक सीमित नहीं रहेगी. देशभर के छात्र और कामकाजी प्रोफेशनल भी इन कार्यक्रमों के लिए आवेदन कर सकेंगे. अगर कोई व्यक्ति नौकरी के साथ अपनी क्रिएटिव स्किल्स को आगे बढ़ाना चाहता है, तो उसके लिए भी यह मौका खुला है.
स्कॉलरशिप कुल छह प्रोफेशनल प्रोग्राम के लिए उपलब्ध होगी. इनमें दो एक साल के डिप्लोमा और चार छह महीने के सर्टिफिकेट प्रोग्राम शामिल हैं. डिप्लोमा स्तर पर Interactive Comics & Sequential Arts और Visual Effects Mastery शामिल हैं. वहीं छह महीने के सर्टिफिकेट प्रोग्राम में Virtual Art Department Content Creation, Media Tech Workflow, Art of Character Animation और E-Sports & Gaming Management जैसे कोर्स हैं.
इन कार्यक्रमों का मकसद सिर्फ किताबी जानकारी देना नहीं, बल्कि छात्रों को उस तरह की व्यावहारिक समझ और तकनीकी कौशल देना है जिसकी आज क्रिएटिव इंडस्ट्री में जरूरत है.
इस स्कॉलरशिप की घोषणा 5 अगस्त 2026 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेटफ्लिक्स के Co-CEO Ted Sarandos के बीच हुई मुलाकात के बाद की गई पहल का हिस्सा है.
उस मुलाकात में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा था कि भारत की कहानी कहने की परंपरा बेहद समृद्ध है और देश में क्रिएटिव टैलेंट की भी कोई कमी नहीं है. इस क्षमता का इस्तेमाल भारत को दुनिया में कंटेंट क्रिएशन के बड़े केंद्र के तौर पर मजबूत करने के लिए किया जा सकता है.
इसी सोच के तहत Netflix India Storytelling Initiative की शुरुआत की गई. इसका लक्ष्य भारत में आने वाली पीढ़ी के स्टोरीटेलर्स और क्रिएटिव प्रोफेशनल्स को तैयार करना है. यह सेक्टर भारत की तेजी से उभरती ‘Orange Economy’ का अहम हिस्सा माना जा रहा है.
IICT के Visual Effects Mastery और Media Tech Workflow कार्यक्रमों का पाठ्यक्रम मौजूदा इंडस्ट्री वर्कफ्लो और अंतरराष्ट्रीय मानकों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है. इसमें नेटफ्लिक्स की ओर से भी इनपुट दिया गया है.
IICT बोर्ड के चेयरमैन और सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के सचिव चंचल कुमार ने कहा कि भारत की क्रिएटिव इकॉनमी ऐसे दौर में पहुंच चुकी है जहां टेक्नोलॉजी तेजी से यह बदल रही है कि कहानियां किस तरह बनाई और पेश की जाती हैं. ऐसे में प्रतिभाओं को तैयार करने वाले संस्थानों के लिए भी समय के साथ बदलना जरूरी है.
उनके मुताबिक IICT की भूमिका भारत के बड़े क्रिएटिव टैलेंट पूल और तेजी से बदल रही ग्लोबल AVGC-XR इंडस्ट्री के बीच एक मजबूत पुल बनाने की है. इंडस्ट्री के बड़े खिलाड़ियों के साथ साझेदारी इस दिशा में महत्वपूर्ण कदम है.
IICT के CEO डॉ. विश्वास देवसकर ने भी कहा कि संस्थान का उद्देश्य केवल छात्रों को स्किल सिखाना नहीं, बल्कि उन्हें ऐसी स्किल देना है जो इंडस्ट्री के बदलते तौर-तरीकों के साथ प्रासंगिक बनी रहे. नेटफ्लिक्स (Netflix) के साथ साझेदारी से छात्रों को पाठ्यक्रम, प्रोफेशनल वर्कफ्लो और इंडस्ट्री के अपेक्षित मानकों की बेहतर समझ मिलेगी.
FICCI AVGC-XR Forum के चेयरमैन मुंजाल श्रॉफ ने कहा कि FICCI-IICT-Netflix की यह साझेदारी भारत में इंडस्ट्री की जरूरत के हिसाब से टैलेंट तैयार करने की दिशा में बदलाव का संकेत है. इसका उद्देश्य ऐसा वर्कफोर्स तैयार करना है जो आने वाले समय की जरूरतों के लिए तैयार हो.
IICT को भारत में Animation, Visual Effects, Gaming, Comics और Extended Reality यानी AVGC-XR सेक्टर का नेशनल सेंटर ऑफ एक्सीलेंस बनाया गया है. इसकी स्थापना सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने महाराष्ट्र सरकार, FICCI और CII के साथ मिलकर की है.
फिलहाल IICT मुंबई के पेडर रोड (Pedder Road) स्थित राष्ट्रीय फिल्म विकास निगम परिसर (NFDC Complex) से काम कर रहा है. वहीं संस्थान का स्थायी 10 एकड़ का कैंपस गोरेगांव की फिल्म सिटी में विकसित किया जा रहा है.
स्कॉलरशिप और इन छह कार्यक्रमों से जुड़ी जानकारी के लिए इच्छुक छात्र और प्रोफेशनल IICT की आधिकारिक वेबसाइट iict.org पर जानकारी ले सकते हैं.
यह भी पढ़ें: सैनिक स्कूल में PGT, TGT समेत कई पदों पर भर्ती, 63 हजार तक सैलरी; 12 सितंबर तक करें आवेदन
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
Donald Trump UNGA Speech: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार को संयुक्त राष्ट्र महासभा में…
Donald Trump On Greenland: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार को कहा कि अमेरिका ग्रीनलैंड…
Income Tax Notice Viral: Reddit पर इनकम टैक्स से जुड़ी एक पोस्ट इन दिनों चर्चा…
राष्ट्रीय फार्माकोविजिलेंस सप्ताह पर मोदी सरकार ने NFI का 7वां डिजिटल संस्करण और ADR-PvPI 2.0…
Amaze Award to Upendrra Rai: इंडिया इस्लामिक कल्चरल सेंटर (IICC) में आयोजित 'हिंदी मेरी जान'…
बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) ने TRE 4.0 के तहत 32,388 शिक्षक पदों पर भर्ती…