रिपोर्ट- श्रीकांत उपाध्याय
Dewas viral video: मध्य प्रदेश के देवास शहर में इन दिनों पेट्रोल पंपों का नजारा किसी युद्ध स्तर की तैयारी जैसा दिख रहा है, जहां ईंधन की कमी की अफवाहों के चलते लोग सुबह से ही लंबी कतारों में खड़े हैं. इसी आपाधापी के बीच राधागंज निवासी गोपाल ठाकुर का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह अपनी ‘बुलेट’ को घर के गैरेज में खड़ी कर सफेद घोड़े पर सवार होकर दफ्तर जाते नजर आ रहे हैं.
एक निजी बैंक में कार्यरत गोपाल ने जब देखा कि पेट्रोल के लिए घंटों इंतजार करना पड़ सकता है, तो उन्होंने समय बर्बाद करने के बजाय अपने घोड़े को ही ‘सवारी’ बना लिया. करीब 3 से 4 किलोमीटर का सफर तय कर जब वह जवाहर नगर स्थित बैंक पहुँचे तो सहकर्मियों से लेकर राहगीर तक उन्हें कैमरे में कैद करने लगे. सोशल मीडिया पर इस ‘देसी जुगाड़’ की जमकर तारीफ हो रही है और लोग इसे संकट के समय में सबसे समझदारी भरा कदम बता रहे हैं.
देवास के लगभग हर प्रमुख चौराहे और पेट्रोल पंप पर वाहनों की ऐसी कतारें लगी हैं कि ट्रैफिक व्यवस्था चरमरा गई है. लोग डिब्बों और बोतलों में भी पेट्रोल भरवाने की कोशिश कर रहे हैं, जिससे कई जगहों पर विवाद की स्थिति भी बन रही है. स्कूली बच्चों से लेकर ऑफिस जाने वाले कर्मचारियों तक के लिए यह स्थिति सिरदर्द बन गई है.
ऐसे में गोपाल ठाकुर जैसे उदाहरण यह संदेश दे रहे हैं कि वैकल्पिक साधनों का उपयोग कर न केवल समय बचाया जा सकता है बल्कि मानसिक तनाव से भी दूर रहा जा सकता है. हालांकि घोड़ा चलाकर ऑफिस पहुँचना हर किसी के लिए संभव नहीं है, लेकिन इस घटना ने पेट्रोल पर हमारी अत्यधिक निर्भरता को लेकर एक नई बहस छेड़ दी है.
सोशल मीडिया पर गोपाल ठाकुर के इस वीडियो को अब तक लाखों लोग देख चुके हैं. लोग मजेदार कमेंट्स कर रहे हैं कि अब पेट्रोल की टेंशन खत्म, बस घास का इंतजाम करना है. यह वीडियो न केवल मनोरंजन का साधन बना है, बल्कि इसने शासन-प्रशासन की व्यवस्थाओं पर भी सवाल खड़े किए हैं कि आखिर क्यों लोगों में इतना डर व्याप्त है. फिलहाल देवास की सड़कों पर गाड़ियों के शोर के बीच घोड़े की टापों की आवाज ने माहौल को थोड़ा हल्का जरूर कर दिया है. प्रशासन को उम्मीद है कि अगले 24 से 48 घंटों में स्थिति पूरी तरह सामान्य हो जाएगी और पेट्रोल पंपों से ये लंबी कतारें गायब हो जाएंगी.
शहर में बढ़ती भीड़ और ईंधन की कथित कमी को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है. कलेक्टर ऋतुराज सिंह और एसपी पुनीत गेहलोत लगातार जनता से अपील कर रहे हैं कि वे किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें. बीती रात खुद एसपी पुनीत गेहलोत ने शहर के विभिन्न पेट्रोल पंपों का औचक निरीक्षण किया और कतार में खड़े लोगों को समझाइश दी कि जिले में ईंधन का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है.
वहीं इसको लेकर प्रशासन का दावा है कि टैंकरों की आवाजाही सामान्य है और केवल ‘पैनिक बाइंग’ (घबराहट में ज्यादा खरीदारी) की वजह से भीड़ बढ़ रही है. अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि जो भी व्यक्ति अफवाह फैलाएगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इटावा में महज 500 रुपये की रंगदारी न देने पर कार सवार दबंगों ने दो…
दिवाली और छठ पूजा पर घर जाने वाले यात्रियों के लिए रेलवे ने मुंबई और…
PERM Program Suspension: अमेरिका ने PERM प्रोग्राम से इंफोसिस, TCS, विप्रो, HCL, कॉग्निजेंट, माइक्रोसॉफ्ट और…
UP Assembly Election 2027: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारी में बीजेपी और आरएसएस…
India Mobile Congress 2026: इंडिया मोबाइल कांग्रेस 2026 में रिलायंस जियो के चेयरमैन आकाश अंबानी…
रांची के हरमू स्थित जनरल ए.एस. वैद्य चौक का नाम बदलने को लेकर बीजेपी और…