हेमंत सोरेन और उनकी पत्नी कल्पना सोरेन.
Jharkhand Assembly Election Result 2024: झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM/झामुमो) के नेता और राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन (Hemant Soren) ने राज्य के लोगों को धन्यवाद दिया, क्योंकि इंडिया गठबंधन (India Alliance) – जिसमें JMM, Congress, राष्ट्रीय जनता दल (RJD/राजद) और CPIM (L) शामिल हैं – विधानसभा चुनावों में निर्णायक जीत की ओर अग्रसर है.
सोरेन ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, ‘झारखंड में लोकतंत्र की परीक्षा में हम पास हो गए हैं. चुनाव नतीजों के बाद हम अपनी रणनीति को अंतिम रूप देंगे. मैं इस शानदार प्रदर्शन के लिए लोगों का आभार व्यक्त करता हूं.’
उन्होंने शनिवार शाम मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि हम झारखंड में ‘अबुआ राज, अबुआ सरकार’ (अपना शासन अपनी सरकार) का इतिहास गढ़ने जा रहे हैं. हेमंत सोरेन ने कहा कि राज्य के लोगों ने शायद पहली बार ऐसा चुनाव देखा होगा. लोकतंत्र की परीक्षा हमने सफलतापूर्वक पास की. उन्होंने जीत पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से मिले बधाई संदेश पर आभार भी जताया. सोरेन ने कहा कि लोकतंत्र के इस महापर्व को लोगों ने बहुत उत्साह से मनाया. इसमें महिलाओं और नौजवानों ने बढ़-चढ़ कर हिस्सा लिया. उन्होंने चुनाव मैदान में उतरे सभी लोगों के प्रति आभार जताया.
बरहेट से चुनाव लड़ रहे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भाजपा के गमलीयेल हेम्ब्रोम को हराया. इंडिया गठबंधन के अन्य प्रमुख उम्मीदवारों ने भी बड़ी जीत हासिल की है. खूंटी में जेएमएम के रामसूर्या मुंडा ने भाजपा के नीलकंठ सिंह मुंडा को हराया. कांग्रेस के दिग्गज रामेश्वर उरांव ने लोहरदगा में आजसू पार्टी की नीरू शांति भगत को हराया. गांडेय सीट पर हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन भाजपा की मुनिया देवी को हरा दिया है.
झारखंड में घुसपैठियों के खिलाफ अभियान चलाने वाली भाजपा के कुछ प्रमुख नेता शुरुआत में ही पिछड़ गए. जगन्नाथपुर में भाजपा उम्मीदवार गीता कोरा कांग्रेस के सोनाराम सिंकू से हार गईं. सरायकेला में शुरू में पिछड़ रहे पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन ने वापसी की और जीत दर्ज की.
चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार, रात 9:20 बजे तक सभी 81 सीटों पर परिणाम आ गए थे. जेएमएम 34 सीटें जीत चुकी थी. भाजपा के खाते में 21 सीटें और कांग्रेस के खाते में 16 सीटें आईं. आरजेडी के खाते में 4 सीटें आई हैं. इसके अलावा CPIM (L) ने 2, आजसू, लोजपा (रामविलास), जदयू और झारखंड लोकतांत्रिक मोर्चा ने 1-1 सीट पर विजय हासिल की है.
झारखंड विधानसभा में बहुमत का आंकड़ा 41 है. यहां पहले चरण में 13 नवंबर को 43 सीटों पर मतदान हुआ था, जबकि दूसरे चरण में एक सप्ताह बाद 20 नवंबर को 38 सीटों पर मतदान हुआ था.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने झारखंड में झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) को मिली जीत पर शनिवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को बधाई दी. प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, ‘मैं झारखंड के लोगों का हमारे प्रति समर्थन के लिए धन्यवाद करना चाहूंगा. हम लोगों के मुद्दों को उठाने और राज्य के लिए काम करने में हमेशा आगे रहेंगे.’
इसके साथ ही उन्होंने एनडीए कार्यकर्ताओं की भी तारीफ की. उन्होंने कहा, ‘मुझे जमीन पर उनके प्रयासों के लिए प्रत्येक एनडीए कार्यकर्ता पर गर्व है. उन्होंने कड़ी मेहनत की, लोगों के बीच गए और हमारे सुशासन के एजेंडे को विस्तार से बताया.’
उन्होंने कहा, ‘एनडीए के जन-समर्थक प्रयास सर्वत्र गूंज रहे हैं. मैं विभिन्न उप-चुनावों में एनडीए उम्मीदवारों को आशीर्वाद देने के लिए विभिन्न राज्यों के लोगों को धन्यवाद देता हूं. हम उनके सपनों और आकांक्षाओं को पूरा करने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे.’
झारखंड की जीत पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन ने भी एक्स पर पोस्ट किया. उन्होंने एक तस्वीर भी साझा की है, जिसमें वह अपने पूरे परिवार के साथ नजर आ रही हैं. इस पोस्ट में उन्होंने लिखा, ‘गांडेय समेत झारखंड की जीत के बाद रांची एयरपोर्ट पर परिवार के साथ… यह ऐतिहासिक जीत, झारखंड के जन-जन की जीत है. जय झारखंड.’
लोगो का धन्यवाद करते हुए उन्होंने कहा, ‘झारखंड की ऐतिहासिक जीत, आपकी शक्ति और विश्वास का परिणाम है. आपके समर्थन ने हमें नए झारखण्ड के निर्माण के लिए और ताकत दी है. साथ मिलकर हम झारखंड को देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करेंगे.’
-भारत एक्सप्रेस
लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 4,543 नवचयनित उपनिरीक्षकों को नियुक्ति पत्र वितरित करते हुए…
बद्रीनाथ धाम के ऊपर मौजूद तीन हैंगिंग ग्लेशियरों को लेकर वैज्ञानिकों ने गंभीर चेतावनी दी…
UPSRTC Diwali Chhath Special Bus: दीपावली और छठ पर्व पर यात्रियों की सहूलियत के लिए…
दीपावली महापर्व पर मां लक्ष्मी की असीम कृपा और स्थायी समृद्धि प्राप्त करने के लिए…
Amit Shah Ahmedabad Visit: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 9 नवंबर को अहमदाबाद दौरे पर…
Banke Bihari Temple: दिवाली और कार्तिक मास के पावन अवसर पर ब्रजभूमि के प्रसिद्ध श्रीबांकेबिहारी…