फाइल फोटो
दिल्ली जल बोर्ड (DJB) में कथित अनियमितताओं और सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) टेंडर घोटाले से जुड़े मामले में आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता और दिल्ली के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं. दिल्ली हाईकोर्ट ने सत्येंद्र जैन को निचली अदालत से मिली जमानत को रद्द करने की मांग वाली याचिका पर नोटिस जारी कर जवाब मांगा है.
यह याचिका भ्रष्टाचार निरोधक शाखा (ACB) की ओर से दायर की गई है, जिसमें जांच एजेंसी ने हाईकोर्ट से आग्रह किया है कि मामले की गंभीरता, तथ्यों और परिस्थितियों को देखते हुए जैन को दी गई जमानत तत्काल रद्द की जाए. हाईकोर्ट इस मामले में अब 22 दिसंबर को अगली सुनवाई करेगा.
निचली अदालत की शर्तें और ACB की दलीलें
इससे पहले निचली अदालत ने सत्येंद्र जैन को 2 लाख रुपए के निजी मुचलके पर जमानत दे दी थी. अदालत ने शर्त रखी थी कि वे बिना अनुमति देश छोड़कर नहीं जाएंगे और किसी भी गवाह को प्रभावित नहीं करेंगे. निचली अदालत ने अपने फैसले में यह भी रेखांकित किया था कि इस मामले में एफआईआर दर्ज होने और गिरफ्तारी के बीच 27 महीने का लंबा अंतराल है.
सुनवाई के दौरान एसीबी की ओर से पेश वकील ने जैन को आदतन अपराधी बताते हुए दलील दी थी कि जमानत पर फैसला करते समय इन तथ्यों पर गंभीरता से विचार किया जाना चाहिए. वहीं, रोहिणी एसटीपी की क्षमता को जैन के निर्देशों पर 15-25 एमजीडी (MGD) से बढ़ाकर 15-30 एमजीडी किए जाने के आरोप पर जैन के वकील ने कहा था कि आधिकारिक रिकॉर्ड इन आरोपों का समर्थन नहीं करते हैं.
क्या है 1,943 करोड़ का DJB टेंडर घोटाला?
अक्टूबर 2022 में दिल्ली जल बोर्ड ने 10 सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट्स (STP) को अपग्रेड करने के लिए चार बड़े टेंडर जारी किए थे, जिनकी कुल अनुमानित लागत करीब 1,943 करोड़ रुपए बताई गई थी. एसीबी ने साल 2024 में इस घोटाले को लेकर एफआईआर दर्ज की थी. आरोप है कि टेंडर की शर्तों में जानबूझकर बदलाव कर ‘ईईपीएल’ (EEPL) को अनुचित फायदा पहुंचाया गया, जिससे स्वस्थ प्रतिस्पर्धा खत्म हो गई और सरकारी खजाने को भारी नुकसान हुआ.
ये भी पढ़ें: महादेव बेटिंग ऐप मामला; वकील हिमांशु शेखर को सुप्रीम कोर्ट से फिलहाल राहत नहीं
जांच के दौरान बिचौलियों और अधिकारियों के बीच बातचीत के इलेक्ट्रॉनिक सबूत और ईमेल मिले हैं, जिनसे पता चला कि टेंडर के गोपनीय दस्तावेज कंपनियों को समय से पहले ही भेज दिए गए थे. इसके अलावा, दिल्ली जल बोर्ड के पूर्व सीईओ आईएएस अधिकारी उदित प्रकाश राय तक करीब 1.52 करोड़ रुपए की कथित रिश्वत पहुंचाए जाने की बात भी जांच में सामने आई है.
ED की चार्जशीट और अन्य गिरफ्तारियां
प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने भी दिसंबर 2025 में इसी मामले से जुड़े चार एसटीपी टेंडरों को लेकर अभियोजन शिकायत (चार्जशीट) दाखिल की थी. एसीबी ने 18 अगस्त को सत्येंद्र जैन को गिरफ्तार किया था. इस पूरे मामले में जैन के अलावा कुल 6 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जिनमें DJB के पूर्व सीईओ आईएएस अधिकारी उदित प्रकाश राय, तत्कालीन कॉन्ट्रैक्ट कंसल्टेंट अंकित श्रीवास्तव, एएन इंटरप्राइजेज के मालिक नागेंद्र यादव, यूरोटेक एनवायरनमेंट के मालिक राजा कुमार कुर्रा और श्रीजनहार के मालिक पंकज वर्मा शामिल हैं.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.





