देश

आतिशी ने दिल्ली के मुख्यमंत्री पद की ली शपथ, सुषमा स्वराज और शीला दीक्षित के बाद बनीं तीसरी महिला सीएम

आम आदमी पार्टी (आप) की नेता आतिशी ने शनिवार (21 सितंबर) को दिल्ली के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ले ली. उन्होंने अरविंद केजरीवाल की जगह ली जिन्होंने मंगलवार (17 सितंबर) को इस्तीफा दे दिया था. सुषमा स्वराज और शीला दीक्षित के बाद आतिशी दिल्ली की तीसरी महिला मुख्यमंत्री हैं.

आतिशी के अलावा सौरभ भारद्वाज, गोपाल राय और कैलाश गहलोत ने मंत्री पद की शपथ ली. नई सरकार में वे अपने पदों पर बने रहेंगे. इमरान हुसैन ने भी मंत्री पद की शपथ ली. सुल्तानपुर माजरा से विधायक मुकेश अहलावत कैबिनेट में नए चेहरे हैं.

हालांकि आतिशी सरकार का कार्यकाल छोटा रहेगा, क्योंकि दिल्ली में अगले साल फरवरी में विधानसभा चुनाव होने हैं. 43 वर्षीय आतिशी को मंगलवार को विधायक दल का नेता चुना गया, इससे पहले केजरीवाल ने उपराज्यपाल (LG) वीके सक्सेना को अपना इस्तीफा सौंप दिया था.

शपथ के बाद आतिशी ने क्या कहा

आतिशी ने नेतृत्व परिवर्तन को लेकर मिली-जुली भावनाएं व्यक्त कीं. उन्होंने कहा कि वह निवर्तमान सीएम अरविंद केजरीवाल द्वारा उन पर जताए गए भरोसे से खुश हैं, लेकिन इस बात से भी दुखी हैं कि उन्होंने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है. मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि वह आगामी विधानसभा चुनावों के बाद केजरीवाल को फिर से मुख्यमंत्री बनाने के लिए कड़ी मेहनत करेंगी.

आतिशी ने कहा, ‘सबसे पहले मैं दिल्ली के लोकप्रिय मुख्यमंत्री, आप के राष्ट्रीय संयोजक और मेरे गुरु अरविंद केजरीवाल का धन्यवाद करना चाहूंगी. उन्होंने मुझे इतनी बड़ी जिम्मेदारी दी और मुझ पर भरोसा किया. यह सिर्फ आम आदमी पार्टी और अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में ही हो सकता है कि कोई पहली बार राजनीति में आया व्यक्ति किसी राज्य का मुख्यमंत्री बन जाए. मैं एक साधारण परिवार से आती हूं. अगर मैं किसी और पार्टी में होती तो शायद मुझे चुनाव का टिकट भी नहीं मिलता.’

आतिशी के अलावा सौरभ भारद्वाज, गोपाल राय, कैलाश गहलोत, इमरान हुसैन और मुकेश अहलावत ने मंत्री पद की शपथ ली.

केजरीवाल का कार्यभार संभाला था

केजरीवाल के मंत्रिमंडल में वित्त, शिक्षा और राजस्व सहित 14 विभागों की जिम्मेदारी संभाल रहीं आतिशी उन लोगों में से थीं, जिन्होंने जेल में रहने के दौरान भी केजरीवाल का कार्यभार संभाला था.

दिल्ली शराब नीति मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) द्वारा दर्ज भ्रष्टाचार के एक मामले में सुप्रीम कोर्ट द्वारा जमानत दिए जाने के कुछ दिनों बाद केजरीवाल ने बीते 15 सितंबर को इस्तीफा देने की घोषणा की थी.

केजरीवाल ने क्या कहा था

केजरीवाल ने कहा था, ‘मैं दो दिन बाद सीएम पद से इस्तीफा देने जा रहा हूं. जब तक जनता अपना फैसला नहीं सुना देती, मैं सीएम की कुर्सी पर नहीं बैठूंगा. मैं हर घर और गली में जाऊंगा और जब तक जनता का फैसला नहीं आ जाता, तब तक सीएम की कुर्सी पर नहीं बैठूंगा.’

उन्होंने कहा था, ‘जब तक जनता अपना फैसला नहीं सुना देती, मैं सीएम पद पर नहीं बैठूंगा. चुनाव कुछ महीनों बाद हैं. अगर आपको लगता है कि केजरीवाल ईमानदार हैं, तो मुझे वोट दें, मैं चुनाव के बाद सीएम बनूंगा. अगर आपको लगता है कि मैं ईमानदार नहीं हूं, तो वोट न दें. आपका वोट मेरी ईमानदारी का प्रमाण पत्र होगा, तभी मैं सीएम पद पर बैठूंगा.’

उन्होंने कहा, ‘चुनाव फरवरी में होने हैं. मैं मांग करता हूं कि चुनाव महाराष्ट्र चुनाव के साथ नवंबर में कराए जाएं.’

-भारत एक्सप्रेस

Bharat Express Desk

Recent Posts

सुप्रीम कोर्ट में प्रमोट हुए जज तो इन तीन बड़े हाईकोर्ट्स में बदले गए कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश, देखिए पूरी लिस्ट

केंद्र सरकार ने 5 अक्टूबर 2026 को दिल्ली, गुजरात और तेलंगाना हाईकोर्ट में कार्यवाहक मुख्य…

45 minutes ago

20 रुपये में इतने कम मोमोज? छात्र के सवाल पूछते ही ठेलेवाले ने चेहरे पर फेंका खोलता तेल

ग्वालियर में 20 रुपये के मोमोज की संख्या कम होने पर सवाल पूछना एक छात्र…

47 minutes ago

नवी मुंबई एयरपोर्ट से अब सफर होगा बेहद आसान, अडानी ग्रुप ने शुरू कीं ई-शिवाई बसें

नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर विंटर शेड्यूल से पहले सस्ती बसों, ऐप टैक्सियों और फ्री…

2 hours ago

उमेश पाल हत्याकांड: UP पुलिस की रिमांड से बचा इनामी अरमान बिहारी, वापस गया बिहार जेल

उमेश पाल ट्रिपल मर्डर केस के 5 लाख के इनामी आरोपी अरमान बिहारी को प्रयागराज…

2 hours ago

जब पीएम मोदी ने स्विस राष्ट्रपति को दिया ‘देसी चीज़’ और कश्मीरी कला का अनूठा तोहफा, जानिए क्या है खास?

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्विट्जरलैंड के राष्ट्रपति गाइ परमेलिन को भारत की समृद्ध विरासत और…

3 hours ago

क्या CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे लोगों पर हुआ लाठीचार्ज?

सोशल मीडिया पर CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ हो रहे प्रदर्शन के नाम से एक…

3 hours ago