नवीनतम

पेरिस ओलंपिक में भारतीय हॉकी टीम में स्वर्ण जीतने की क्षमता: दिलीप टिर्की

भारतीय हॉकी टीम का ओलंपिक खेलों में इतिहास काफी शानदार रहा है. एक दौर ऐसा था जब भारतीय हॉकी टीम ने लगातार 6 ओलंपिक स्वर्ण पदक जीते तथा वे इस दौरान एक भी मैच किसी टीम से नहीं हारे. भारतीय टीम ने ओलंपिक में देश के लिए कुल 12 पदक (8 स्वर्ण, 1 रजत और 3 कांस्य) जीते हैं. लेकिन वर्ष 1980 के बाद से भारतीय टीम को निराशा का ही सामना करना पड़ा है. टोक्यो ओलंपिक 2020 में भारतीय हॉकी टीम ने 40 सालों बाद ओलंपिक मेडल के सूखे को ख़त्म करके कांस्य पदक पर कब्जा किया. पिछले कुछ सालों से भारतीय टीम लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रही है जिससे पेरिस ओलंपिक में उनके मेडल जीतने की उम्मीद एक बार फिर से बढ़ गयी है.

पूर्व कप्तान दिलीप टिर्की का बयान

हॉकी इंडिया के अध्यक्ष और पूर्व कप्तान दिलीप टिर्की को भरोसा है कि पेरिस ओलंपिक 2024 में भारतीय हॉकी टीम स्वर्ण पदक जीत सकती है. हरमनप्रीत सिंह की कप्तानी वाली टीम अपनी तैयारियों को पुख्ता करने में जुटी हुई है. इस टीम में अनुभवी खिलाड़ियों और युवा जोश का मिश्रण है. कुछ ऐसे नाम भी हैं जिनका यह पहला ओलंपिक होगा, तो कुछ ऐसे भी हैं जिनके पास खेल के इस महाकुंभ का अच्छा एक्सपीरियंस है. टिर्की ने सोमवार को ‘ग्लोरी ऑफ फाइव रिंग्स’ कार्यक्रम में कहा, “टीम कॉम्बिनेशन अच्छी नजर आ रही है. हमारे पास मजबूत डिफेंस और स्ट्राइकर हैं, जो अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने का लक्ष्य रखते हैं. हम सभी जानते हैं कि श्रीजेश क्या करने में सक्षम हैं और गोलकीपिंग की अगुवाई उनके हाथों में होगी. पिछले कुछ वर्षों में हरमनप्रीत सिंह का प्रदर्शन बेहतरीन रहा है. इसलिए हमें उनसे पदक की उम्मीद है और मुझे यकीन है कि पदक का रंग स्वर्ण होगा. हम अन्य टीमों को कड़ी टक्कर देने जा रहे हैं.”

44 वर्षों से नहीं जीते स्वर्ण

लंबे अरसे बाद टोक्यो 2020 में पदक का सूखा समाप्त करने वाली भारतीय पुरुष हॉकी टीम की नजरें अब पेरिस ओलंपिक में गोल्ड मेडल पर है. भारत जिस ग्रुप में है, उसमें कई बड़ी टीमें शामिल हैं. इसलिए यह सपना भारत के लिए पूरा करना काफी चुनौतीपूर्ण होगा. भारत ने 1980 में मॉस्को ओलंपिक के बाद से इन खेलों में अब तक स्वर्ण नहीं जीता है. पेरिस ओलंपिक का काउंडटाउन शुरू हो चुका है और भारतीय टीम को पूरा भरोसा है कि वो शानदार प्रदर्शन करेगी.

भारत के पूल में शामिल हैं ऑस्ट्रेलिया और बेल्जियम जैसी टीमें

पेरिस 2024 ओलंपिक में, भारत को मौजूदा चैंपियन बेल्जियम, ऑस्ट्रेलिया, अर्जेंटीना, न्यूजीलैंड और आयरलैंड के साथ पूल बी में रखा गया है. क्वार्टर फाइनल में आगे बढ़ने के लिए, टीम को अपने पूल में शीर्ष चार में जगह पक्की करनी होगी.

टिर्की ने कहा, “भारतीय टीम पेरिस पहुंच चुकी है और 27 जुलाई को न्यूजीलैंड के खिलाफ अपना पहला मैच खेलेगी. ओलंपिक से पहले भारतीय टीम काफी अच्छा प्रदर्शन कर रही है. विश्व कप 2023 के बाद टीम ने एशियाई खेलों और एशियाई चैंपियनशिप में अच्छा प्रदर्शन किया है. कोच क्रेग फुल्टन टीम के साथ कड़ी मेहनत कर रहे हैं और हमें उम्मीद है कि हम सफल होंगे.”

-भारत एक्सप्रेस 

Prashant Rai

Recent Posts

सज्जाद जहीर की कहानी: रावलपिंडी षड्यंत्र, जेल से रिहाई और भारत वापसी

सज्जाद जहीर उर्दू साहित्य के प्रमुख लेखक, प्रगतिशील लेखक संघ के संस्थापक और कम्युनिस्ट विचारक…

18 minutes ago

गश्त के दौरान ASI को लगी गोली, दरभंगा में पुलिसकर्मी पर फायरिंग से मचा हड़कंप

Bihar News: दरभंगा के सकतपुर थाना क्षेत्र में गश्त के दौरान एएसआई रणधीर कुमार को…

1 hour ago

12 महीने में 119 बच्चों को घर पहुंचाया, दिल्ली पुलिस की महिला हेड कॉन्स्टेबल चंचल बनीं मिसाल

दिल्ली पुलिस की हेड कॉन्स्टेबल चंचल ने एक साल के भीतर 119 लापता बच्चों और…

3 hours ago