देश

मौसम का ‘डबल अटैक’: दिल्ली-NCR में 60KM की रफ्तार से चलेगी आंधी, राजस्थान में 48 डिग्री वाला ‘टॉर्चर’, जानें अपने शहर का हाल

Today Weather: मई का महीना अपनी पूरी रंगत दिखा रहा है और इस बार मौसम के तेवर बेहद अनिश्चित हैं. एक तरफ जहां दिल्ली-NCR के लोग आज सुबह से ही आसमान की तरफ देख रहे हैं कि कब बादल बरसें और राहत मिले, वहीं दूसरी तरफ राजस्थान और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में सूरज आग उगल रहा है. आज यानी 15 मई को देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम का बिल्कुल जुदा अंदाज देखने को मिल रहा है. कहीं आंधी-तूफान की आफत है, तो कहीं लू (Heatwave) का जानलेवा टॉर्चर शुरू हो गया है.

दिल्ली-NCR: 60 की रफ्तार से आंधी और बारिश की वॉर्निंग

अगर आप दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद या गुरुग्राम में रहते हैं और ऑफिस के लिए घर से बाहर निकलने वाले हैं, तो ये खबर आपके लिए बहुत जरूरी है. आज दिल्ली-NCR में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूलभरी आंधी चलने की प्रबल संभावना है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) और आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (NDMA) ने इसे लेकर बाकायदा अलर्ट जारी किया है.

गुरुवार की रात को भी दिल्ली-NCR में मौसम ने अचानक करवट ली थी. तेज आंधी की वजह से कई जगहों पर पेड़ गिर गए और सड़क पर चलने वाले वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा.

हालांकि, गुरुवार इस सीजन का सबसे गर्म दिन भी रहा, जहां पारा 40.6 डिग्री तक पहुंच गया था. आज हल्की बूंदाबांदी से थोड़ी राहत जरूर मिल सकती है, लेकिन याद रहे कि ये राहत बस पल भर की है. शनिवार से मौसम फिर साफ होगा और गर्मी का असली ‘ट्रेलर’ शुरू हो जाएगा.

यूपी और बिहार: कहीं तबाही तो कहीं लू का साया

उत्तर प्रदेश में पिछले 24 घंटे किसी बुरे सपने से कम नहीं रहे. आंधी और आसमानी बिजली के कारण प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में काफी नुकसान हुआ है. लेकिन अब मौसम विभाग का नया अपडेट और भी डराने वाला है. आज यानी शुक्रवार से बुंदेलखंड के बांदा, झांसी, चित्रकूट और फतेहपुर जैसे जिलों में भीषण लू चलने का अलर्ट जारी किया गया है. आने वाले दिनों में प्रयागराज, वाराणसी और कानपुर जैसे शहरों में पारा 44-45 डिग्री को छू सकता है.

बिहार में भी स्थिति कुछ ऐसी ही है. पटना, गया और भागलपुर जैसे शहरों में उमस वाली गर्मी लोगों का पसीना निकाल रही है. हालांकि, बिहार के कुछ जिलों जैसे किशनगंज और जमुई के लिए ऑरेंज अलर्ट भी है, जहां शाम के वक्त तेज आंधी और बिजली गिरने का खतरा बना हुआ है.

राजस्थान: बाड़मेर में 48 डिग्री का ‘टॉर्चर’

राजस्थान में इस वक्त देश की सबसे भीषण गर्मी पड़ रही है. बाड़मेर में तापमान 48 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है, जो जानलेवा साबित हो सकता है. जयपुर और बीकानेर जैसे संभागों में आज 40-50 किमी की रफ्तार से आंधी चलने के आसार हैं, जिससे थोड़ी देर के लिए पारा 1-2 डिग्री गिर सकता है. लेकिन 17 मई के बाद राजस्थान के पश्चिमी हिस्सों में फिर से ‘तीव्र हीटवेव’ की चेतावनी दी गई है.

पहाड़ों और उत्तर भारत का हाल

मैदानी इलाकों में जहां गर्मी का कहर है, वहीं पहाड़ों पर मौसम थोड़ा मेहरबान है. हिमाचल प्रदेश के कुल्लू, शिमला और मंडी में आज बारिश और ओलावृष्टि की संभावना है. रोहतांग और बारालाचा जैसे ऊंचे इलाकों में हल्की बर्फबारी से फिजाओं में ठंडक घुल गई है. उत्तराखंड के उत्तरकाशी और चमोली में भी 18 मई तक सुहावना मौसम बना रहेगा. हालांकि, देहरादून और हल्द्वानी जैसे निचले इलाकों में गर्मी अपना असर दिखाएगी और पारा 35 डिग्री के पार जा सकता है.

हरियाणा और पंजाब की बात करें तो यहां भी पश्चिमी विक्षोभ का असर दिख रहा है. हिसार, करनाल और अमृतसर जैसे शहरों में आज तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश हो सकती है, जिससे उमस भरी गर्मी से थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है.

दक्षिण भारत: भारी बारिश और तूफान का खतरा

एक तरफ उत्तर भारत गर्मी से जल रहा है, तो दूसरी तरफ दक्षिण भारत में ‘तूफानी सैलाब’ की आहट है. बंगाल की खाड़ी में बने सिस्टम की वजह से केरल, तमिलनाडु और कर्नाटक में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. चेन्नई से लेकर केरल के तटीय इलाकों तक 18 मई तक बिजली कड़कने और मूसलाधार बारिश की संभावना है. यहां मानसून की तैयारी भी तेज हो गई है और 16 मई के आसपास इसके अंडमान पहुंचने की उम्मीद है.

ये भी पढ़ें: दिल्ली से मुंबई तक बढ़े तेल के दाम, पेट्रोल-डीजल 3 रुपये प्रति लीटर महंगा, देखिए आपके शहर का नया रेट

-भारत एक्सप्रेस

Vaibhav Gupta

Recent Posts

पीएम मोदी के दौरे से ऐतिहासिक बनेगा NDA सरकार का एक साल, JDU अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने बताया प्लान?

बिहार में एनडीए सरकार का एक साल पूरा होने और पीएम मोदी के प्रस्तावित वैशाली…

3 minutes ago

राहुल गांधी ने की पीएम मोदी के कॉन्सेप्ट की कॉपी, तेलंगाना बीजेपी अध्यक्ष रामचंद्र राव का तीखा तंज

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा अपने आवास पर कांग्रेस नेताओं के साथ की…

10 minutes ago

दिवाली से पहले पंजाब सरकार का बड़ा तोहफा, 6,507 कंप्यूटर टीचर्स का DA 221% हुआ

Punjab DA Hike: पंजाब सरकार ने दिवाली से पहले 6,507 कंप्यूटर शिक्षकों को बड़ा तोहफा…

10 minutes ago

‘मैं धन्य हो गई…’, अमित शाह के हाथों सम्मान पाकर क्या बोलीं भिनेत्री हिमानी शिवपुरी?

अनुभवी अभिनेत्री हिमानी शिवपुरी को देहरादून में आयोजित 'उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस' समारोह के दौरान…

20 minutes ago

गिल-कोहली-रोहित फेल, फिर भी जीत गई टीम इंडिया; न्यूजीलैंड को 4 रन से हराया

भारत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे वनडे में DLS नियम के आधार पर 4 रन…

25 minutes ago

अहमदाबाद में अमित शाह की हाई-लेवल बैठक, सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और साइबर क्राइम पर मंथन

Amit Shah Ahmedabad Meeting: केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने अहमदाबाद में गुजरात…

31 minutes ago