शनिवार को एक महत्वपूर्ण फैसले में अदालत ने पत्रकार रामचंद्र छत्रपति हत्याकांड में राम रहीम को बरी कर दिया है. मुख्य न्यायाधीश शील नागू और जस्टिस विक्रम अग्रवाल की बेंच ने सीबीआई की विशेष अदालत द्वारा साल 2019 में सुनाए गए उम्रकैद के फैसले को पूरी तरह पलट दिया.
पत्रकार रामचंद्र छत्रपति की हत्या का यह मामला करीब 22 साल पुराना है. साल 2019 में पंचकूला की विशेष सीबीआई अदालत ने राम रहीम और तीन अन्य को इस हत्या की साजिश रचने और उसे अंजाम देने का दोषी माना था. तब अदालत ने उन्हें उम्रकैद की सजा सुनाई थी. राम रहीम ने इस फैसले को हाईकोर्ट में चुनौती दी थी.
हाईकोर्ट में सुनवाई के दौरान सबसे बड़ा पेंच उन गोलियों और सबूतों को लेकर फंसा, जिनका इस्तेमाल इस वारदात में कथित तौर पर किया गया था. साक्ष्यों की दोबारा और बारीकी से जांच करने के बाद बेंच इस नतीजे पर पहुंची कि राम रहीम के खिलाफ आरोप संदेह से परे साबित नहीं हो सके. हालांकि, कोर्ट ने इसी मामले में दो अन्य सह-आरोपियों की अपील को खारिज कर दिया है, यानी उनके खिलाफ सजा बरकरार रहेगी.
भले ही हत्या के इस संगीन मामले में राम रहीम को राहत मिल गई हो, लेकिन उनके जेल की सलाखों से बाहर आने का रास्ता अभी बंद है. इसकी वजह यह है कि वे पहले से ही साध्वियों के यौन शोषण (बलात्कार) के मामले में सजा काट रहे हैं. कानूनन, एक मामले में बरी होने का मतलब यह नहीं है कि दूसरे मामलों की सजा खत्म हो गई हो. राम रहीम फिलहाल रोहतक की सुनारिया जेल में बंद हैं और अक्सर पैरोल या फरलो पर बाहर आने को लेकर चर्चा में रहते हैं.
रामचंद्र छत्रपति हत्याकांड न्याय की एक लंबी लड़ाई की मिसाल रहा है. साल 2002 में सिरसा के निडर पत्रकार रामचंद्र छत्रपति ने अपने अखबार ‘पूरा सच’ में डेरा सच्चा सौदा के भीतर हो रहे काले कारनामों और साध्वियों के शोषण की खबर छापी थी.
इसके कुछ ही समय बाद उन पर कातिलाना हमला हुआ और बाद में उनकी मृत्यु हो गई. उनके बेटे अंशुल छत्रपति ने इस लंबी कानूनी लड़ाई को अंजाम तक पहुंचाया. साल 2019 में जब फैसला आया था, तब इसे न्याय की बड़ी जीत माना गया था, लेकिन अब हाईकोर्ट के इस ताजा मोड़ ने मामले को एक नई दिशा दे दी है.
ये भी पढ़ें: दिल्ली हाई कोर्ट ने शेक्सपियर की ‘मर्सी’ का हवाला देते हुए हत्या के प्रयास के मामले को किया रद्द
-भारत एक्सप्रेस
Amit Shah Tribute: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने देश के पूर्व उपराष्ट्रपति और भाजपा…
Chandigarh News: चंडीगढ़ में आयोजित सात दिवसीय श्री भागवत कथा के समापन पर पंजाबी गायक…
WhatsApp SIM Binding Rule: केंद्र सरकार ने साइबर धोखाधड़ी और मोबाइल नंबरों के दुरुपयोग को…
Mumbai mayor bomb threat: मुंबई की मेयर रितु तावड़े को एक धमकी भरा ईमेल मिला…
Jabalpur News: छिंदवाड़ा से कटनी जा रहे टमाटर से लदे पिकअप वाहन को जबलपुर में…
म्यांमार ट्रेनिंग कैंप मामले में आरोपी अमेरिकी नागरिक मैथ्यू आरोन वकिंडाइक अमेरिका से लौटने के…