देश

पीएम मोदी ने कांग्रेस पर कसा तंज, कहा वे आर्टिकल 370 लाने की बात करते हैं, एक बार भी नहीं कहा पीओके वापस लाएंगे

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को हरियाणा के पलवल में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस को अपने निशाने पर लिया. उन्होंने कहा कि कांग्रेस आर्टिकल 370 घाटी में वापस लाने की बात करती है. लेकिन, एक बार भी यह नहीं कहा कि पीओके वापस लाएंगे. कांग्रेस देश की सबसे बेईमान और धोखेबाज पार्टी है.

पीएम मोदी ने कहा कि आज की कांग्रेस अर्बन नक्सलियों के शिकंजे में है. दुनिया में जो भारत को बदनाम करने में जुटे हैं, जो हमारे दुश्मनों के एजेंडे को आगे बढ़ाते हैं. कांग्रेस के नेता खुले आम उसे गले लगाते हैं, अर्बन नक्सली गठजोड़ भारत को कभी भी मजबूत होते नहीं देख सकता है, इसलिए ये लोग हमारी सेना पर भी हमला करते हैं, हमारी सेना ने दुश्मनों को बार-बार पीटा, लेकिन कांग्रेस का शाही परिवार दुश्मनों की तारीफ करता है, मैं सोशल मीडिया पर कुछ पोस्ट देख रहा था, वहां कांग्रेस को लेकर कुछ लोगों ने कुछ पोस्टर डाले थे. इनमें लिखा था कि कांग्रेस के लोग जोर-जोर से कहते हैं कि आर्टिकल 370 को वापस लाएंगे. लेकिन, कांग्रेस ने एक बार भी ये नहीं कहा कि पीओके वापस लाएंगे. उनके मुंह से नहीं निकलता है. कांग्रेस ने देश का मुकुट तोड़ दिया, कश्मीर के भी टुकड़े कर दिए. इतना बड़ा हिस्सा गवां दिया, ये उस पीओके को वापस लाने की बात नहीं करते. लेकिन यह लोग 370 को वापस लाना चाहते हैं. ये बातें आज सोशल मीडिया पर कांग्रेस के लिए लिखी जा रही है. देश का दुर्भाग्य है कि आर्टिकल 370 की वापसी के मुद्दे पर कांग्रेस को पाकिस्तान की सरकार ने भरपूर समर्थन दिया है. जो एजेंडा पाकिस्तान को पसंद है वो कट्टर देशभक्त हरियाणा के लोगों को क्या कभी पसंद आ सकता है. जो कांग्रेस पाकिस्तान को खुश करती है, वो हरियाणा को खुश रख सकती है.

हरियाणा में जन आशीर्वाद रैली को किया संबोधित

जन आशीर्वाद रैली को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि हरियाणा में भाजपा सरकार ने करीब 1.5 लाख सरकारी नौकरियां दी, वो भी बिना खर्ची-पर्ची के, साथ ही हजारों कर्मचारियों को पक्का किया. लेकिन, अब कांग्रेस वाले फिर वही खर्ची-पर्ची सिस्टम हरियाणा में वापस लाना चाहते हैं, आप पर थोपना चाहते हैं. उनकी सरकार बनने के दूर-दूर तक आसार नजर नहीं आ रहे हैं. लेकिन लूट-खसोट का बंटवारा अभी से हो गया है. ये है कांग्रेस की सच्चाई. कांग्रेस की नस-नस में भ्रष्टाचार दौड़ता है. ये दलालों और दामादों की पार्टी बन गई है. कांग्रेस के राज में यहां जमीन की दलाली करने वाले मालामाल हो गए. जबकि किसान को सिर्फ 2 रुपये का मुआवजा मिला. आज कांग्रेस यहां एमएसपी को लेकर बड़ी-बड़ी बातें कर रही है. लेकिन, कांग्रेस की सरकार यहां सिर्फ 3-4 फसलों पर एमएसपी देती थी. जबकि भाजपा सरकार 24 फसलों की खरीद एमएसपी पर कर रही है. पिछले 8 सीजन में एमएसपी के रूप में यहां के लाखों किसानों को 1 लाख 10 हजार करोड़ रुपये से भी अधिक की धनराशि सीधे उनके बैंक खातों में मिली है.

पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस का सिर्फ और सिर्फ एक ही एजेंडा है – वोट के लिए तुष्टिकरण, ज्यादा से ज्यादा तुष्टिकरण. कांग्रेस आज कह रही है कि वो दलितों और पिछड़ों का आरक्षण खत्म कर देगी. कर्नाटक में इन्होंने यही तो किया है. वहां कांग्रेस की सरकार बनते ही इन्होंने दलितों और पिछड़ों का आरक्षण छीनकर उसे अपने वोट बैंक में बांट दिया. कांग्रेस, देश की सबसे बड़ी दलित विरोधी पार्टी है. इसी पार्टी ने दो-दो बार डॉ. अंबेडकर को चुनाव हरवाया. इन्होंने संसद के सेंट्रल हॉल में उनकी तस्वीर तक नहीं लगने दी. इनके एक नेता, जिन्होंने मिर्चपुर कांड के समय भी दलितों के साथ बदनीयती दिखाई थी, उनके ऑफिस में उनकी पार्टी के कार्यकर्ता डंके की चोट पर कह रहे हैं कि ‘एक दिन आरक्षण खत्म होगा’. यानी, कांग्रेस ने आरक्षण खत्म करने का प्लान बना लिया है और उनके लिए हरियाणा इसका टेस्टिंग स्टेट होने वाला है.

ये भी पढ़ें- Sadguru की अपनी बेटी जब विवाहित हैं तो वह अन्य युवतियों को संन्यासी बनने के लिए क्यों प्रोत्साहित कर रहे हैं: मद्रास हाईकोर्ट

उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने देश के लिए जरूरी हर विषय को उलझाए रखा, कांग्रेस ने अयोध्या में राम मंदिर नहीं बनने दिया. कांग्रेस ने जम्मू कश्मीर में संविधान पूरी तरह से लागू नहीं होने दिया. उसने हमारी बहनों को संसद और विधानसभा में आरक्षण से वंचित रखा. उसने हमारी मुस्लिम बहनों को तीन तलाक की समस्या में उलझाए रखा. कांग्रेस ने देश की, देशवासियों की समस्याओं का समाधान नहीं किया बल्कि अपने परिवार को स्थापित करने में पूरी शक्ति लगा दी.

-भारत एक्सप्रेस

आईएएनएस

Recent Posts

मेरठ में मिठाइयों के नाम पर बड़ा खेल! गुप्त तहखाने में चल रही थी नकली चांदी के वर्क की फैक्टरी

Meerut Fake Silver Foil Factory: मेरठ के परतापुर थाना क्षेत्र के काशी गांव में खाद्य…

3 hours ago

30 लाख दीपों से जगमगाएगी अयोध्या, 2100 ड्रोन से आसमान में दिखेगी रामायण; दीपोत्सव को भव्य बनाने की तैयारियां पूरी

Ayodhya Deepotsav 2026: अयोध्या में दीपोत्सव के 10वें संस्करण को भव्य बनाने की तैयारियां पूरी…

4 hours ago