आईपीएल

IPL 2025 CSK vs MI: चेन्नई के स्पिनरों का जलवा या मुंबई के बल्लेबाजों का दम? चेपॉक में होगा कांटे का मुकाबला

IPL 2025 CSK vs MI: आईपीएल 2025 का रोमांच अपने चरम पर है, और अब फैंस की निगाहें चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) और मुंबई इंडियंस (MI) के बीच होने वाले महामुकाबले पर टिकी हैं. यह मैच क्रिकेट प्रेमियों के लिए किसी ‘एल क्लासिको’ से कम नहीं होगा. दोनों टीमों के फैंस इस हाई-वोल्टेज मुकाबले का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं. यह मुकाबला चेन्नई के एम.ए. चिदंबरम स्टेडियम (चेपॉक) में खेला जाएगा, जहां CSK की स्पिन ताकत निर्णायक भूमिका निभा सकती है.

CSK की स्पिन रणनीति होगी कारगर?

पांच बार की चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स ने पिछले साल मेगा नीलामी में अपनी स्पिन गेंदबाजी को और मजबूत किया. टीम में रविचंद्रन अश्विन, नूर अहमद, श्रेयस गोपाल और दीपक हूडा को जोड़ा गया, जबकि पहले से ही रवींद्र जडेजा जैसे अनुभवी ऑलराउंडर टीम का हिस्सा हैं. चेपॉक की स्पिन फ्रेंडली पिच पर CSK का यह स्पिन आक्रमण घातक साबित हो सकता है.

टीम की बल्लेबाजी की बात करें, तो एक बार फिर से महेंद्र सिंह धोनी सभी के आकर्षण का केंद्र होंगे. धोनी 2008 से इस फ्रेंचाइजी के साथ जुड़े हैं और फैंस को उम्मीद है कि इस सीजन में भी वह अपने अनुभव और कप्तानी से टीम को आगे ले जाएंगे.

मुंबई इंडियंस को खलेगी बुमराह की कमी

दूसरी ओर, मुंबई इंडियंस (MI) के लिए यह मुकाबला आसान नहीं रहने वाला. टीम के स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह अभी तक फिट नहीं हुए हैं और शुरुआती मुकाबलों से बाहर रह सकते हैं. बुमराह की गैरमौजूदगी में MI को डेथ ओवरों में अनुभवी गेंदबाजों की कमी खलेगी.

इसके अलावा, हार्दिक पंड्या भी इस मुकाबले में नहीं खेल पाएंगे. वह पिछले सीजन के दौरान धीमी ओवर गति के कारण एक मैच के निलंबन का सामना कर रहे हैं. ऐसे में मुंबई इंडियंस की कप्तानी इस मैच में सूर्यकुमार यादव करेंगे. सूर्यकुमार को अपनी कप्तानी से MI को एक मजबूत शुरुआत दिलाने की जिम्मेदारी उठानी होगी.

दोनों टीमों की बल्लेबाजी

चेन्नई की ओपनिंग जोड़ी को लेकर अब भी संशय बना हुआ है. रुतुराज गायकवाड़ के साथ रचिन रविंद्र या डेवोन कॉनवे में से कोई एक पारी की शुरुआत कर सकता है. वहीं, राहुल त्रिपाठी, शिवम दुबे, दीपक हूडा और विजय शंकर मध्यक्रम को मजबूती देंगे. CSK के पास निचले क्रम में धोनी और जडेजा जैसे अनुभवी फिनिशर मौजूद हैं, जो किसी भी परिस्थिति में मैच पलटने की क्षमता रखते हैं.

मुंबई इंडियंस के लिए सबसे बड़ी चुनौती सही संयोजन तलाशने की होगी. इशान किशन के जाने के बाद टीम के पास एक नया सलामी बल्लेबाज होगा. रयान रिकेल्टन को ओपनिंग में मौका दिया जा सकता है, जो रोहित शर्मा के साथ पारी की शुरुआत कर सकते हैं. मध्यक्रम में सूर्यकुमार यादव और तिलक वर्मा जैसे शानदार बल्लेबाज टीम को मजबूती देंगे. MI के ऑलराउंडर विभाग में राज अंगद बावा और नमन धीर पर काफी जिम्मेदारी होगी.

गेंदबाजी में किसका रहेगा दबदबा?

CSK की गेंदबाजी में स्पिनर्स की भरमार है, वहीं MI तेज गेंदबाजों के साथ उतरेगी. मुंबई की तेज गेंदबाजी में ट्रेंट बोल्ट, दीपक चाहर और रीस टॉपली की तिकड़ी अहम भूमिका निभाएगी.

MI के स्पिन विभाग में मिचेल सैंटनर, कर्ण शर्मा और मुजीब उर रहमान मौजूद हैं, जो चेपॉक की धीमी पिच पर फायदेमंद साबित हो सकते हैं.

