ये इमेज एआई द्वारा बनाई गई है.
Today Weather: मार्च का महीना और पारा अभी से 40 डिग्री के करीब पहुंच चुका है. इस बार की गर्मी ने समय से पहले ही अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं. महाराष्ट्र के अकोला में तो पारा 40 के पार निकल चुका है, और दिल्ली से लेकर लखनऊ, पटना और भोपाल तक, दोपहर की धूप अब चुभने लगी है. वहीं, मौसम विभाग (IMD) ने आने वाले दिनों में देश के मौसम का नक्शा पूरी तरह बदलने का संकेत दिया है.
दिल्ली-NCR में मार्च का महीना अभी से ‘गर्म और शुष्क’ वाला अहसास दे रहा है. अगले तीन दिन आसमान में थोड़े बादल आ सकते हैं, लेकिन गर्मी से कोई खास राहत नहीं मिलने वाली. अधिकतम तापमान 34 से 37 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है. अगर आप दिल्ली-एनसीआर में रहते हैं, तो दोपहर की धूप में निकलने से बचें, क्योंकि लू जैसी तपिश महसूस हो सकती है. उत्तर प्रदेश का भी हाल कुछ ऐसा ही है. अगले तीन दिनों तक मौसम सूखा रहेगा और सामान्य से 3 से 5 डिग्री ज्यादा तापमान लोगों को परेशान कर सकता है.
अभी म्यांमार के यांगून से लगभग 500 किलोमीटर दूर बंगाल की खाड़ी में एक बड़ा ‘एटमॉस्फेरिक सर्कुलेशन’ (वायुमंडलीय हलचल) बना हुआ है. यह कोई मामूली सिस्टम नहीं है, बल्कि यह धीरे-धीरे भारत के पूर्वी तट की ओर बढ़ रहा है. मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि यह सिस्टम 9 से 14 मार्च के बीच देश के एक बड़े हिस्से में मौसम का मिजाज बदल सकता है.
जहां एक तरफ ये सिस्टम तपते हुए राज्यों के लिए राहत की बूंदें लेकर आ रहा है, वहीं दूसरी तरफ कुछ इलाकों में हीटवेव का खतरा भी बरकरार है.
मौसम विभाग ने 9 से 14 मार्च के बीच जिन सात राज्यों में बारिश की भविष्यवाणी की है, उनमें जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और ओडिशा शामिल हैं. यहां हल्की से मध्यम बारिश के साथ-साथ 30 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की उम्मीद है.
बिहार और झारखंड: यहां मार्च की शुरुआत के साथ ही पारा चढ़ना शुरू हो गया था, लेकिन 9 से 11 मार्च के बीच होने वाली बारिश से लोगों को झुलसाती गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है. वहीं, कुछ जगहों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की भी आशंका है, इसलिए थोड़ा अलर्ट रहना जरूरी है.
पहाड़ी राज्य: पहाड़ों पर गर्मी का असर इस बार हैरानी वाला है. तापमान सामान्य से 5 से 8 डिग्री ज्यादा चल रहा है. लेकिन पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के सक्रिय होने से पहाड़ों पर फिर से मौसम सुहावना होगा, कहीं-कहीं बारिश होगी तो ऊंची चोटियों पर बर्फबारी की उम्मीद भी है.
राजस्थान और मध्य प्रदेश में गर्मी अपना असली रंग दिखाना शुरू कर चुकी है. राजस्थान के पश्चिमी इलाकों में तो 8 से 10 मार्च के बीच ‘हीटवेव’ यानी लू चलने का अलर्ट जारी किया गया है. यहां का तापमान लोगों को बीमार कर सकता है, इसलिए बाहर निकलते वक्त पानी की बोतल साथ रखना और धूप से बचाव करना बेहद जरूरी है. मध्य प्रदेश में भी तापमान धीरे-धीरे ऊपर ही जाएगा.
महाराष्ट्र के विदर्भ इलाके में 8 से 12 मार्च के बीच हीटवेव की स्थिति बन रही है, और गुजरात के उत्तरी हिस्सों में भी 9-10 मार्च को तेज गर्मी का सामना करना पड़ सकता है. यहां दोपहर के समय पारा काफी बढ़ सकता है, इसलिए अगर काम जरूरी न हो, तो घर के अंदर ही रहना बेहतर है.
दक्षिण भारत, खासकर तमिलनाडु और चेन्नई की बात करें, तो वहां गर्मी के साथ उमस (Humidity) का डबल अटैक है. मन्नार की खाड़ी में बने चक्रवाती सिस्टम की वजह से नीलगिरी और कन्याकुमारी जैसे तटीय इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है, लेकिन बाकी इलाकों में मौसम शुष्क ही रहने वाला है. वहीं, पूर्वोत्तर भारत में मौसम फिलहाल स्थिर है. यहां बंगाल की खाड़ी वाले सिस्टम का हल्का असर जरूर पड़ेगा, जिससे बादल छाए रह सकते हैं, लेकिन बड़ा बदलाव होने की उम्मीद कम है.
-भारत एक्सप्रेस
Kolkata Chorbagan Stampede: चोरबागान दुर्गा पूजा पंडाल भगदड़ के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह…
CM Yogi Adityanath Gift: उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने किसानों और खेतिहर मजदूरों के…
IRS OFFICER EKTA BISHNOI WINS 3 GOLD IN US: भारतीय राजस्व सेवा (IRS) की अधिकारी…
Russia US Deal: रूस और अमेरिका के बीच परमाणु ऊर्जा से चलने वाले डेटा सेंटर…
Durga Puja Jharkhand Culture: देश में दुर्गा पूजा का जश्न चल रहा है. इस दौरान…
MP News: एमपी के राजगढ़ में अजनार नदी को साफ करने वाले 20 साल के…