Sainik School Recruitment- bharat express
Sainik School Jhunjhunu Recruitment 2026: राजस्थान के झुंझुनू जिले में स्थित Sainik School Jhunjhunu में नौकरी पाने का शानदार मौका है. स्कूल की ओर से टीचिंग और नॉन-टीचिंग पदों पर भर्ती निकाली गई है. इस भर्ती के तहत कुछ पद नियमित (Regular), जबकि कई पद कॉन्ट्रैक्चुअल बेसिस पर भरे जाएंगे. इच्छुक और योग्य अभ्यर्थी नोटिफिकेशन में दिए गए आवेदन फॉर्मेट के अनुसार ऑफलाइन आवेदन कर सकते हैं.
किन-किन पदों पर होगी भर्ती?
सैनिक स्कूल झुंझुनू में पीजीटी टीचर, टीजीटी मैथ, काउंसलर, पीटीआई-कम-मेट्रॉन, आर्ट मास्टर, लैब असिस्टेंट, म्यूजिक टीचर/बैंड मास्टर, यूडीसी क्लर्क, एलडीसी, ड्राइवर, इलेक्ट्रीशियन और नर्सिंग सिस्टर समेत विभिन्न पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी. हर पद के लिए शैक्षणिक योग्यता और पात्रता अलग-अलग निर्धारित की गई है. इसलिए आवेदन करने से पहले अभ्यर्थियों को संबंधित पद की योग्यता और भर्ती की अन्य शर्तों को ध्यान से जांच लेना चाहिए.
कितनी मिलेगी सैलरी?
नियमित और कॉन्ट्रैक्चुअल पदों के लिए वेतन अलग-अलग निर्धारित किया गया है. पीजीटी टीचर के नियमित पद पर पे लेवल-08 के तहत 47,600 रुपये बेसिक सैलरी मिलेगी. टीजीटी मैथ के लिए पे लेवल-07 के तहत 44,900 रुपये बेसिक वेतन निर्धारित है. कॉन्ट्रैक्चुअल पदों में काउंसलर, पीटीआई मैट्रॉन और आर्ट मास्टर को 63,758 रुपये प्रतिमाह समेकित वेतन मिलेगा. म्यूजिक टीचर/बैंड मास्टर के लिए 46,720 रुपये, जबकि लैब असिस्टेंट और यूडीसी क्लर्क को 38,250 रुपये प्रतिमाह दिए जाएंगे. एलडीसी, ड्राइवर और इलेक्ट्रीशियन के लिए 31,840 रुपये और नर्सिंग सिस्टर के लिए 38,250 रुपये मासिक वेतन निर्धारित है.
उम्र सीमा भी जान लें
भर्ती में पद के अनुसार आयु सीमा अलग-अलग रखी गई है. पीजीटी पद के लिए अभ्यर्थी की उम्र 21 से 40 वर्ष और टीजीटी के लिए 21 से 35 वर्ष के बीच होनी चाहिए. काउंसलर, पीटीआई-कम-मेट्रॉन, आर्ट मास्टर और अन्य संबंधित पदों के लिए आयु सीमा 18 से 50 वर्ष तक है. आयु की गणना 30 सितंबर 2026 के आधार पर की जाएगी. आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को सरकारी नियमों के अनुसार आयु सीमा में छूट मिल सकती है.
यह भी पढ़ें: खाने-पीने का बिजनेस शुरू करने का सुनहरा मौका, सरकार दे रही है 35% तक की बंपर सब्सिडी; जानें प्रक्रिया
नियमित कर्मचारियों को मिलेंगी अतिरिक्त सुविधाएं
नियमित पदों पर चयनित कर्मचारियों को बेसिक वेतन के अलावा कई सुविधाएं भी मिलेंगी. इनमें रेंट-फ्री आवास, ट्रांसपोर्ट अलाउंस, डीए और मेडिकल अलाउंस शामिल हैं. इसके अलावा स्कूल में दो बच्चों को कक्षा 6 से 8 तक सब्सिडाइज्ड शिक्षा की सुविधा भी दी जाएगी. कॉन्ट्रैक्चुअल कर्मचारियों की नियुक्ति शुरुआत में 11 महीने के लिए होगी. आवश्यकता और नियमों के अनुसार इसे अधिकतम तीन साल तक बढ़ाया जा सकता है.
12 सितंबर तक भेजना होगा आवेदन
अभ्यर्थियों को आवेदन फॉर्म भरकर सभी जरूरी दस्तावेजों के साथ स्पीड पोस्ट के जरिए सैनिक स्कूल झुंझुनू भेजना होगा. सामान्य और ओबीसी वर्ग के लिए आवेदन शुल्क 500 रुपये, जबकि एससी/एसटी अभ्यर्थियों के लिए 250 रुपये निर्धारित है. शुल्क डिमांड ड्राफ्ट के माध्यम से जमा करना होगा.
आवेदन पत्र 12 सितंबर 2026 तक स्कूल पहुंच जाना चाहिए. लिफाफे के ऊपर जिस पद के लिए आवेदन किया जा रहा है, उसका नाम स्पष्ट रूप से लिखना होगा. अभ्यर्थी आवेदन करने से पहले सैनिक स्कूल की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध भर्ती नोटिफिकेशन में योग्यता, दस्तावेज और अन्य शर्तों की पूरी जानकारी जरूर जांच लें.
भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