CSK vs MI – आमने-सामने के आंकड़े

आईपीएल इतिहास में अब तक MI और CSK के बीच कुल 37 मुकाबले खेले जा चुके हैं. मुंबई इंडियंस ने 20 मैच जीते हैं, जबकि चेन्नई सुपर किंग्स ने 17 बार बाजी मारी है. हालांकि, पिछले तीन मुकाबलों में CSK का पलड़ा भारी रहा है.

चेपॉक के आंकड़ों की बात करें तो यहां भी MI का दबदबा रहा है. मुंबई ने इस मैदान पर CSK को 5 बार हराया है, जबकि CSK सिर्फ 3 बार जीत पाई है.

इस मैच में सबसे बड़ा सवाल यही रहेगा कि क्या CSK का स्पिन आक्रमण मुंबई इंडियंस की बल्लेबाजी को रोक पाएगा? चेपॉक की पिच स्पिनर्स के लिए मददगार होती है, ऐसे में CSK की रणनीति पूरी तरह स्पिन पर निर्भर रहेगी.

वहीं, MI को अपनी तेज गेंदबाजी से CSK के बल्लेबाजों को दबाव में लाना होगा. जसप्रीत बुमराह की गैरमौजूदगी में यह देखना दिलचस्प होगा कि मुंबई की टीम किस रणनीति के साथ उतरती है.

टॉस रहेगा एक्स फैक्टर

चेपॉक में अब तक आईपीएल के कुल 77 मैच खेले गए. जिसमें पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने 46 बार जीत हासिल की है. वहीं, रन चेज करने वाली टीम ने 31 मैच में जीत हासिल की है. चेपॉक की पिच पर बल्लेबाजी करना काफी कठिन रहता है. इसलिए चेन्नई और मुंबई के बीच होने वाले मैच में टॉस एक्स फेक्टर रहेगा. दोनों में जो भी टीम टॉस जीतेगी वह पहले बल्लेबाजी कर दूसरी टीम के सामने एक बड़ा टोटल रखना चाहेगी.

इस पिच पर दूसरी पारी में बल्लेबाजी करना मुश्किल रहता है. क्योंकि, गेंद बल्ले पर फंसकर आती है. चेन्नई के पास अश्विन-जडेजा की जोड़ी है. अगर चेन्नई टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी कर एक बड़ा टोटल खड़ा कर देती है तो मुंबई के लिए अश्विन-जडेजा के 8 ओवर काफी चुनौती पैदा कर सकते हैं. हालांकि, मुंबई के पास भी मिचेल सैंटनर जैसा क्वालिटी स्पिनर है.


ये भी पढ़ें- IPL 2025 SRH vs RR: ईशान किशन के तूफानी शतक से बना इतिहास, सनराइजर्स ने राजस्थान को दिया 287 रनों का विशाल लक्ष्य


-भारत एक्सप्रेस

Prashant Rai

Recent Posts

मंदी का दौर खत्म! सोने-चांदी की कीमतों में फिर लौटी जोरदार तेजी; जानें आज के ताजा दाम

हफ्ते की शुरुआत में लुढ़कने के बाद अब सोने और चांदी की कीमतों में फिर…

10 minutes ago

अखबार पढ़कर बेटी ने पकड़ा तीर-कमान, पड़ोसी को देखकर बना तीरंदाज; अब भारत को दिलाया 8वां गोल्ड

Asian Games 2026 में चिकिथा तनिपार्थी और साहिल जाधव ने शूट-ऑफ में दक्षिण कोरिया को…

16 minutes ago

मोबाइल पर स्क्रैच से आगबबूला हुई ‘कलयुगी मां’, मासूम बच्चों को जमकर पीटा; CCTV ने खोला राज

Mother Beats Children: फरीदाबाद में मोबाइल स्क्रीन पर स्क्रैच आने से गुस्साई महिला पर 6…

23 minutes ago

दिल्ली जल बोर्ड में इंटर्नशिप का सुनहरा मौका, हर महीने मिलेंगे ₹15,000; 15 अक्टूबर से पहले करें अप्लाई

दिल्ली जल बोर्ड ने यंग एक्वा लीडर्स इंटर्नशिप प्रोग्राम 2026 की घोषणा कर दी है.…

24 minutes ago

कांग्रेस की CWC मीटिंग में इस नेता ने क्यों लिया नीतीश कुमार का नाम, सोनिया गांधी ने क्या कहा?

Congress CWC Meeting में नीतीश कुमार के INDIA गठबंधन से बाहर जाने को लेकर चर्चा…

42 minutes ago

पाइप बिछाने से आगे की कहानी: कैसे स्वतंत्र देव सिंह ने बुंदेलखंड में पानी की किल्लत को दी चुनौती?

UP Politics: बुंदेलखंड में स्वतंत्र देव सिंह के पानी अभियान का मुख्य फोकस घर-घर नल…

58 minutes ago