(प्रतीकात्मक तस्वीर: IANS)
Jammu Kashmir Terror Attack: जम्मू-कश्मीर के गुलमर्ग (Gulmarg) के बूटापथरी इलाके में गुरुवार को सेना के वाहन पर आतंकी हमले में शहीद हुए जवानों की संख्या 3 हो गई है. घायल जवानों में से एक की शुक्रवार को अस्पताल में मौत हो गई. गुरुवार को 2 जवानों और 2 पोर्टरों की मौत हो गई थी. इससे इस हमले में मरने वालों की संख्या 5 हो गई है.
अधिकारियों ने बताया कि गुलमर्ग के बूटापथरी इलाके के नागिन चौक में राष्ट्रीय राइफल्स (आरआर) के वाहन पर गुरुवार को हुए आतंकवादी हमले में घायल हुए एक जवान ने शुक्रवार को अस्पताल में दम तोड़ दिया.
जम्मू-कश्मीर में हाल ही में हुए हमलों के मद्देनजर उपराज्यपाल (एलजी) मनोज सिन्हा ने गुरुवार को इस केंद्रशासित प्रदेश में सुरक्षा स्थिति की समीक्षा के लिए एकीकृत मुख्यालय बैठक (यूएचक्यू) की अध्यक्षता की. यूएचक्यू जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा ग्रिड का सर्वोच्च निकाय है, इसमें सेना, सीएपीएफ, स्थानीय पुलिस, केंद्रीय और यूटी की खुफिया एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हैं.
मनोज सिन्हा ने आतंकी हमले के बाद एक्स पर पोस्ट कर लिखा, ‘बूटापथरी सेक्टर में जघन्य आतंकी हमले पर सेना के शीर्ष अधिकारियों से बात की. आतंकियों के खिलाफ सेना को त्वरित और मुंहतोड़ जवाब देने के निर्देश दिए हैं. ऑपरेशन जारी है. हमारे शहीदों का बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा. उनके परिवारों के प्रति संवेदना. घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं.’
मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने अपने एक्स हैंडल पर लिखा, ‘उत्तरी कश्मीर के बूटापथरी इलाके में सेना के वाहनों पर हुए हमले की बहुत दुर्भाग्यपूर्ण खबर है. इसके परिणामस्वरूप कुछ लोग हताहत और घायल हुए हैं. कश्मीर में हाल ही में हुए हमलों की यह श्रृंखला गंभीर चिंता का विषय है.
उन्होंने लिखा, ‘मैं इस हमले की कड़ी निंदा करता हूं और जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं. मैं यह भी प्रार्थना करता हूं कि घायल पूरी तरह और शीघ्र स्वस्थ हों.’
इससे पहले आतंकियों ने पुलवामा जिले के त्राल इलाके में यूपी के एक गैर-स्थानीय मजदूर पर गोलीबारी की और उसे घायल कर दिया. मजदूर को मामूली चोट आई है. गुरुवार को सेना के वाहन पर हमला घाटी के आमतौर पर आतंकवाद मुक्त क्षेत्र से हुआ. बारामुला जिले में आने वाले गुलमर्ग और बूटापथरी जैसे इलाकों में पर्यटकों की भीड़ लगी रहती है और यह स्थान प्रकृति प्रेमियों की पसंदीदा जगह है.
इससे पहले बीते 20 अक्टूबर को गांदेरबल जिले के श्रीनगर-सोनमर्ग मार्ग पर गगनगीर के पास जेड-मोड़ सुरंग का निर्माण कर रही एक कंपनी पर हुए आतंकवादी हमले में एक डॉक्टर और 6 श्रमिकों की मौत हो गई थी. पांच कर्मचारी भी घायल हुए थे.
मारे गए लोगों की पहचान कश्मीर के बडगाम के डॉ. शाहनवाज और पंजाब के गुरदासपुर के गुरमीत सिंह के रूप में हुई है, जबकि मोहम्मद हनीफ, फहीम नासिर और कलीम बिहार के रहने वाले थे. इसके अलावा मृतकों में मध्य प्रदेश के अनिल शुक्ला और जम्मू के शशि अबरोल भी शामिल थे.
बीते 18 अक्टूबर को जम्मू कश्मीर के शोपियां जिले में पुलिस ने एक श्रमिक का गोलियों से छलनी शव बरामद किया था. पुलिस ने बताया था कि जिले के जैनपोरा क्षेत्र के वंडुना गांव में बिहार निवासी अशोक चौहान का शव बरामद किया गया.
-भारत एक्सप्रेस
Diwali 2026 Alakshmi Story: कार्तिक अमावस्या पर महालक्ष्मी के स्वागत के साथ उनकी बड़ी बहन…
Ratlam 19 Year Old Youth Murder Case: मध्य प्रदेश के रतलाम में 19 वर्षीय रितेश…
भारत एक्सप्रेस के CMD और एडिटर-इन-चीफ उपेंद्र राय की मेजबानी में आयोजित ‘स्वर्णिम संध्या’ कार्यक्रम…
बीकानेर में दीपावली पर आयोजित होने वाला उर्दू रामायण पाठ गंगा-जमुनी तहजीब की अनोखी मिसाल…
Diyara Ghat Diwali: सुल्तानपुर के ऐतिहासिक दियरा घाट पर छोटी दीपावली के अवसर पर 2100…
अमृतसर के जंडियाला स्थित गांव अकाल गढ़ ढपइयां में पुरानी रंजिश के चलते 100 से…